ये पति तो जानवर निकला! पत्नी का सिर मुंडवाया, मुंह काला किया, पिलाया यूरिन; 15 साल पहले की थी लव मैरिज
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक महिला ने अपने पति पर हाथ-पैर बांधकर मारपीट करने, सिर मुंडवाने, मुंह काला करने और जबरन पेशाब पिलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का दावा है कि इस पूरी घटना के दौरान उनके चारों बच्चों को भी डराकर प्रताड़ना में शामिल किया गया, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से दिल दहला देने वाली एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक विवाहित महिला ने अपने ही पति पर बर्बरता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का आरोप है कि उसके पति ने न केवल उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसका सिर मुंडवाकर, चेहरे पर कालिख पोत दी और उसे पेशाब पीने तक के लिए मजबूर किया. इस पूरी खौफनाक वारदात के दौरान उनके मासूम बच्चे डर के साए में सब कुछ देखने को मजबूर थे. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें इस हैवानियत के कुछ अंश साफ दिखाई दे रहे हैं.
15 साल पहले हुई थी शादी
पीड़ित महिला तारा ने बताया कि करीब 15 साल पहले उसने जितेंद्र घासिया नाम के व्यक्ति के साथ लव मैरिज किया था. दोनों के चार बच्चें भी हैं. लेकिन शादी के बाद से ही उनके जीवन में घरेलू कलह शुरू हो गई. महिला का आरोप है कि उसका पति लगातार उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था. आर्थिक तंगहाली और रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर महिला अपने पति से अलग रहने लगी थी. वह अपने और अपने चारों बच्चों का पेट पालने के लिए दूसरे घरों में झाड़ू-पोछा और साफ-सफाई का काम करने लगी.
ठिकाना ढूढ़ते ही शुरू हुआ टॉर्चर
महिला के अनुसार, मुश्किल वक्त में उसके एक परिचित ने उसकी मदद की थी और वह उसी के घर पर रह रही थी. लेकिन 14 जून को उसके पति जितेंद्र ने किसी तरह उसका पता लगा लिया. महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया, 'मेरे पति ने मुझे घर से बाहर बुलाया और आते ही गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया. उसने मुझ पर चरित्रहीन होने और दूसरे पुरुषों के साथ संबंध रखने के झूठे आरोप लगाए. इसके बाद उसने रस्सी से मेरे हाथ-पैर बांध दिए और जानवरों की तरह पीटना शुरू कर दिया.'
मुंह काला किया और सिर मुंडवाया
महिला ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि उसके पति ने केंची से उसके बाल काट दिए और सिर मुंडवा दिया. इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर कालिख और गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाला काला इंजन ऑयल मल दिया. मारपीट के बाद उसे जबरन पेशाब पीने पर मजबूर किया गया और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उसे जिंदा जला दिया जाएगा.
मासूम बच्चों को भी जुल्म में शामिल किया
इस घटना का सबसे परेशान करने वाला पहलू यह है कि आरोपी पिता ने इस पूरी प्रताड़ना में अपने ही बच्चों को भी शामिल कर लिया. महिला का आरोप है कि उसके पति ने बच्चों को डरा-धमकाकर अपनी ही मां को बार-बार थप्पड़ मारने का आदेश दिया. हद तो तब हो गई जब आरोपी ने एक बच्चे को मजबूर किया कि वह अपनी मां को पेशाब पिलाए, और इसके बाद आरोपी ने खुद भी महिला के साथ यह घिनौनी हरकत की.
पत्नी का दावा- 'हमेशा शक करता था'
वायरल वीडियो में आरोपी पति चिल्लाते हुए अपनी पत्नी पर परिवार को छोड़कर किसी दूसरे मर्द के साथ भागने का आरोप लगा रहा है. उसका दावा है कि उसकी पत्नी पहले उसके साले और बाद में उसके भतीजे के साथ भाग गई थी, और फिर वापस लौट आई. दूसरी तरफ, महिला ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उसने पुलिस को बताया, 'मेरे पति को शुरू से ही मेरे चरित्र पर शक था. वह सालों से मेरे साथ इसी तरह मारपीट करता आ रहा है. वे लोग मुझसे दहेज की मांग भी करते थे. चार बच्चों को जन्म देने के बाद मैंने नसबंदी भी करवा ली थी ताकि परिवार को संभाला जा सके. मुझे सिर्फ और सिर्फ न्याय चाहिए और मैं चाहती हूं कि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले.'




