बिहार के रोहतास में किया किडनैप, औरंगाबाद जाकर किया गैंगरेप, 19 साल की लड़की के साथ हैवानियत मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
बिहार के रोहतास में 19 साल की युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने युवती को घर छोड़ने के बहाने अगवा कर औरंगाबाद के बारुण इलाके में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की.
Rohtas Gang Rape
बिहार के रोहतास जिले में 19 साल की युवती के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि ऑटो में सवार ड्राइवर और उसके दो साथियों ने युवती को घर छोड़ने के बहाने अगवा कर लिया और औरंगाबाद जिले में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया. घटना के बाद आरोपियों ने युवती को सुनसान जगह पर छोड़ दिया और भागने की कोशिश की
हालांकि, युवती के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ऑटो चालक को पकड़ लिया. इसके बाद उसकी जानकारी पर बाकी दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा भी घटना की सूचना मिलने के महज पांच घंटे के भीतर बरामद कर लिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
कहां गई थी लड़की?
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता दिवाली से पहले बंजारी में अपनी मौसी के घर गई थी. मंगलवार शाम को वह वहां से अपने घर तिलौथू लौट रही थी. इसी दौरान उसने एक ऑटो रिक्शा चालक से उसे तिलौथू तक छोड़ने के लिए कहा. ऑटो में पहले से ही दो अन्य युवक बैठे हुए थे. आरोप है कि घर पहुंचाने के बजाय चालक और उसके दोनों साथी युवती को लेकर औरंगाबाद जिले के बारुण इलाके में चले गए. वहां तीनों ने कथित तौर पर एक कमरे में युवती के साथ गैंगरेप किया.
वारदात के बाद ऑटो चालक युवती को वापस तिलौथू लेकर आया. आरोप है कि उसने युवती को एक सुनसान जगह पर छोड़ दिया और वहां से भागने लगा. इस दौरान युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया. उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से ऑटो चालक का पीछा किया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
किस-किस को किया गया गिरफ्तार?
मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलौथू पुलिस स्टेशन में अपहरण और गैंगरेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया. रोहतास के SP राज ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SHO शुभम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार ऑटो चालक की पहचान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के चंदर बिगहा गांव निवासी 41 वर्षीय जमुना राम के रूप में हुई है. वहीं, उसके दो साथियों की पहचान 32 वर्षीय अरविंद कुमार और 42 वर्षीय नन्हक राम के तौर पर की गई है.
कैसे पकड़े गए बाकी 2 आरोपी?
पुलिस पूछताछ के दौरान ऑटो चालक ने अपने दोनों साथियों और उनके गांव से जुड़ी जानकारी दी. इसके आधार पर पुलिस टीम ने औरंगाबाद में उनके ठिकानों पर छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है. घटना की सूचना मिलने के पांच घंटे के भीतर वाहन बरामद करने और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.




