7-7 आठ-आठ दिन तक भूखा रहा,पेट पर तौलिया बांध लेता था ताकि भूख न लगे, सुनिए विकराल और गबराल के गबरू एक्टर K.K. Goswami की अनसुनी कहानी
टीवी एक्टर केके गोस्वामी ने अपनी जिंदगी के ऐसे दर्दनाक किस्से साझा किए हैं, जिन्हें सुनकर कोई भी भावुक हो जाएगा. सिद्धार्थ कन्नन के शो में उन्होंने बताया कि मुंबई में संघर्ष के दौरान 7-8 दिन तक भूखे रहे. हालात इतने खराब थे कि एक वक्त उनके मन में आत्महत्या तक का ख्याल आया था.
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता केके गोस्वामी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. सिद्धार्थ कनन के शो पर उन्होंने बताया कि मुंबई में काम की तलाश के दौरान उन्हें कई बार भूखे पेट सोना पड़ा था. हालात इतने खराब थे कि वह 7-8 दिनों तक बिना खाना खाए सिर्फ पानी पीकर गुजारा करते थे. भूख मिटाने के लिए वह तौलिये को मोड़कर पेट पर बांध लेते थे और फिर पैंट पहनकर सो जाते थे, ताकि पेट बंधा रहे और भूख का एहसास कम हो.
केके ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया था जब उनके पास न रहने के लिए पैसे थे और न खाने के लिए. मुंबई में किसी ने उन्हें बीयर बार के बाहर नौकरी करने की सलाह दी थी. वह काम मांगने वहां पहुंचे, लेकिन गार्ड ने डंडे मारकर भगा दिया. उस समय उन्हें लगा था कि आखिर वह अपनी जिंदगी कैसे गुजारेंगे. हालांकि, गांव वापस लौटने पर लोगों के मजाक और बेइज्जती का डर उन्हें रोकता रहा. उन्होंने अपने माता-पिता को याद किया और खुद को संभाला.
केके ने कहा कि इंडस्ट्री में लोग उसी को पसंद करते हैं जो कैमरे पर अच्छा दिखता है और परफॉर्म करता है. दर्शकों का प्यार भी हमेशा एक जैसा नहीं रहता. फैंस किसी के हमेशा के लिए नहीं होते, उनका पसंद करने का तरीका और स्वाद बदलता रहता है.
मरने का क्यों आया था ख्याल?
अभिनेता ने अपनी जिंदगी के एक और बेहद दर्दनाक पहलू का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि एक वक्त ऐसा आया था जब पब्लिक के व्यवहार और लगातार मिलने वाली तकलीफों से परेशान होकर उनके मन में मरने का ख्याल आया था. उनका कहना है कि उन्होंने सोचा था कि जब कोई इंसान इस दुनिया में रहकर लगातार परेशानियां झेल रहा है और हर जगह उसके साथ अलग व्यवहार किया जाता है, तो उसे अपनी जिंदगी खत्म करने की अनुमति मिलनी चाहिए.
उन्होंने यहां तक कहा कि अगर ऐसा कानूनी होता तो शायद आज वह जिंदा नहीं होते. केके ने बताया कि पर्दे पर वह जितने खुश दिखाई देते हैं, असल जिंदगी में उनकी खुशी वैसी नहीं है. वह कई बार सिर्फ लोगों को दिखाने के लिए मुस्कुराते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने परिवार के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन उन्हें वैसी कद्र नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी.
केके गोस्वामी ने अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस दौरान भी उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. उनका कॉलेज घर से करीब 25-30 किलोमीटर दूर था. वहां अलग-अलग जगहों से बच्चे पढ़ने आते थे. जैसे ही प्रोफेसर क्लास से बाहर निकलते, छात्र उन्हें घेर लेते थे. कोई उन्हें कंधे पर उठा लेता तो कोई उनके साथ मजाक करने लगता था. इस वजह से वह ठीक से पढ़ाई भी नहीं कर पाते थे. वह प्रोफेसर के क्लास से निकलते ही उनके पीछे भागने लगते थे, ताकि दूसरे छात्र उन्हें परेशान न करें.
कॉलेज में क्यों रहते थे परेशान?
उन्होंने बताया कि कॉलेज की कैंटीन और लाइब्रेरी में बैठना भी उनके लिए मुश्किल हो जाता था. एक बार छात्रों से बचते-बचाते वह प्रिंसिपल के कमरे में पहुंच गए, लेकिन वहां भी सभी छात्र उनके पीछे आ गए. इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने नोटिस जारी किया कि अगर किसी ने उन्हें परेशान किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसे कॉलेज से निकाल भी दिया जाएगा. हालांकि, उनके बचपन के दोस्तों ने कभी उन्हें अलग महसूस नहीं होने दिया. बस और ट्रेन में भी उन्हें कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन दोस्तों का साथ हमेशा बना रहा.
केके गोस्वामी को इन शोज ने दिलाई पहचान
केके गोस्वामी ने टीवी की दुनिया में कई लोकप्रिय शोज में काम किया है. उनके पसंदीदा शोज में 'विकराल और गबराल', 'शक्तिमान', 'शाका लाका बूम बूम', 'जूनियर जी', 'कोई है', 'गुटर गू', 'भाभी जी घर पर हैं' और 'सीआईडी' शामिल हैं. टीवी के अलावा उन्होंने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया है.विकराल और गबराल में गबरू के राल में केके को दर्शकों ने खूब सराहा था.
सिद्धार्थ कन्नन के शो पर बातचीत के दौरान केके ने अपने करियर, निजी जिंदगी और संघर्ष के उन किस्सों को साझा किया, जिनके बारे में उनके फैंस शायद ही जानते होंगे.




