Begin typing your search...

वीएफएक्स शानदार, लेकिन इमोशनल सीन कमजोर! रामानंद सागर की 'रामायण' के लक्ष्मण ने बताया कैसी है रणबीर कपूर की 'Ramayana'

रणबीर कपूर की 'रामायण' को लेकर सुनील लहरी ने अपनी राय दी है. टीवी पर लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील को फिल्म के शानदार दृश्य और वीएफएक्स पसंद आए, लेकिन भावुक सीन और संवाद उन्हें कमजोर लगे. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में कौन-सी बातें अच्छी हैं और कहां कमी रह गई.

वीएफएक्स शानदार, लेकिन इमोशनल सीन कमजोर! रामानंद सागर की रामायण के लक्ष्मण ने बताया कैसी है रणबीर कपूर की Ramayana
X

सुनील लहरी ने बताई कैसी है रणबीर कपूर की रामायण

( Image Source:  instagram: @saipallavi_mh )

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' अपने भव्य दृश्यों और शानदार वीएफएक्स को लेकर चर्चा में है. फिल्म में कलाकारों के अभिनय की भी तारीफ हो रही है, लेकिन कुछ दर्शकों को इसके भावुक दृश्य और संवाद खास पसंद नहीं आए. अब टीवी की मशहूर 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने भी फिल्म देखने के बाद अपनी राय रखी है.

सुनील लहरी को फिल्म के दृश्य और तकनीक तो पसंद आए, लेकिन उन्हें लगा कि भावुक दृश्यों और संवादों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत थी. उन्होंने फिल्म के कुछ प्रसंगों पर भी सवाल उठाए. ऐसे में आइए जानते हैं कि उन्हें रणबीर कपूर की 'रामायण' में क्या अच्छा लगा और कौन-सी बातें पसंद नहीं आईं.

सुनील लहरी को कैसी लगी रणबीर की रामायण?

सुनील लहरी ने अपने वीडियो में कहा कि फिल्म बड़े बजट और बड़े स्तर पर बनाई गई है. इसके सीन बेहद खूबसूरत हैं और वीएफएक्स का काम भी बहुत शानदार है. उन्होंने फिल्म के सभी कलाकारों के किरदार की तारीफ करते हुए कहा कि हर कलाकार ने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है. फिल्म के कुछ सीन तो बेहद शानदार हैं और ऑडियंस को बांधकर रखते हैं.हालांकि, लहरी का मानना है कि फिल्म बनाते समय कुछ अहम बातों पर उतना ध्यान नहीं दिया गया, जितना दिया जाना चाहिए था. खासकर इमोशनल सीन और डायलाग में सुधार की गुंजाइश थी.

किस बात से नाराज हुए टीवी के लक्ष्मण?

सुनील लहरी को लगा कि फिल्म में कुछ जरूरी सीन कमजोर थे, जबकि कुछ अहम जरूरी सीन दिखाए ही नहीं गए. उन्होंने परशुराम वाले सीन को कमजोर बताया, जबकि अहिल्या का सीन फिल्म में नहीं होने पर भी सवाल उठाया. इसके अलावा, शूर्पणखा और सीता के भगवान राम को संबोधित करने के तरीके पर भी उन्होंने असहमति जताई.उनका कहना है कि रामायण जैसे महाकाव्य में डायलाग की भाषा और पात्रों के व्यवहार में गरिमा होनी चाहिए. कुछ सीन में उन्हें वह भाव नजर नहीं आया, जिसकी दर्शक इस तरह की फिल्म से उम्मीद करते हैं.

भक्ति से ज्यादा ताकत दिखाने पर दिया जोर?

लहरी ने अपनी पोस्ट में फिल्म को मिला-जुला अनुभव बताया. उनके अनुसार, फिल्म में भाव और तकनीक तो है, लेकिन भक्ति और दिव्यता का एहसास कम हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि रावण को काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है. यानी फिल्म देखने के बाद उनके मन में इसकी प्रस्तुति को लेकर कुछ सवाल रह गए.

कौन-कौन निभा रहा है अहम किरदार?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. फिल्म में सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण बने हैं. यह दो भागों में बनने वाली पौराणिक फिल्म है, जिसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं.

अगला लेख