Begin typing your search...

13 दिन बाद जेल से निकले रौशन आनंद, खान सर पर निकाली भड़ास, कौन है वो तीसरा शख्स, जिसे बताया भाई की मौत में साजिशकर्ता

पटना के चर्चित खान सर-ज्ञान बिंदु विवाद में नया मोड़ आ गया है. जमानत पर रिहा हुए रौशन आनंद ने भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए CBI जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है.

13 दिन बाद जेल से निकले रौशन आनंद, खान सर पर निकाली भड़ास, कौन है वो तीसरा शख्स, जिसे बताया भाई की मौत में साजिशकर्ता
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Updated on: 15 Jun 2026 5:46 PM IST

पटना के चर्चित खान सर-ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. बेउर जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने कई सनसनीखेज आरोप लगाकर पूरे मामले को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है. उन्होंने अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की मौत को संदिग्ध बताते हुए इसकी सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है.

रौशन आनंद का आरोप है कि उनके भाई की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है. उन्होंने सीधे तौर पर खान सर के नाम से चर्चित फैसल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज से जुड़े कारोबारी आरएस प्रसाद का नाम लेते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.

खान सर के कोचिंग सेटर पर 2 जून की रात को फायरिंग हुई थी जिसके बाद उन्होंने ज्ञान बिंदु के मालिक रौशन आनंद पर आरोप लगाया था जिसके बाद 3 जून को उनकी गिरफ्तारी हो गई थी और फिर 14 जून को उनके भाई प्रिंस की मौत की खबर सामने आई है जिसके बाद 15 जून यानी 13 दिन बाद उन्हें जमानत मिल गई है.

जेल से बाहर आते ही लगाए गंभीर आरोप

जमानत मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें एक साजिश के तहत जेल भेजा गया. उनका दावा है कि जिस गोलीबारी और हंगामे के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था, उसमें उनकी कोई भूमिका नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें निशाना बनाया गया. रौशन आनंद ने यह भी कहा कि जेल के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई. उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी.

भाई प्रिंस यादव की मौत पर उठाए सवाल

रौशन आनंद के आरोपों का सबसे गंभीर हिस्सा उनके भाई प्रिंस यादव की मौत से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि उनका भाई पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं. उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने सरकार से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए और प्रिंस यादव के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए. उनका मानना है कि निष्पक्ष जांच से कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.

कोल्ड स्टोरेज कारोबार के मालिक आरएस प्रसाद कौन?

रौशन आनंद द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद का नाम भी चर्चा में आ गया है. आरएस प्रसाद बिहार के कारोबारी माने जाते हैं और उनका नाम कोल्ड स्टोरेज कारोबार के अलावा कुछ अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाता रहा है. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद भी उनका नाम सुर्खियों में आया था. हालांकि उस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी. अब रौशन आनंद के आरोपों के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में है. इसके अलावा वे एक गर्ल्स हॉस्टल के संचालन से भी जुड़े होने की चर्चा में रहे हैं. वहीं बीते कुछ दिन पहले आरएस प्रसाद एक ऑडियों की वजह से काफी सुर्खियों में रहे थे.

क्या है खान सर और ज्ञान बिंदु का विवाद?

पूरा मामला 2 जून को पटना में हुए विवाद से जुड़ा है. खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच तनाव बढ़ने के बाद हंगामा, तोड़फोड़ और फायरिंग जैसे आरोप सामने आए थे. घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया. करीब 12 दिन जेल में बिताने के बाद उन्हें अदालत से जमानत मिली. इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से लगातार एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाते रहे हैं.

कोर्ट ने क्या कहा?

जमानत देते समय अदालत ने दोनों पक्षों को संयम बरतने की सलाह दी. कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों शिक्षक हैं और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, न कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना चाहिए. रौशन आनंद के वकील ने भी दावा किया कि अदालत ने उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों को देखने के बाद उनके मुवक्किल को राहत दी है.

राजनीतिक संरक्षण का भी लगाया आरोप

रौशन आनंद ने दावा किया कि इस पूरे मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण शामिल हो सकता है. हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर कई तथ्य सामने आएंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ सख्त रवैया अपनाया, जबकि जिन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.

अब आगे क्या?

फिलहाल रौशन आनंद ने कहा है कि वह पहले अपने भाई का अंतिम संस्कार करेंगे और उसके बाद पूरे मामले को लेकर विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. वहीं, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

अगला लेख