तो क्या खान सर के कोचिंग सेंटर पर लगे वाला है ताला, 5 पॉइंट्स में समझें किसने और क्यों दी चेतावनी?
खान सर इन दिनों लगातार विवादों और कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. हाल ही में उनकी कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर जांच चल रही है, वहीं अब उनके संस्थान पर फायर सेफ्टी नियमों के पालन में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं.
Khan Sir Coaching Fire Safety
बिहार के मशहूर टीचर और खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर इन दिनों लगातार विवादों और कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. हाल ही में उनकी कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर जांच चल रही है, वहीं अब उनके संस्थान पर फायर सेफ्टी नियमों के पालन में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं.
बिहार अग्निशमन सेवा की ओर से KGS कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कई कमियां पाए जाने की बात कही गई है. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि निर्धारित समय में इन खामियों को दूर नहीं किया गया तो संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें कोचिंग सेंटर को सील करना भी शामिल है.
5 पॉइंट्स में समझें पूरा मामला
1. खान ग्लोबल स्टडीज के एक कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण अनुपालन नहीं पाया गया. बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान को आवश्यक सुधार करने के निर्देश जारी किए गए हैं.
2. निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो जिला अग्निशमन अधिकारी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें संस्थान को सील करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
3. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि KGS कोचिंग सेंटर का फायर सेफ्टी निरीक्षण किस विशेष कारण से किया गया. हालांकि हाल ही में बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिक सतर्क हो गया है.
4. खान ग्लोबल स्टडीज के पटना में दो प्रमुख कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं. इनमें एक बोरिंग रोड और दूसरा मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित है.
5. हाल ही में मुसल्लहपुर हाट स्थित सेंटर विवादों के केंद्र में रहा, जहां फायरिंग और हंगामे की घटना सामने आई थी.
क्यों बढ़ी खान सर की परेशानी?
2 जून को खान सर की कोचिंग के बाहर हंगामा, पथराव और गोलीबारी की घटना सामने आई थी. शुरुआती दावों में कहा गया कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ लोगों ने हमला किया और फायरिंग की. हालांकि बाद में सामने आए वीडियो फुटेज ने मामले को नया मोड़ दे दिया. पुलिस के अनुसार वीडियो में खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्ड हथियारों से फायरिंग करते दिखाई दिए.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए. पूछताछ के दौरान गार्डों ने दावा किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर गोली चलाई थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एफआईआर में खान सर और दोनों गार्डों के नाम शामिल किए. गार्डों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है और खान सर की भूमिका को लेकर भी पुलिस पड़ताल कर रही है.




