VIDEO: 'ठुकरा के मेरा प्यार, मेरा इंतकाम देखेगी', जयमाला के दौरान सिरफिरे आशिक ने दुल्हन की गोली मारकर कर दी हत्या
शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं. जयमाला की रस्म के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को एक युवक ने गोली मार दी. जिसका वीडियो सोशल पर वायरल हो रहा है.
Buxar Wedding Bride Shot Dead
बिहार के बक्सर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं. जयमाला की रस्म के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को एक युवक ने गोली मार दी. घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जब चारों ओर जश्न का माहौल था और अचानक गोलियों की आवाज से अफरातफरी मच गई.
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बलिया से बारात आई थी. दूल्हा-दुल्हन मंच पर खड़े थे, रिश्तेदार आसपास मौजूद थे और संगीत की धुन पर समारोह चल रहा था. तभी एक युवक ने पिस्तौल निकालकर दुल्हन आरती को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल दुल्हन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
गोली लगने के बाद क्या बोली दुल्हन?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जब दूल्हा-दुल्हन को तिलक लगाकर आरती उतारी जा रही थी, तभी मंच के पास खड़े एक युवक ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली दुल्हन के पेट में लगी. घायल अवस्था में आरती ने कहा "हमको दीनबंधु ने गोली मारी है." इसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शादी में कैसे पहुंचा आरोपी?
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावर ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, ताकि उसकी पहचान न हो सके. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. शादी समारोह में मौजूद सैकड़ों लोगों के बीच हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
क्या प्रेम प्रसंग का था मामला?
पुलिस के मुताबिक, जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. बताया जा रहा है कि आरती की शादी किसी अन्य युवक से तय हो गई थी, जिसे आरोपी बर्दाश्त नहीं कर सका. आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में की गई है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.




