Begin typing your search...

बिहार की राजनीति में क्यों तेज हो रही ‘जनरेशनल शिफ्ट’ की चर्चा? पुराने दिग्गजों की जगह ले रही नई पीढ़ी

बिहार की राजनीति में जनरेशनल शिफ्ट की चर्चा क्यों तेज है? जानिए पुराने दिग्गज नेताओं की जगह कौन सी नई पीढ़ी उभर रही है और क्यों बदल रहा है राजनीतिक समीकरण.

Bihar politics generational shift young leaders
X

बिहार की राजनीति लंबे समय तक कुछ गिने-चुने दिग्गज नेताओं के इर्द-गिर्द घूमती रही. 1990 के दशक से लेकर अब तक राज्य की सत्ता और राजनीतिक विमर्श मुख्य रूप से वरिष्ठ नेताओं के हाथ में रहा. लेकिन अब बदलते सामाजिक समीकरण, युवा मतदाताओं की बढ़ती संख्या और नई राजनीतिक शैली के कारण राज्य की राजनीति में “जनरेशनल शिफ्ट” यानी नई पीढ़ी के नेतृत्व की चर्चा तेजी से होने लगी है. यही वजह है कि सीएम नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन भरने की घटना ने बिहार में जनरेशनल शिफ्ट की चर्चा को चरम पर पहुंचा दिया है.

जनरेशनल शिफ्ट की मांग नई क्यों नहीं?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की राजनीति अब ऐसे दौर में पहुंच रही है जहां पुराने नेताओं के बाद नई पीढ़ी को नेतृत्व संभालना पड़ सकता है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान के मुताबिक बिहार में लंबे समय से युवा जनरेशनल शिफ्ट की मांग कर रहे थे. ऐसा होना ही था. यह वक्त की मांग है. प्रदेश की राजनीति में नई पीढ़ी के युवा की जरूरतों को नए नेता ही बेहतर तरीके से समझ सकते हैं. लंबे समय से ऐसा न होने होने से प्रदेश के युवाओं और नेताओं के बीच कम्युनिकेशनल गैप रहा है. अब देखना होगा कि नया नेता कौन उभरकर सामने आता है.

बिहार की राजनीति में जनरेशनल शिफ्ट की चर्चा क्यों तेज हुई?

पिछले करीब तीन दशकों तक बिहार की राजनीति कुछ प्रमुख चेहरों के इर्द-गिर्द केंद्रित रही. इस दौर में सत्ता के समीकरण, चुनावी रणनीति और राजनीतिक विमर्श अक्सर इन्हीं नेताओं के आधार पर तय होते रहे.

लेकिन अब राज्य की जनसंख्या संरचना बदल रही है. बड़ी संख्या में युवा मतदाता राजनीति में रोजगार, शिक्षा, उद्योग और विकास जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं. इसके साथ ही सोशल मीडिया और डिजिटल राजनीति के बढ़ते प्रभाव ने भी नए नेताओं को तेजी से उभरने का अवसर दिया है.

बिहार की पुरानी पीढ़ी के कौन-कौन से नेता अब आखिरी दौर में माने जा रहे हैं?

बिहार की राजनीति में कई ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने लंबे समय तक राज्य की दिशा तय की. इनमें नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, सुशील कुमार मोदी और राम विलास पासवान का नाम शामिल हैं. इनमें से रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी अब इस दुनिया में नहीं है. ये सभी नेता जेपी आंदोलन के उभरे थे और राजनीति में छा गए.

इन नेताओं ने अलग-अलग दौर में बिहार की राजनीति को प्रभावित किया. खासतौर पर लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के दौर को राज्य की राजनीति का निर्णायक काल माना जाता है. हालांकि अब उम्र, स्वास्थ्य और बदलते राजनीतिक परिदृश्य के कारण इन नेताओं की सक्रियता पहले जैसी नहीं रही.

नई पीढ़ी के कौन-कौन नेता बिहार की राजनीति में उभर रहे हैं?

राज्य की राजनीति में अब कई युवा चेहरे तेजी से प्रभाव बढ़ा रहे हैं. इनमें शामिल प्रमुख नेताओं में तेजस्वी यादव, चिराग पासवान, सम्राट चौधरी और निशांत कुमार का नाम आगे है. इन नेताओं की राजनीति की शैली पहले की तुलना में अलग दिखाई देती है. वे सोशल मीडिया, डिजिटल कैंपेन और युवाओं से सीधे संवाद पर ज्यादा जोर दे रहे हैं.

नई पीढ़ी की राजनीति पुरानी राजनीति से कैसे अलग है?

  • बिहार की नई पीढ़ी की राजनीति में कुछ स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहे हैं.
  • पहला बड़ा बदलाव यह है कि नई पीढ़ी के नेता सिर्फ पारंपरिक जातीय समीकरणों पर निर्भर रहने के बजाय रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप और विकास जैसे मुद्दों पर ज्यादा बात कर रहे हैं.
  • दूसरा बदलाव राजनीतिक संचार में दिखाई देता है. सोशल मीडिया, डिजिटल अभियान और तेज प्रचार रणनीति के जरिए युवा नेता अपनी बात तेजी से जनता तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.

बिहार की राजनीति में जनरेशनल शिफ्ट की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है?

विशेषज्ञों के अनुसार बिहार की राजनीति में जनरेशनल बदलाव कई कारणों से जरूरी माना जा रहा है.

1. युवा मतदाताओं का दबाव : राज्य में बड़ी संख्या में युवा मतदाता हैं जो नए मुद्दों और नई राजनीति की मांग कर रहे हैं.

2. विकास और रोजगार का सवाल : बिहार में रोजगार, उद्योग और शिक्षा जैसे मुद्दे लगातार प्रमुख बनते जा रहे हैं. नई पीढ़ी के नेता इन विषयों पर अधिक जोर दे रहे हैं.

3. राजनीतिक नेतृत्व का स्वाभाविक बदलाव : हर लोकतंत्र में समय के साथ नेतृत्व बदलता है. बिहार में भी यही प्रक्रिया अब दिखाई देने लगी है.

क्या आने वाले चुनावों में दिखेगा बड़ा राजनीतिक बदलाव?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बिहार की राजनीति में यह बदलाव और स्पष्ट दिखाई दे सकता है. हालांकि, नई पीढ़ी के नेताओं के सामने चुनौती भी कम नहीं है. उन्हें सिर्फ राजनीतिक विरासत के भरोसे नहीं, बल्कि प्रशासनिक क्षमता, मजबूत संगठन और स्पष्ट विजन के जरिए खुद को साबित करना होगा. अगर यह बदलाव मजबूत तरीके से होता है तो आने वाले दशक में बिहार की राजनीति का नेतृत्व पूरी तरह नई पीढ़ी के हाथों में जा सकता है.

बिहार
अगला लेख