Begin typing your search...

13 साल पहले होटल की 15वीं मंजिल से क्यों लटकाए गए थे चहल, RCB की पार्टी में कौन था नशे में धुत ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर?

युजवेंद्र चहल को आईपीएल 2013 के दौरान आरसीबी की पार्टी में एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने 15वीं मंजिल से नीचे लटकाया था. जिसका खुलासा अब खुद चहल ने किया है.

yuzvendra chahal
X

yuzvendra chahal

( Image Source:  X/ @arshdeep3444 )

टीम इंडिया के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर चल रहे हैं, हालांकि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में चहल जरूर खेलते हुए दिखाई देते हैं. इसके अलावा चहल कमेंट्री करते हुए दिखते हैं. वहीं चहल ने कमेंटेटर आकाश चोपड़ा के साथ पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए आईपीएल 2013 के दौरान उनके साथ हुई एक भयानक घटना को याद किया. चहल ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2013 में मुंबई इंडियंस टीम के साथ की थी और तभी एक पार्टी के दौरान उनको नशे में धुत एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने 15वीं मंजिल से नीचे लटका दिया था.

इस घटना को लेकर 2022 में भी चहल ने जानकारी दी थी. उस समय कई रिपोर्टों में दिवंगत ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स का नाम सामने आया था. हालांकि, अब चहल ने साफ किया कि इस घटना में साइमंड्स या जेम्स फ्रैंकलिन शामिल नहीं थे. उन्होंने बताया कि ऐसा करने वाला कोई दूसरा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर था, लेकिन उन्होंने उसका नाम नहीं बताया है.

घटना को लेकर क्या बोले चहल?

आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान चहल ने 2013 की उस घटना को याद किया. उन्होंने बताया कि "बेंगलुरु में आरसीबी द्वारा एक पार्टी आयोजित की गई थी. उस समय मैं मुंबई के लिए खेल रहा था. मैं भी वहां गया और मैंने एक ऐसे व्यक्ति को देखा जो बहुत नशे में था. वह हट्टा-कट्टा और बहुत ताकतवर था. वह ऑस्ट्रेलिया का रहने वाला था, लेकिन वह न तो साइमंड्स था और न ही फ्रैंकलिन, बल्कि कोई और ही था. उसने मुझे अपने पास बुलाया और फिर मुझे हवा में उठा लिया. पहले तो मुझे लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन फिर उसने मुझे बालकनी से लटका दिया और मैं बस उसकी गर्दन पकड़े रहा."

चहल ने आगे कहा "मैं बुरी तरह डर गया था. वह बहुत नशे में था और कमरे में मौजूद हर कोई हैरान था. अचानक, सबने बीचबचाव किया और मुझे वापस ऊपर खींच लिया. वह आदमी हंस रहा था, लेकिन मेरे लिए यह एक दूसरे जन्म जैसा था. मुझे लगता है कि यह होटल की 15वीं या 16वीं मंजिल पर हुआ था."

आईपीएल में कैसा रहा है चहल का प्रदर्शन?

युजवेंद्र चहल ने आईपीएल में अपनी पहचान एक बेहतरीन लेग स्पिनर के रूप में बनाई है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2013 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी. इसके बाद वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़े और टीम के लिए कई सीजन खेले. चहल ने आईपीएल में 188 मैचों में 233 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है. वह टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं. फिलहाल चहल पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं और 2 सीजन से उनके लिए ही क्रिकेट खेल रहे हैं.

अगला लेख