Begin typing your search...

चेहरा सिकुड़ जाता-बोल नहीं पाता-होंठ टेढ़े हो जाते... Dhanashree से अलग होने के बाद Yuzi Chahal को ऐसी होती Anxiety, वीडियो

युजवेंद्र चहल ने धनश्री वर्मा से तलाक के बाद अपनी जिंदगी में आए मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव के कारण उन्हें स्ट्रेस और पैनिक अटैक आने लगे थे. हालत ऐसी थी कि उनका चेहरा सिकुड़ जाता था, होंठ एक तरफ खिंच जाते थे और बोलना मुश्किल हो जाता था.

चेहरा सिकुड़ जाता-बोल नहीं पाता-होंठ टेढ़े हो जाते... Dhanashree से अलग होने के बाद Yuzi Chahal को ऐसी होती Anxiety, वीडियो
X
( Image Source:  Instagram : Yuzvendra Chahal )

इंडियन क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अपनी पर्सनल लाइफ के मुश्किल दौर को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. धनश्री वर्मा से तलाक के बाद उनकी मेंटल हेल्थ पर गहरा असर पड़ा. हालात ऐसे हो गए थे कि उन्हें एंग्जायटी और पैनिक अटैक आने लगे. एक पॉडकास्ट में चहल ने बताया कि पैनिक अटैक के दौरान उनका चेहरा सिकुड़ जाता था, होंठ एक तरफ खिंच जाते थे और उनके लिए बोलना भी मुश्किल हो जाता था. उन्होंने शराब की लत से जूझने और इससे बाहर निकलने के लिए रिहैब सेंटर में बिताए 26 दिनों के बारे में भी खुलकर बात की.

आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट पर अपनी जिंदगी के कठिन समय के बारे में बताया. बातचीत के दौरान चहल ने स्वीकार किया कि निजी जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव का असर उनकी मानसिक सेहत और क्रिकेट दोनों पर पड़ा था. उन्हें स्ट्रेस और एंजाइटी के अटैक पड़ने लगे थे.

पैनिक अटैक के दौरान उनका चेहरा सिकुड़ जाता था. उनके होंठ कस जाते थे और एक तरफ खिंच जाते थे. इस वजह से उनके लिए बोलना भी मुश्किल हो जाता था. उनकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों को भी अंदाजा हो जाता था कि कुछ ठीक नहीं है.इस एक्सपीरियंस से उन्हें एहसास हुआ कि चिंता और मानसिक दबाव किसी इंसान को किस हद तक इफेक्ट कर सकते हैं. उनके लिए यह सिर्फ निजी जिंदगी की परेशानी नहीं थी, बल्कि इसका असर उनके खेल पर भी पड़ने लगा था.

शराब की लत से परेशान होकर रिहैब सेंटर पहुंचे चहल

चहल ने शराब की लत से जूझने के बारे में भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि शुरुआत में कम उम्र में पार्टियों के दौरान शराब पीना शुरू किया था. साल 2011 में उन्होंने अपना पहला आईपीएल खेला था. उस समय उन्हें जीवन में बैलेंस बनाए रखने की अहमियत का अंदाजा नहीं था. उन्होंने बताया कि तलाक के बाद हालात और बिगड़ गए. उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उन्हें महसूस होने लगा कि अगर वह इसी रास्ते पर चलते रहे, तो उस चीज को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे उन्हें सबसे ज्यादा प्यार है. वह चीज क्रिकेट थी.

उन्होंने बताया कि पिछले साल काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद उनकी स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें रिहैब सेंटर में भर्ती होना पड़ा. वहां उन्होंने 26 दिन बिताए. चहल के मुताबिक, इस फैसले ने उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया. इससे उन्हें अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से संभालने और खुद को समझने में मदद मिली.अब वह पहले से ज्यादा परिपक्व महसूस करते हैं और उनके इमोशंस भी बैलेंस्ड हैं. चहल ने यह भी बताया कि पिछले आईपीएल में उन्होंने खुद को पहले की तरह फिट रखने पर ध्यान दिया. वह जिम में एक्सरसाइज करने, फील्डिंग की प्रक्टिस करने और नियमित ट्रेनिंग पर जोर देने लगे थे.

निजी जिंदगी पर हुए कमेंट्स का क्रिकेट पर पड़ा असर

चहल ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर हुई चर्चाओं और क्रटिक्स के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि जब कोई पब्लिक फिगर होता है, तो उसकी जिंदगी में होने वाली घटनाओं पर लोग अपनी राय देने लगते हैं. इस तरह के कमेंट्स से उन्हें दुख पहुंचा और उनके लिए उस दौर से गुजरना आसान नहीं था.

उन्होंने बताया कि मेंटल हेल्थ ठीक नहीं होने के कारण उनके क्रिकेट पर भी असर पड़ा. उस साल उन्होंने केवल दो व्हाइट-बॉल मैच खेले. इसके बाद उन्होंने टी20 क्रिकेट से दूरी बनाए रखी, क्योंकि वह खुद को पूरी तरह फिट महसूस नहीं कर रहे थे. वह नहीं चाहते थे कि उनकी स्थिति की वजह से टीम के प्रदर्शन पर कोई नकारात्मक असर पड़े.चहल ने बताया कि उन्होंने बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी से बात की थी और ब्रेक लेने का अनुरोध किया था. इस दौरान उन्हें सहयोग भी मिला. बाद में उन्होंने महसूस किया कि वह अपनी निजी जिंदगी की परेशानियों का बोझ हमेशा नहीं ढो सकते. इसके बाद उन्होंने आगे बढ़ने और क्रिकेट पर ध्यान लगाने का फैसला किया.

उन्होंने पंजाब किंग्स के साथ अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जब फ्रेंचाइजी ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा, तो वह टीम के भरोसे पर खरा उतरना चाहते थे. आईपीएल 2025 में उन्होंने 16 विकेट लिए, जबकि 2026 में उनके नाम 12 विकेट रहे.

आईपीएल में 188 मैचों में 233 विकेट के साथ चहल इस टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज हैं. चहल की इस बातचीत से साफ है कि मैदान पर हंसते-मुस्कुराते और विरोधी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाते नजर आने वाले खिलाड़ी को निजी जिंदगी में भी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. हालांकि, उन्होंने इन चुनौतियों से बाहर निकलकर खुद को संभालने और अपने खेल पर दोबारा ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की.

धनश्री वर्मा से 2020 में शादी, 2025 में तलाक

भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और मशहूर कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा की शादी और तलाक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा. इस कपल की लव स्टोरी लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई थी, जब चहल ने धनश्री से ऑनलाइन डांस क्लास लेना शुरू किया था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2020 में उन्होंने गुरुग्राम में एक निजी समारोह में शादी कर ली.

हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्तों में दरार की खबरें आने लगीं. आपसी मतभेदों के कारण दोनों जून 2022 से अलग रहने लगे थे. लगभग 18 महीने तक अलग रहने के बाद, उन्होंने आपसी सहमति से तलाक के लिए अदालत का रुख किया. 20 मार्च 2025 को मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट ने आधिकारिक तौर पर उनके तलाक को मंजूरी दे दी.

अगला लेख