कौन हैं भारतीय पैरा स्विमर मोहम्मद शम्स आलम शेख, जापान में महिला के साथ यौन उत्पीड़न के चलते भेजे गए भारत वापस; क्या अब लगेगा बैन?
जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पैरा स्विमर मोहम्मद शम्स आलम शेख पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है. जिसके बाद उनको जापान से भारत भेजा दिया गया है.
Shams Aalam
भारतीय के पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख अब विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं. अक्टूबर 2026 में जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने पहुंचे शेख पर एक महिला होटल कर्मचारी के साथ कथित यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का आरोप लगा है. शिकायत के बाद जापानी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया.
इसके बाद भारतीय दल और स्थानीय आयोजन समिति के हस्तक्षेप से उन्हें जापान से भारत वापस भेज दिया गया. इस विवाद का असर शेख के खेल करियर पर भी पड़ सकता है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) उनके खिलाफ आजीवन बैन लगाने के विकल्प पर विचार कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक एशियन पैरा गेम्स 2026 के दौरान एक महिला होटल कर्मचारी ने मोहम्मद शम्स आलम शेख के खिलाफ कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद जापानी पुलिस 40 वर्षीय खिलाड़ी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मामले में गिरफ्तारी और उसे अदालत के सामने पेश करने की मांग की थी.
इसके बाद स्थानीय आयोजन समिति ने हस्तक्षेप किया. भारतीय दल की ओर से महिला कर्मचारी को लिखित माफी देने और खिलाड़ी को जापान से वापस भेजने की व्यवस्था करने को कहा गया. अधिकारी के अनुसार, शेख को रात बिताने के लिए दूसरे होटल में भेजा गया. इसके बाद मंगलवार को उन्हें नागोया से भारत रवाना कर दिया गया.
कौन हैं शम्स आलम शेख?
मोहम्मद शम्स आलम शेख का जन्म 17 जुलाई 1986 को बिहार के मधुबनी जिले के रांटी गांव में हुआ था. उन्होंने मुंबई से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी. उनके जीवन में साल 2010 में एक बड़ा मोड़ आया. जानकारी के मुताबिक, रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर के ऑपरेशन के दौरान हुई गलती के बाद उनके शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया. इस मुश्किल परिस्थिति के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पैरा तैराकी को अपना करियर बनाया. खेल के साथ-साथ शेख मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में भी सक्रिय रहे.
कब-कब जीते पदक?
शेख ने साल 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीते थे. वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड्स से जुड़ी जानकारी के अनुसार, शेख 100 मीटर बटरफ्लाई की S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक की SB4 श्रेणियों में दुनिया के नंबर-1 तैराक रह चुके हैं.
शेख ने 2025 में आइसलैंड की राजधानी रेक्याविक में आयोजित रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में भी हिस्सा लिया था. उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में गोल्ड मेडल जीता और नया भारतीय तथा एशियाई रिकॉर्ड बनाया. नवंबर 2024 में शेख ने खुले पानी में लंबी दूरी तक तैराकी करने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था.




