Begin typing your search...

अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन करेंगे ओपनिंग, ईशान किशन नंबर- 3 पर खेलेंगे! जिम्बाब्वे के खिलाफ क्या होगी भारत की प्लेइंग 11?

टीम इंडिया सुपर-8 स्टेज में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद दबाव में आ गई है. उसके लिए अब हर मैच जीतना जरूरी हो गया है. इसलिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव और संजू सैमसन की एंट्री पर चर्चा तेज हो गई है.

sanju samson and abhishek sharma practice session photo
X
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा
( Image Source:  BCCI )

T20 World Cup 2026 India vs Zimbabwe Super 8 Match Preview: क्या संजू सैमसन जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में खेलेंगे... यह सवाल आज हर भारतीय फैन के मन में उठ रहा है. जब से साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रन से करारी शिकस्त दी है, भारत के प्लेइंग 11 को लेकर सवाल उठने लगे हैं. टीम मैनेजमेंट के लिए सलामी जोड़ी बड़ा सिरदर्द बन गई है. अभिषेक शर्मा तीन मैच में खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि चौथे मैच में वे महज 15 रन ही बना सके. ईशान किशन तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं.

टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम मुश्किल हालात में पहुंच गई है. अब बाकी बचे मैच भारत के लिए करो-या-मरो जैसे हो गए हैं. सेमीफाइनल की उम्मीद काफी हद तक दक्षिण अफ्रीका के नतीजों पर भी निर्भर करेगी.

क्या संजू सैमसन को मौका मिलेगा?

  • अहमदाबाद में मिली हार को पिछले दो साल की सबसे खराब हार बताया जा रहा है, जिसने टीम की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर लगातार ज्यादा लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज खिलाने की रणनीति अब टीम पर भारी पड़ती दिख रही है. इसी वजह से टीम मैनेजमेंट अब प्लेइंग इलेवन में बदलाव पर गंभीरता से विचार कर रहा है.
  • दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका देने की चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि उनके आने से बल्लेबाजी में लेफ्ट-राइट संतुलन बनेगा और विरोधी टीम की ऑफ-स्पिन रणनीति टूट सकती है. अभ्यास सत्र में सैमसन ने लंबा नेट सेशन किया और विकेटकीपिंग की ड्रिल भी की, जिससे उनके खेलने के संकेत मिल रहे हैं. उन्होंने तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों का भी सामना किया. इस दौरान वे काफी आत्मविश्वास में दिखे.
  • कोचिंग स्टाफ ने भी माना है कि टीम संयोजन पर चर्चा हो रही है, लेकिन अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा. अगर सैमसन टीम में आते हैं तो मिडिल ऑर्डर में बदलाव तय है.
  • कुछ खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ सकता है, जबकि ऑलराउंडर अक्षर पटेल की वापसी भी संभव मानी जा रही है. वहीं तिलक वर्मा को लेकर टीम मैनेजमेंट ने भरोसा जताया है, भले ही उनका प्रदर्शन अब तक साधारण रहा हो.
  • रिंकू सिंह की जगह पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है. वह निजी कारणों से अभ्यास सत्र से भी दूर रहे. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अंतिम दो मैचों के लिए नए संयोजन पर दांव लगा सकता है.

भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?

कुल मिलाकर भारत के सामने सिर्फ मैच जीतना ही नहीं, बल्कि सही प्लेइंग इलेवन ढूंढ़ना भी बड़ी चुनौती बन गया है, ताकि टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रह सके. अगर वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को 26 फरवरी को खेले गए मैच में हरा दिया तो भारत के लिए आगे की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी.

भारत की संभावित प्लेइंग 11

संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.

क्रिकेट न्‍यूजटी-20 वर्ल्‍ड कप
अगला लेख