Begin typing your search...

काश बम फट जाए और हम घर चले जाएं! जब श्रीलंकाई खिलाड़ी का मजाक बना हकीकत, संगकारा ने 2009 लाहौर हमले पर अब क्या-क्या बताया?

श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा ने बताया कि 2009 लाहौर आतंकी हमले से पहले साथी खिलाड़ी ने उनसे मजाक में कहा 'काश बम फट जाए और हम घर लौट जाएं.' इस मजाक के कुछ ही देर बाद उनकी टीम बस पर हमला हो गया.

Kumar Sangakkara Recalls 2009 Lahore Terror Attack
X

कुमार संगकारा ने 2009 लाहौर आतंकी हमले को किया याद

( Image Source:  x.com/CricketCentrl )

Kumar Sangakkara Recalls 2009 Lahore Terror Attack: साल 2009 में पाकिस्तान के लाहौर में श्रीलंका की टीम पर हुआ आतंकी हमला क्रिकेट इतिहास की सबसे खौफनाक घटनाओं में गिना जाता है. इस हमले ने न सिर्फ खिलाड़ियों को झकझोर दिया, बल्कि पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी वर्षों तक ठप कर दिया. अब इस घटना को लेकर पूर्व श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि हमले से ठीक पहले एक तेज गेंदबाज साथी ने मजाक में कहा था, "काश बम फट जाए और हम घर चले जाएं"... और कुछ ही मिनट बाद टीम पर हमला हो गया.

3 मार्च 2009 को श्रीलंका टीम गद्दाफी स्टेडियम में टेस्ट मैच खेलने जा रही थी. इसी दौरान लिबर्टी राउंडअबाउट के पास आतंकियों ने टीम की बस पर हमला कर दिया. इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए. वहीं, कई श्रीलंकाई खिलाड़ी घायल हो गए.

श्रीलंका के कौन-कौन खिलाड़ी हुए घायल?

  • कुमार संगकारा
  • अजंथा मेंडिस
  • थिलन समरवीरा
  • थरंगा परनाविताना
  • सुरंगा लकमल
  • थिलिना थुषारा

संगकारा ने आतंकी हमले को याद कर क्या कहा?

संगकारा ने एक पॉडकास्ट में बताया, "हम होटल से स्टेडियम जा रहे थे. सामने बैठे एक तेज गेंदबाज ने कहा-फ्लैट विकेट पर पीठ टूट जाएगी, काश बम फट जाए और हम घर चले जाएं... और एक मिनट बाद ही हमला हो गया." उन्होंने बताया कि हमले में उन्हें चोट लगी और आज भी उनके शरीर में छर्रे मौजूद हैं.

घटना ने बदल दी संगकारा की सोच

संगकारा ने बताया कि इस घटना ने उनकी सोच बदल दी. उस समय श्रीलंका गृहयुद्ध चल रहा था. उन्होंने कहा, "हम पर दो मिनट हमला हुआ और हम हेडलाइन बन गए, लेकिन हमारे सैनिक 20-25 साल से यही झेल रहे थे." संगकारा ने एक और घटना बताई जब कोलंबो में एक सैनिक ने उनसे कहा. "हम तो इसके लिए तैयार रहते हैं, यही हमारा काम है." इस बातचीत ने संगकारा को एहसास कराया कि खिलाड़ी होने के बावजूद असली हीरो वे लोग हैं जो रोज खतरे का सामना करते हैं.

पाकिस्तान क्रिकेट पर क्या असर हुआ?

इस हमले के बाद कई साल तक टीमों ने पाकिस्तान दौरा नहीं किया. इससे पाकिस्तान को अपने 'होम मैच' UAE में खेलने पड़े और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लंबे समय तक प्रभावित रहा.

क्रिकेट न्‍यूजआतंकी हमला
अगला लेख