57 रन पर जापान ढेर, 5 ओवर में मैच खत्म; एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, T20I में दर्काज की अपनी सबसे बड़ी जीत
भारत ने जापान को सिर्फ 57 रन पर ऑलआउट करने के बाद महज 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत में श्री चरणी ने 4 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई और भारत ने 90 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर अपना T20I रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला रविवार को बांग्लादेश से होगा.
शेफाली वर्मा और रिचा घोष
Women's Asian Games 2026: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 2026 एशियन गेम्स में जापान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. भारत ने जापान के 57 रन के छोटे से स्कोर को महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने T20I में गेंदें बाकी रहने के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी बना दिया.
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारतीय गेंदबाजों ने जापान के बल्लेबाजों को शुरुआत से ही दबाव में रखा और पूरी टीम को 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन पर समेट दिया.
श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं. उन्होंने 4 विकेट झटके. वहीं शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली.
भारत को मिला 58 रन का लक्ष्य
जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए, लेकिन इसके लिए उन्हें 47 गेंदें खेलनी पड़ीं. भारत की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जापान की बाकी बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करती रहीं. टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी. इसके बाद 58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने मैच को ज्यादा लंबा नहीं खिंचने दिया.
5 ओवर में मैच खत्म
भारत ने सिर्फ 30 गेंदों यानी 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. शेफाली वर्मा 15 गेंद में 40 रन और रिचा घोष 6 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रही. शेफाली ने 15 गेंद की अपनी पारी में 2 छक्के और 6 चौके लगाए. वहीं, रिचा ने 6 गेंद की पारी में 2 चौके जड़े. जी कमालिनी 0 और भारती फूलमाली 6 रन बनाकर आउट हुईं.
भारत की T20I में सबसे बड़ी जीत
भारत के पास जीत के समय 90 गेंदें बाकी थीं. यह T20I में भारत की गेंदें बाकी रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत का रिकॉर्ड 84 गेंद बाकी रहते थाईलैंड के खिलाफ 2022 में बना था. अब जापान के खिलाफ 90 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर टीम इंडिया ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया.
T20I में IND-W के लिए सबसे ज़्यादा गेंदें बाकी रहते हुए जीत
- 90 बनाम JPN-W, निशिन, 2026
- 84 बनाम THA-W, सिलहट, 2022
- 70 बनाम BAN-W, हांग्जो, 2023
- 69 बनाम SL-W, सिलहट, 2022
- 68 बनाम PAK-W, दुबई, 2026
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली तीसरी खिलाड़ी बनी श्री चरणी
साल 2026 में श्री चरणी ने 21 मैच में 10.93 की औसत से 43 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनकी इकोनॉमी 5.92 रही. उन्होंने 3 बार 4 विकेट लिए.
महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज़्यादा विकेट
- 56 - थिपचा पुट्टावोंग (THA-W) 2025 में
- 50 - हेनरिएट इशिमवे (RWA-W) 2024 में
- 43 - श्री चरणी (IND-W) 2026 में
- 43 - मैरी बिमेन्यिमाना (RWA-W) 2024 में
- 42 - थिपचा पुट्टावोंग (THA-W) 2026 में
महिला T20I में लगातार पारियों में 4 विकेट लेना (FM टीमें)
- 2 - अनीसा मोहम्मद (WI-W), 2010
- 2 - निदा डार (PAK-W), 2018
- 2 - पूनम यादव (IND-W), 2018
- 2 - मेगन शूट (AUS-W), 2020
- 2 - जेस जोनासेन (AUS-W), 2022
- 2 - एनाबेल सदरलैंड (AUS-W), 2025
- 2 - श्री चरणी (IND-W), 2026
क्या चमारी अट्टापट्टू का रिकॉर्ड तोड़ देंगी शेफाली वर्मा?
शेफाली वर्मा ने इस साल 26 छक्के जड़े हैं. अगर वह 7 छक्के और लगा लेती हैं तो वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली खिलाड़ी बन जाएंगी. चमारी अट्टापट्टू ने 2024 में 32 छक्के जड़े थे. ऐसे में उनका यह रिकॉर्ड इस साल टूटता हुआ दिखाई दे रहा है.
महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज़्यादा छक्के
- 32 - चमारी अट्टापट्टू, 2024
- 26 - शेफाली वर्मा, 2026
- 25 - हरमनप्रीत कौर, 2018
- 21 - सोफी डिवाइन, 2018
- 21 - सोफी डिवाइन, 2020
जापान के खिलाफ शानदार जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने 2026 एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. अब सेमीफाइनल में भारत का सामना रविवार को बांग्लादेश से होगा. यह मुकाबला जीतने वाली टीम मेडल मैच में अपनी जगह पक्की करेगी.




