Women’s Asia Cup 2026: आठवीं बार भारत बना एशिया चैंपियन, श्रीलंका को फाइनल में 72 रनों से रौंदा; नकवी के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी
भारत ने महिला T20 एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब अपने नाम किया. हालांकि भारतीय टीम ने नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया,
Women’s Asia Cup 2026: भारत ने महिला T20 एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. यह भारत का महिला एशिया कप में 8वां खिताब है. खास बात यह है कि भारत ने टूर्नामेंट के T20 फॉर्मेट में अब तक खेले गए छह संस्करणों में से चार जीते हैं-2012, 2016, 2022 और 2026. हालांकि भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इससे पहले, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने भी पाकिस्तान को फाइनल में हराने के बाद नकवी के हाथ से एशिया कप की ट्रॉफी नहीं ली थी.
फाइनल मुकाबले की अगर बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. कप्तान हरमनप्रीत कौर के मुताबिक टूर्नामेंट के दौरान पिचें धीमी थीं और उनमें स्पिनरों को मदद मिल रही थी. इसलिए भारत का प्लान था कि पहले बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगाया जाए और फिर मजबूत स्पिन आक्रमण के दम पर उसका बचाव किया जाए.
स्मृति और शेफाली ने दी शानदार शुरुआत
भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की. दोनों ने शुरुआत से ही श्रीलंका के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. हरमनप्रीत कौर ने दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि ओपनर्स ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उसने टीम के लिए मजबूत आधार तैयार किया. खास तौर पर शेफाली के प्रदर्शन को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया, क्योंकि इस टूर्नामेंट में उन्होंने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी जिम्मेदारी निभाई.
भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के खोकर 183 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 39 गेंद में 59 रन और शेफाली वर्मा ने 39 गेंद में 68 रन की तूफानी पारी खेली. वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14, रिचा घोष ने 17 और दीप्ति शर्मा ने 5 रन बनाए. भारती फूलमाली 2 और जी कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं.
श्री चरनी की फिरकी ने श्रीलंका की कमर तोड़ी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारत के स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी. श्री चरानी ने 4 विकेट लेकर 20 रन दिए, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. चरनी का यह प्रदर्शन महिला T20 एशिया कप के फाइनल में किसी भारतीय गेंदबाज के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनों में शामिल हो गया.
फाइनल में चार विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में अब चरनी भी शामिल हैं. इससे पहले 2018 में पूनम यादव ने बांग्लादेश के खिलाफ 4/9 और 2012 में पाकिस्तान की सना मीर ने भारत के खिलाफ 4/13 का प्रदर्शन किया था.
दीप्ति शर्मा ने लिए 3 विकेट
चरनी के साथ दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर श्रीलंका की रन बनाने की कोशिशों पर लगातार ब्रेक लगाए. बीच के ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने रन गति इतनी धीमी कर दी कि श्रीलंका पर आवश्यक रनरेट का दबाव लगातार बढ़ता गया.
आखिरकार श्रीलंकाई टीम लक्ष्य से 72 रन पीछे रह गई. इस जीत के साथ ही भारत ने 2024 में एशिया कप के फाइनल में मिली हार का बदला भी श्रीलंका से ले लिया.
72 रन की जीत कितनी बड़ी है?
भारत की 72 रन की जीत महिला T20I में किसी ऐसे टूर्नामेंट के फाइनल में दूसरी सबसे बड़ी जीत है जिसमें पांच या उससे अधिक टीमें शामिल रही हों. इस सूची में भारत से ऊपर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 2020 महिला T20 विश्व कप के फाइनल में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत को 85 रन से हराया था.
2026 में श्री चरनी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
श्री चरनी के लिए यह फाइनल प्रदर्शन व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद खास रहा. 2026 में भारत की महिला टीम के लिए T20I में उन्होंने अब तक 39 विकेट ले लिए हैं. इसके साथ वह एक कैलेंडर ईयर में भारत की महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं.
एक कैलेंडर ईयर में IND-W के लिए सबसे ज़्यादा T20I विकेट
- 39 - श्री चरणी, 2026 में
- 35 - पूनम यादव, 2018 में
- 30 - दीप्ति शर्मा, 2024 में
- 30 - दीप्ति शर्मा, 2026 में
- 29 - दीप्ति शर्मा, 2022 में
- 29 - राधा यादव, 2024 में
यानी 2026 में चरनी ने पूनम यादव का छह साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है.
टूर्नामेंट में भारत का दबदबा आंकड़ों से समझिए
भारत सिर्फ फाइनल में ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में बाकी टीमों से काफी आगे रहा.
बल्लेबाजी रनरेट
- भारत - 8.35
- बाकी टीमें - 5.12
रन प्रति विकेट
- भारत - 26.46
- बाकी टीमें - 11.95
50+ स्कोर
- भारत - 4
- बाकी टीमें - 2
शतक
- भारत - 1
- बाकी टीमें- 0
छक्के:
- भारत- 32
- बाकी सभी टीमें मिलाकर - 22
गेंदबाजी में भी भारत का दबदबा साफ दिखा.
- Bowling Average: भारत 8.84, बाकी टीमें 16.12
- Economy Rate: भारत 4.29, बाकी टीमें 5.79
यानी भारत ने जहां तेजी से रन बनाए, वहीं गेंदबाजी में विपक्षी बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका ही नहीं दिया.
छक्के लगाने में भी भारत सबसे आगे
महिला T20 एशिया कप 2026 में भारत ने कुल 32 छक्के लगाए. बाकी टीमों में श्रीलंका 8, पाकिस्तान 7 और बांग्लादेश 4 छक्कों के साथ काफी पीछे रहे.
टीमों के छक्के:
- भारत - 32
- श्रीलंका - 8
- पाकिस्तान - 7
- बांग्लादेश - 4
- थाईलैंड - 2
- इंडोनेशिया - 1
- हांगकांग- 0
- UAE - 0
कैचिंग रही भारत की सबसे बड़ी कमजोरी
इतने शानदार टूर्नामेंट के बावजूद भारतीय टीम के प्रदर्शन में एक बड़ा कमजोर पक्ष भी रहा- फील्डिंग और कैचिंग. भारत ने पूरे टूर्नामेंट में 17 कैच छोड़े, जो किसी भी टीम से सबसे ज्यादा थे. दूसरे नंबर पर इंडोनेशिया था, जिसने 7 कैच छोड़े. कैचिंग एफिशिएंसी में भारत का आंकड़ा सिर्फ 59.5% रहा, जबकि इंडोनेशिया 58.8% पर था. यानी दोनों ही टीमें 70% से नीचे रहीं.
भारत के लिए यह एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर टीम मैनेजमेंट को आगे काम करना होगा, क्योंकि बड़े मुकाबलों में अतिरिक्त जीवन मिलने से विपक्षी टीम मैच में वापस आ सकती है.
हरमनप्रीत ने टीम और दर्शकों को दिया श्रेय
खिताब जीतने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत से ही अपने लिए कुछ ऊंचे मानक तय किए थे और हर दिन उन्हें मैच करने की कोशिश की. उन्होंने दर्शकों को टीम का सबसे बड़ा सपोर्ट बताया और कहा कि जहां भी भारतीय टीम जाती है, वहां प्रशंसक समर्थन करने पहुंचते हैं. फाइनल में बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों की खुशी भी भारतीय कप्तान के लिए खास रही.
कोच अमोल मजूमदार ने बताई रणनीति
भारतीय कोच अमोल मजूमदार ने टूर्नामेंट को शानदार टीम प्रयास बताया. उनके मुताबिक भारत ने पहले मैच से लेकर फाइनल तक अपना स्तर बनाए रखा. फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में पिचें धीमी थीं और काफी टर्न कर रही थीं. भारत के पास तीन क्वालिटी स्पिनर थे. इसलिए पहले बड़ा स्कोर बनाकर उसे डिफेंड करना रणनीति का अहम हिस्सा था.
मुजुमदार ने शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की ओपनिंग जोड़ी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि शेफाली की आक्रामक शैली और स्मृति की टाइमिंग एक-दूसरे को अच्छी तरह से कॉम्प्लिमेंट करती है.
महिला T20I एशिया कप विजेता
- 2012 - भारत
- 2016 - भारत
- 2018 - बांग्लादेश
- 2022 - भारत
- 2024 - श्रीलंका
- 2026 - भारत
ODI फॉर्मेट में भी भारत ने सभी चार संस्करण जीते हैं- 2004, 2005/06, 2006 और 2008. इस तरह महिला एशिया कप के इतिहास में भारत का दबदबा लंबे समय से कायम है और 2026 का खिताब इस प्रभुत्व को और मजबूत करता है.




