Begin typing your search...

WPL 2027 का शेड्यूल जारी, 14 जनवरी से शुरू होगा पांचवां सीजन; 28 अक्टूबर को कोच्चि में लगेगी खिलाड़ियों की बोली

महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं. BCCI ने WPL 2027 के ऑक्शन की तारीख और सीजन का शेड्यूल घोषित कर दिया है. खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर है, जबकि ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा. WPL 2027 का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक किया जाएगा.

WPL 2026  champion team RCB
X

WPL 2026 चैंपियन RCB 

( Image Source:  WPL )

WPL 2027 Schedule Auction: महिला प्रीमियर लीग के पांचवें सीजन की तैयारियां अब तेज हो गई हैं. BCCI ने बुधवार को पांचों फ्रेंचाइजी को WPL 2027 से जुड़ी अहम तारीखों की जानकारी दी और इसके बाद आधिकारिक तौर पर इनका ऐलान किया. WPL का पांचवां सीजन 14 जनवरी 2027 से शुरू होकर 7 फरवरी 2027 तक चलेगा. यानी क्रिकेट फैंस को नए साल की शुरुआत में एक बार फिर महिला क्रिकेट की इस बड़ी लीग का रोमांच देखने को मिलेगा, लेकिन सीजन शुरू होने से पहले सभी पांच टीमों के सामने अपनी स्क्वॉड को तैयार करने की बड़ी चुनौती होगी

WPL की पांचों फ्रेंचाइजी के पास अपनी मौजूदा टीम में से खिलाड़ियों को रिटेन करने और रिलीज करने के लिए 28 सितंबर 2026 तक का समय होगा. यानी टीमों के पास अपनी रणनीति तय करने के लिए एक महीने से भी कम समय है. फ्रेंचाइजी को यह फैसला करना होगा कि किन खिलाड़ियों पर अगले सीजन के लिए भरोसा बनाए रखना है और किन खिलाड़ियों को रिलीज करके ऑक्शन में नए खिलाड़ियों के लिए जगह बनानी है. इसके बाद 28 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन में टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से खाली जगह भरने की कोशिश करेंगी.


28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा WPL ऑक्शन

WPL 2027 का खिलाड़ी ऑक्शन 28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में आयोजित किया जाएगा. ऑक्शन का आयोजन Grand Hyatt Kochi में होगा. यहां पांचों फ्रेंचाइजी अपनी टीम को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी. ऑक्शन के दौरान टीमों का मुख्य फोकस उन क्षेत्रों को मजबूत करने पर होगा, जहां उन्हें अपनी मौजूदा स्क्वॉड में कमी महसूस होगी.


एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी

WPL में प्रत्येक फ्रेंचाइजी के स्क्वॉड की अधिकतम सीमा 18 खिलाड़ी है. इन 18 खिलाड़ियों में अधिकतम 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जा सकते हैं. इसके अलावा मौजूदा साइकल के लिए प्रत्येक फ्रेंचाइजी का सैलरी कैप ₹15 करोड़ है. इसका मतलब है कि ऑक्शन और खिलाड़ियों से जुड़े फैसले लेते समय टीमों को अपने उपलब्ध बजट के भीतर ही पूरी स्क्वॉड तैयार करनी होगी.


मुंबई और वडोदरा में हो सकते हैं मुकाबले

BCCI ने अभी WPL 2027 के मैचों के वेन्यू की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, Cricbuzz के सूत्रों के मुताबिक मुंबई और वडोदरा को अगले सीजन के संभावित मेजबान शहर माना जा रहा है. पिछला सीजन भी इन दोनों शहरों में आयोजित किया गया था. मुंबई में मुकाबले Cricket Club of India (CCI) में खेले गए थे, जबकि वडोदरा के Kotambi Stadium ने भी मैचों की मेजबानी की थी. WPL 2026 का फाइनल भी वडोदरा में खेला गया था, जहां Royal Challengers Bengaluru ने खिताब अपने नाम किया था.

वाराणसी का नाम भी चर्चा में

WPL 2027 के संभावित वेन्यू को लेकर वाराणसी का नाम भी चर्चा में आया है. शहर में नया क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल वहां WPL मैच आयोजित होने की संभावना सीमित बताई जा रही है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह स्टेडियम की तैयारी है. रिपोर्ट के मुताबिक, किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी से पहले स्टेडियम का तैयार होना और घरेलू क्रिकेट मैचों के जरिए उसका परीक्षण जरूरी होगा. अगर स्टेडियम समय पर तैयार होता है और घरेलू मैचों के आयोजन के बाद सभी जरूरी मानकों पर खरा उतरता है, तभी वाराणसी को WPL मैचों की मेजबानी मिलने की संभावना बन सकती है.

अगला लेख