न खाना, न कमरा... एशियन गेम्स के लिए जापान पहुंचे भारतीय एथलीटों को क्यों करना पड़ा 14 घंटे तक इंतजार, कैसे हुई चूक?
एशियन गेम्स के लिए भारतीय एथलीटों के 2 समूह जापान पहुंच चुके हैं, लेकिन जापान पहुंचने के बाद भारतीय एथलीटों को 14 घंटों तक कमरे का इतंजार करना पड़ा. इस दौरान खिलाड़ियों को खाने की भी समस्या हुई.
indian athletes room crisis
एशियाई खेलों के लिए जापान के नागोया पहुंचे कई भारतीय एथलीटों को पहुंचने के बाद घंटों तक अपने कमरे के लिए इंतजार करना पड़ा. द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वैध मान्यता पत्र होने के बावजूद कई खिलाड़ियों को समय पर कमरा नहीं मिल सका. बताया गया कि कुछ एथलीट लगभग 14 घंटे तक कमरे का इंतजार करते रहे और इस दौरान उन्हें खाना और जरूरी सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से नहीं मिल पाईं.
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय दल के कुछ सदस्य जिस क्रूज जहाज में ठहरने वाले थे, वहां कमरों के आवंटन को लेकर समस्या सामने आई. जिन खिलाड़ियों को कमरे मिल भी गए, उनमें से कुछ को अन्य एथलीटों के साथ कमरा साझा करने के लिए कहा गया. बताया जा रहा है कि आयोजन समिति की ओर से आवास की व्यवस्था में गड़बड़ी का कारण खिलाड़ियों की संख्या का गलत अनुमान लगाया जाना हो सकता है.
कैसे दिल्ली से जापान पहुंचे खिलाड़ी?
भारतीय रोइंग टीम के खिलाड़ी मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट से दो अलग-अलग समूहों में जापान के लिए रवाना हुए थे. दोनों समूहों के बीच कुछ घंटों का अंतर था. बैंकॉक में ठहराव के बाद पहला समूह बुधवार सुबह करीब 8 बजे जापान के स्थानीय समय के अनुसार नागोया पहुंचा. रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ी करीब एक घंटे बाद उस क्रूज जहाज पर पहुंचे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी. हालांकि, वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनके लिए तय आवास तैयार नहीं था.
कब तक इंतजार करते रहे खिलाड़ी?
एक भारतीय रोवर ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उस समय की स्थिति बताई. उन्होंने कहा "हम सुबह करीब 9 बजे (जेएसटी) सुविधा केंद्र पहुंचे थे और अब रात के 8:30 बज रहे हैं, लेकिन हममें से कुछ ही लोगों को कमरे मिले. यहां तक कि जिन्हें कमरे मिले थे, उनसे भी और एथलीटों को ठहराने के लिए कहा गया."
कौन-कौन हुआ प्रभावित?
कमरे से संबंधी समस्या का सामना करने वाले भारतीय दल में केवल रोइंग टीम ही शामिल नहीं थी. रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय निशानेबाजों और दो अन्य टीमों को भी ऐसी ही दिक्कतों से गुजरना पड़ा. निशानेबाजों के मामले में स्थिति और अलग रही. जिस होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी, वह किसी अन्य दल को दे दिया गया. इसके बाद भारतीय निशानेबाजों को दूसरे होटल में ठहरने के लिए जाना पड़ा.
कमरे की इस समस्या का असर भारतीय ओलंपिक संघ के कुछ सदस्यों पर भी पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, IOA के कुछ अधिकारियों को पास के एक होटल में भेजा गया. वहीं भारतीय दल की मेडिकल टीम को भी बदली हुई व्यवस्था के अनुसार दिक्कतों का सामना करना पड़ा. खिलाड़ियों के पहुंचने के बाद आवास व्यवस्था को लेकर पैदा हुई इस स्थिति ने एशियाई खेलों की तैयारियों के बीच भारतीय दल के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी.




