SAFF Women's Championship 2026: बांग्लादेश का हैट्रिक लगाने का सपना टूटा, भारत ने 7 साल बाद जीता खिताब; 10 बड़ी बातें
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने SAFF Women's Championship 2026 का खिताब रिकॉर्ड छठी बार जीत लिया है. फाइनल में उसने बांग्लादेश को 3-1 से हराया.
SAFF Women's Championship 2026 की विनर टीम इंडिया
भारत की महिला फुटबॉल टीम ने 7 साल बाद दक्षिण एशिया की बादशाहत फिर अपने नाम कर ली है. गोवा के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश को 3-1 से हराकर SAFF Women's Championship 2026 का खिताब जीत लिया. यह भारत का रिकॉर्ड छठा SAFF महिला खिताब है. इस शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम को बधाई दी.
पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत देश के युवाओं, खासकर लड़कियों को फुटबॉल अपनाने के लिए प्रेरित करेगी. उन्होंने कहा, SAFF महिला चैंपियनशिप 2026 जीतने पर भारतीय महिला फुटबॉल टीम को बधाई. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है. इससे आने वाले समय में और भी युवा फुटबॉल खेलने के लिए प्रेरित होंगे. टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.
राष्ट्रपति मुर्मू ने खिलाड़ियों के जज्बे, टीमवर्क और शानदार प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने भरोसा जताया कि महिला फुटबॉल टीम की यह शानदार उपलब्धि देश भर की युवा लड़कियों को आत्मविश्वास और साहस के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी.
10 प्वाइंट्स में जानिए भारत की ऐतिहासिक जीत की बड़ी बातें
- भारत ने SAFF Women's Championship 2026 का खिताब जीत लिया है. उसने फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.
- भारतीय महिला टीम ने 2019 के बाद पहली बार SAFF चैंपियनशिप जीती. यानी टीम ने 7 साल बाद खिताब को अपने नाम किया.
- भारत का यह रिकॉर्ड छठा SAFF खिताब है. इस जीत के साथ उसने दक्षिण एशिया में अपना दबदबा और मजबूत किया.
- प्यारी जाख्सा (Pyari Xaxa) ने टीम इंडिया को शुरुआती बढ़त दिलाई. उन्होंने 42वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई.
- पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बांग्लादेश ने स्कोर 1-1 किया, लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत के 40 सेकेंड बाद ही Sanfida Nongrum ने गोल दागकर भारत को फिर बढ़त दिला दी.
- लिंडा कॉम सर्टो (Lynda Kom Serto) ने जीत पर मुहर लगाई. उन्होंने 82वें मिनट में तीसरा गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी.
- सैनफिडा नोंगरूम ने सेमीफाइनल और फाइनल, दोनों मुकाबलों में अहम गोल कर टीम को खिताब तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई.
- भारतीय महिला फुटबॉल की दिग्गज खिलाड़ी डांगमेई ग्रेस (Dangmei Grace) ने फाइनल के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह दिया. उन्होंने 2013 से भारत के लिए 95 मैच खेले.
- पूरे टूर्नामेंट में भारत का दबदबा देखने को मिला. टीम इंडिया ने अपने सभी 4 मैच जीते, 18 गोल किए और पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 1 गोल खाया.
- मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद लेकर उतरा था, लेकिन भारत ने उसका सपना तोड़ दिया.
भारत की यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि महिला फुटबॉल के बढ़ते स्तर और देश में इस खेल की लोकप्रियता का भी बड़ा संकेत मानी जा रही है. अब भारतीय टीम की नजर एशियाई और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान और मजबूत करने पर होगी.




