'उसको सामने मारने दे', विकेटों के अकाल के बीच कुलदीप यादव को समझाते दिखे केएल राहुल, स्टंप माइक में कैद हुई आवाज
भारत के खिलाफ पहला मैच हारने के बाद दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने दमदार वापसी की. टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने ऐसी पारी खेली कि भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. इस दौरान कुलदीप यादव को केएल राहुल समझाते हुए नजर आए.
केएल राहुल और कुलदीप यादव
KL Rahul Kuldeep Yadav : भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज गुवाहाटी के बारसापोरा क्रिकेट स्टेडियम में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है. इस मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है. टीम 350-400 रन के स्कोर की तरफ तेजी से आगे बढ़ रही है.
वेस्टइंडीज की ओर से जॉन कैम्पबेल ने शानदार शतक लगाया. वहीं, शाई होप भी अर्धशतक लगाकर शतक की ओर से तेजी से बढ़ रहे हैं. पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने शानदार बैटिंग की.
कैम्पबेल और होप के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई. दोनों ने 79 गेंद में 110 रन जोड़े. वहीं, कैम्पबेल के आउट होने के बाद आमिर जंगू और होप के बीच तीसरे विकेट के लिए भी शतकीय साझेदारी की. विकेटों के इस अकाल के बीच केएल राहुल की आवाज स्टंप माइक पर कैद हुई है, जिसमें वे कुलदीप यादव को समझाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
कुलदीप यादव को केएल राहुल ने क्या कहा?
यह घटना 28वें ओवर की है. कुलदीप यादव की दूसरी गेंद पर आमिर जंगू ने चौका जड़ दिया, जिसके बाद विकेट-कीपिंग कर रहे केएल राहुल ने कुलदीप से कहा- उसको सामने मारने दे.... राहुल ने कुलदीप से जंगू को शॉर्ट बॉल न फेंकने की हिदायत दी ताकि जंगू कट शॉट न खेल पाए. उन्होंने विकेट के सामने खेलने के लिए मजबूर करने वाली गेंद फेंकने की हिदायत दी. यह पूरा वाकया स्टंप माइक में कैद हो गया.
केएल राहुल आज खेल रहे अपना 100वां वनडे
केएल राहुल के लिए आज का दिन काफी खास है. आज वे अपना 100वां वनडे मैच खेल रहे हैं. राहुल ने अब तक 99 वनडे मैचों की 90 पारियों में करीब 50 की औसत से 3412 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं.




