Begin typing your search...

'अब कोई नहीं बताएगा कैसे खेलना है', संजू सैमसन का बड़ा ऐलान; विराट कोहली की सलाह से लेकर 'रैट रेस' छोड़ने तक सुनाई पूरी कहानी

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि अब वह दूसरों की राय या आलोचना की परवाह नहीं करते और क्रिकेट अपनी शर्तों पर खेलना चाहते हैं. उन्होंने साफ कहा कि वह 'चूहों की रेस' (Rat Race) का हिस्सा नहीं बनना चाहते.

Sanu Samson
X

संजू सैमसन 

( Image Source:  File Photo )

भारतीय क्रिकेट में शायद ही कोई खिलाड़ी ऐसा रहा हो, जिसकी प्रतिभा की जितनी चर्चा हुई हो, उतनी ही उसके टीम में आने-जाने को लेकर बहस भी हुई हो. संजू सैमसन उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल हैं. शानदार बल्लेबाजी के बावजूद कई बार टीम से बाहर होना, फिर वापसी करना और लगातार खुद को साबित करने का दबाव... इन सबके बीच अब संजू ने साफ कर दिया है कि वह अब किसी की राय से नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर क्रिकेट खेलेंगे.

एक इंटरव्यू में संजू सैमसन ने कहा कि उन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही तय कर लिया था कि वह अब 'रैट रेस' का हिस्सा नहीं बनेंगे. उनके लिए अब सबसे जरूरी चीज क्रिकेट का आनंद लेना है, न कि लोगों की उम्मीदों और आलोचनाओं के पीछे भागना.


'अब संजू के लिए फैसला संजू ही करेगा'

संजू ने कहा कि भारत में हमेशा एक ऐसी दौड़ (Cat Race) लगी रहती है, जहां हर कोई दूसरों से आगे निकलने की कोशिश करता है. लेकिन उन्होंने इस मानसिकता से खुद को अलग कर लिया है. उन्होंने कहा कि अब कोई उन्हें यह नहीं बताएगा कि कैसे बल्लेबाजी करनी है या मैदान पर क्या करना है. वह टीम के लिए पूरी ईमानदारी से खेलेंगे, अच्छे साथी बनेंगे और टीम का समर्थन करेंगे, लेकिन अपने तरीके से. संजू के मुताबिक, अब वह केवल अपने खेल पर भरोसा करना चाहते हैं और बाहरी शोर को खुद पर हावी नहीं होने देंगे.

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी नहीं था भरोसा

संजू ने यह भी खुलासा किया कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह 2026 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनेंगे. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब वह टीम के 14 या 15 खिलाड़ियों में भी नहीं थे। इसलिए उन्होंने भविष्य की ज्यादा चिंता करना छोड़ दिया. उनका मानना है कि अगर वह अच्छा खेलेंगे और टीम को उनकी जरूरत होगी तो सब कुछ अपने आप सही दिशा में जाएगा. अगर ऐसा नहीं भी हुआ तो भी उन्हें अपने करियर पर गर्व रहेगा.


विराट कोहली ने दी थी लंबा करियर बनाने की सीख

  • संजू ने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ हुई एक खास बातचीत भी साझा की. उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के एक कैंप के दौरान वह विराट के साथ जिम में वर्कआउट कर रहे थे. उसी दौरान उन्होंने विराट से पूछा कि लंबा अंतरराष्ट्रीय करियर बनाने के लिए क्या करना चाहिए.
  • संजू के मुताबिक, विराट ने उन्हें बताया कि सिर्फ नेट्स में मेहनत करना काफी नहीं होता, बल्कि लाइफस्टाइल भी उतनी ही अहम होती है. कोहली ने उन्हें खान-पान, रिकवरी, फिटनेस और अनुशासन को लेकर विस्तार से समझाया.
  • संजू ने करीब डेढ़ साल तक उस रूटीन को फॉलो भी किया, लेकिन बाद में लगातार उसे बनाए रखना उनके लिए आसान नहीं रहा. फिर भी वह मानते हैं कि विराट की प्रोफेशनलिज्म और अनुशासन से उन्होंने बहुत कुछ सीखा.

जोफ्रा आर्चर को लेकर नहीं था कोई डर

संजू ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का भी जिक्र किया. इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले कई लोगों ने उन्हें याद दिलाया कि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पहले कई बार उन्हें आउट कर चुके हैं... लेकिन संजू ने कहा कि वह अंदर से पूरी तरह आश्वस्त थे. उनका मानना था कि अब वह पहले वाले संजू नहीं हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी बड़ी पारी के बाद उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ चुका था और उन्हें पूरा भरोसा था कि वह देश के लिए मैच जिताने में सफल रहेंगे.

फाइनल में खुद पर महसूस हुई सबसे बड़ी जिम्मेदारी

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल को याद करते हुए संजू ने कहा कि उस समय उन्हें एहसास था कि टीम की रन बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है. उन्होंने खुद से लगातार कहा कि उन्हें अंत तक क्रीज पर टिकना है और भारत के लिए मैच खत्म करके आना है. इसी सोच ने उन्हें पूरे मैच के दौरान फोकस बनाए रखने में मदद की.


संजू का नया नजरिया

31 वर्षीय संजू सैमसन का यह बयान सिर्फ उनके क्रिकेट करियर की कहानी नहीं, बल्कि उनकी मानसिकता में आए बदलाव को भी दिखाता है. अब वह चयन, आलोचना या भविष्य की चिंता से ज्यादा वर्तमान पर ध्यान देना चाहते हैं. उनके लिए क्रिकेट अब केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि खेल का आनंद लेने और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का माध्यम है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख