क्या भारतीय क्रिकेट में नहीं सब कुछ ठीक? एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल की बधाई देना भूले गौतम गंभीर, आगे-पीछे की पोस्ट से कई सवाल
गौतम गंभीर ने हाल में भारतीय वनडे टीम, शुभमन गिल-रोहित शर्मा और महिला हॉकी टीम को जीत पर बधाई दी, लेकिन एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टी-20 टीम को लेकर कोई पोस्ट नहीं किया. इससे गंभीर और एशियन गेम्स टीम के कोच वीवीएस लक्ष्मण के बीच रिश्तों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
क्या भारतीय क्रिकेट में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है? यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम को बधाई नहीं दी. इससे यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या वीवीएस लक्ष्मण और गौतम गंभीर के बीच रिश्ते ठीक नहीं हैं.
गौतम गंभीर के अगर हम X अकाउंट पर जाएं तो उन्होंने 4 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से वनडे सीरीज जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी. उन्होंने लिखा- A series won through belief and hard work. Proud of our boys. Respect to West Indies for making us earn it. (यह सीरीज़ भरोसे और कड़ी मेहनत से जीती गई है. हमें अपने लड़कों पर गर्व है. वेस्ट इंडीज़ भी सम्मान के लायक है कि उन्होंने हमें इसे हासिल करने के लिए कड़ी टक्कर दी.)
इससे पहले, 2 अक्टूबर को गंभीर ने भारतीय महिला हॉकी टीम को गोल्ड जीतने पर बधाई दी. उन्होंने लिखा- Indian Hockey ! Nations pride ! Jai Hind.
गंभीर ने रोहित-गिल को दी बधाई
वहीं, एक अक्टूबर को गंभीर ने दूसरे वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले शुभमन गिल और सेंचुरी जड़ने वाले रोहित शर्मा की तारीफ की थी. उन्होंने लिखा था- शुभमन का ऐतिहासिक दोहरा शतक. रोहित का शानदार शतक. निडर क्रिकेट. ऐसी जीत जिस पर गर्व हो!
एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम इंडिया को क्यों नहीं दी बधाई?
अब सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है कि गंभीर ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम इंडिया के लिए क्यों एक भी ट्वीट नहीं किया और बधाई दी. भारतीय पुरुष और महिला, दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. गंभीर को क्या इतना भी टाइम नहीं मिला कि वे इस उपलब्धि पर कुछ पोस्ट कर दें.
क्या लक्ष्मण के साथ नहीं है अच्छी बॉन्डिंग?
इससे यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि क्या एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम के मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण के साथ गौतम गंभीर की बॉन्डिंग अच्छी नहीं है... क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि लक्ष्मण को गंभीर की जगह अगला मुख्य कोच बनाया जा सकता है. लक्ष्मण की कोचिंग में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीती थी. यही नहीं, एशियन गेम्स में भी टीम ने गोल्ड जीता.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाशिंगटन सुंदर को गंभीर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खिलाना चाहते थे, लेकिन लक्ष्मण की इच्छा थी कि सुंदर एशियन गेम्स खेले. अंत में सुंदर एशियन गेम्स खेलने वाली टीम में बरकरार रहे और नितीश कुमार रेड्डी को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में खेलना पड़ा. इससे यह अटकलें लग रही हैं कि क्या लक्ष्मण और गंभीर के बीच अनबन है. फिलहाल, सच्चाई क्या है यह गंभीर ही बता सकते हैं.
VVS Laxman ने भारतीय वनडे टीम को सीरीज जीत की दी बधाई
दूसरी तरफ, वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय वनडे टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने पर बधाई दी. उन्होंने लिखा- वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ जीतने पर टीम इंडिया को बधाई. टीम की शानदार कोशिश और कुछ बेहतरीन प्रदर्शन. भारत को सफल होते देखना हमेशा ही खास होता है.
गोल्ड जीतने वाली टीम के लिए लक्ष्मण ने क्या लिखा?
गोल्ड जीतने वाली टीम के लिए लक्ष्मण ने लिखा, "टीम को बधाई. एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना एक बहुत ही खास उपलब्धि है. मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि आप सभी ने टीम के प्रति कितनी लगन दिखाई, हर चुनौती का सामना किया और पूरे कैंपेन के दौरान एकजुट रहे. टीम के लिए अपना सब कुछ देने और इस कैंपेन को यादगार बनाने के लिए आपका धन्यवाद. बहुत बढ़िया चैंपियंस.
सपोर्ट स्टाफ को भी लक्ष्मण ने दी बधाई
लक्ष्मण ने लिखा, "पूरी सपोर्ट स्टाफ़ को आपकी कड़ी मेहनत, लगन और निस्वार्थ प्रयासों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. टीम ने जो कुछ भी हासिल किया है, उसमें पर्दे के पीछे आपके योगदान की बहुत बड़ी भूमिका रही है. एशियाई खेलों में मिला गोल्ड मेडल पूरी टीम की सामूहिक कोशिशों का नतीजा है. आपके सहयोग और समर्पण के लिए मैं सचमुच आभारी हूं. मुझे गर्व है कि आप सभी टीम का हिस्सा हैं."
एक तरफ जहां गंभीर ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम को बधाई नहीं दी. वहीं, दूसरी तरफ लक्ष्मण ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने वाली टीम को बधाई दी. इतना ही नहीं, उन्होंने सपोर्ट स्टाफ को भी जीत का क्रेडिट दिया.




