ENG vs IND 2nd T20I: रवि बिश्नोई के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड, एक ओवर में लुटा डाले 29 रन; भारत को मिली 4 विकेट से हार
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई गेंदबाज याद नहीं रखना चाहेगा. उन्होंने एक ही ओवर में 2 नो-बॉल फेंकी और 29 रन लुटा दिए, जो टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय गेंदबाज के सबसे महंगे ओवरों में से एक है.
रवि बिश्नोई
England vs India 2nd T20I Match Highlights: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई का एक ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट बन गया. इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने उनके ओवर में जमकर रन बटोरे, जबकि बिश्नोई ने लगातार नो-बॉल फेंककर भारत की हार की स्क्रिप्ट तैयार कर दिया.
बिश्नोई के इस ओवर की बदौलत भारत को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
एक मैच में 3 नो-बॉल डालने का अनचाहा रिकॉर्ड
रवि बिश्नोई टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में फुल मेंबर देशों के पहले स्पिनर बन गए, जिन्होंने एक ही मैच में तीन नो-बॉल फेंकी. उनकी लय इतनी बिगड़ी कि उन्होंने एक ही ओवर में दो बार रिटर्न क्रीज पार कर नो-बॉल कर दी. दोनों मौकों पर इंग्लैंड को फ्री-हिट मिली और जैकब बेथेल ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए छक्के जड़ दिए.
29 रन का महंगा ओवर
बिश्नोई के 17वें ओवर में इंग्लैंड ने कुल 29 रन बटोरे. इस ओवर में दो नो-बॉल, दो फ्री-हिट, दो छक्के, एक चौका और लगातार बड़े शॉट देखने को मिले. जैकब बेथेल ने इसी ओवर में अपना अर्धशतक भी पूरा किया और मैच पूरी तरह इंग्लैंड की ओर झुका दिया.
रवि बिश्नोई की किस गेंद पर क्या हुआ?
- पहली गेंद- नो-बॉल
- पहली गेंद- छक्का
- दूसरी गेंद- नो-बॉल
- दूसरी गेंद- छक्का
- तीसरी गेंद- 2 रन
- चौथी गेंद- 4 रन
- पांचवीं गेंद- 6 रन
- छठी गेंद- 2 रन
बिश्नोई ने अपने 4 ओवर में कुल 60 रन दिए. इसमें 3 नो-बॉल के अलावा, दो वाइड भी शामिल हैं.
भारत के लिए तीसरा सबसे महंगा ओवर
रवि बिश्नोई का यह ओवर अब भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे महंगे टी20 इंटरनेशनल ओवरों में शामिल हो गया है.
- 34 रन – शिवम दुबे बनाम न्यूजीलैंड (2020)
- 32 रन – स्टुअर्ट बिन्नी बनाम वेस्टइंडीज (2016)
- 29 रन – रवि बिश्नोई बनाम इंग्लैंड (2026)
अर्शदीप सिंह भी हुए चोटिल
ओवर की आखिरी गेंद पर जैकब बेथेल ने स्क्वायर लेग की ओर शॉट खेला. बाउंड्री बचाने की कोशिश में अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रयास किया, लेकिन लैंडिंग के दौरान उनके दाएं कंधे पर जोरदार झटका लगा. हालांकि कुछ देर बाद वह उठकर मैदान पर खड़े हो गए, जिससे भारतीय टीम ने राहत की सांस ली.
भारत की ओर से किसने कितने रन बनाए?
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 43, वैभव सूर्यवंशी ने 14, ईशान किशन ने 49, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 37, शिवम दुबे ने 5, तिलक वर्मा ने नाबाद 24, अक्षर पटेल ने 2 और हर्षित राणा ने 6 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और लियम डॉसन ने 1-1 विकेट लिया.
जैकब बेथेल की तूफानी पारी
इंग्लैंड की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट और जोस बटलर बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन फिर हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने तूफानी पारी खेली. ब्रूक ने 15 गेंद में 3 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 39 रन बनाए, जबकि बेथेल 46 गेंद में 5 छक्के और 5 चौके जड़ते हुए नाबाद 76 रन बनाए. वहीं, टॉम बेंटन ने 39 और विल जैक्स ने 9 रन बनाए. सैम करन 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने नाबाद 10 रन बनाए. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिला.




