Begin typing your search...

Explainer: मुंबई में बारिश का कहर! 24 घंटे में 150 मिमी से ज्यादा बारिश, कई लोगों की मौत-142 पेड़ गिरे, स्कूल-कॉलेज बंद

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. पेड़ गिरने, इमारत ढहने और अन्य हादसों में कई लोगों की जान गई है, जबकि IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है. एहतियात के तौर पर सोमवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं.

Rain havoc in Mumbai
X

मुंबई में भारी बारिश

( Image Source:  ANI )

Mumbai Rain: मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है. पिछले 24 घंटों में शहर के कई इलाकों में 150 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे पेड़ गिरने, इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और हादसों की कई घटनाएं सामने आईं. लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई जगहों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा.

मौसम विभाग (IMD) ने पहले रेड अलर्ट और फिर सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को मुंबई के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है.

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने करीब 10 हजार कर्मचारियों को मैदान में उतारा है और सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. राहत की बात यह रही कि भारी बारिश के बावजूद लोकल ट्रेन सेवाएं अधिकांश समय सामान्य रहीं और बड़े पैमाने पर जलभराव नहीं हुआ.

आखिर मुंबई में हालात इतने खराब क्यों हुए?

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मानसून और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण मुंबई और कोंकण क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो रही है. रविवार को कई इलाकों में 70 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे बड़ी संख्या में पेड़ और शाखाएं गिर गईं. समुद्र में 4.19 मीटर का हाई टाइड भी रिकॉर्ड किया गया, जिसने हालात को और चुनौतीपूर्ण बना दिया.

BMC ने क्या-क्या कदम उठाए?

मुंबई नगर निगम के अनुसार, पूरे शहर में करीब 10 हजार अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी और राहत कार्य में लगे हैं. पंपिंग स्टेशन, स्वास्थ्य विभाग, इंजीनियरिंग टीम और आपदा प्रबंधन दलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है. मानसून से पहले एक लाख से अधिक पेड़ों की छंटाई और 648 खतरनाक पेड़ों को हटाने का दावा भी BMC ने किया है.

मुंबई में रविवार को क्या-क्या हुआ?

  • 24 घंटे में 150-170 मिमी तक बारिश दर्ज हुई
  • 142 पेड़ या बड़ी शाखाएं गिरने की पुष्टि हुई
  • पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई
  • वर्ली में एक तीन मंजिला खाली इमारत ढह गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ
  • बांद्रा, कुर्ला, आरे और कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं
  • कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ लेकिन लोकल ट्रेन सेवाएं जारी रहीं

मानखुर्द में चॉल ढहने से बढ़ी चिंता

रविवार रात मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक ग्राउंड प्लस तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई. दमकल, पुलिस, BMC और एंबुलेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. BMC के मुताबिक, मानखुर्द के जनता नगर में 'ग्राउंड-प्लस-थ्री' स्ट्रक्चर में दो से तीन झुग्गियां गिरने से कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया.

बांद्रा में रिहायशी सोसाइटी में खड़ी तीन कारों पर गिरा पेड़

भारी बारिश के बीच बांद्रा सरकारी कॉलोनी की एक रिहायशी सोसाइटी में खड़ी तीन कारों पर एक पेड़ गिर गया. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यहां कई पेड़ ऐसे हैं जो 50 से 60 साल से खड़े हैं. PWD को उनकी देखभाल करनी चाहिए थी. उनकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ... कम से कम 6 से 7 कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं. इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा?... इस इलाके में जलजमाव और कचरे के गलत निपटान की समस्या है..."

नवी मुंबई और ठाणे में भी हालात गंभीर

नवी मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया. एक दीवार और ग्रिल गिरने से एक युवक की मौत हो गई. वहीं ठाणे और पालघर में लगातार बारिश के बीच एक 17 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया और बालकनी गिरने जैसी घटनाओं में दो लोग घायल हो गए.

देश के अन्य राज्यों में भी अलर्ट

सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है.

  • हिमाचल प्रदेश: 12 जुलाई तक ऑरेंज और येलो अलर्ट
  • दिल्ली: गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
  • केरल: भूस्खलन और फ्लैश फ्लड वाले इलाकों के लिए चेतावनी
  • गुजरात: जूनागढ़ सहित कई जिलों में भारी बारिश और जलभराव
  • पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में रेड अलर्ट
  • पंजाब-हरियाणा: अगले चार दिनों में मानसून और सक्रिय होने की संभावना
मौसम
अगला लेख