Begin typing your search...
बंगाल में बवाल! 12 साल की बच्ची की अपहरण-दुष्कर्म के बाद हत्या, सड़क-रेल जाम; पुलिस पर पथराव, कई घायल-CM ने की पिता से बात
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची का शव तालाब से मिलने के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया. परिजनों ने अपहरण और दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बंगाल में 12 साल की बच्ची की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग
( Image Source:
X/@SudhanidhiB/ANI )
Baruipur Girl Murder Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 12 साल की एक बच्ची का शव रविवार सुबह उसके घर के पास स्थित एक तालाब से बरामद हुआ. परिजनों का आरोप है कि बच्ची का पहले अपहरण किया गया, उसके साथ दुष्कर्म हुआ और फिर उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, बच्ची शनिवार दोपहर घर से खाने का सामान लेने निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. रविवार सुबह जब तालाब से शव मिला तो पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया. परिवार ने पुलिस को बताया कि चार लोगों ने बच्ची का अपहरण किया था. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अब तक क्या-क्या हुआ?
- 12 साल की बच्ची की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीड़ ने चार लोगों को संदेह के आधार पर पकड़कर उनकी पिटाई कर दी. इसके बाद लोगों ने न्याय की मांग को लेकर सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया.
- हालात तब और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों पर पथराव कर दिया.
- पुलिस के अनुसार, पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. एक गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता भेजा गया. बाद में दक्षिण बंगाल रेंज के आईजी कंकर प्रसाद बरुई मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया.
- आईजी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.
- इस बीच, राज्य सरकार की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है. पीड़िता के पिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने फोन पर बात कर उन्हें भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाएगी.
- पिता ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है. उन्हें मंगलवार को राज्य सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन बुलाया गया है.
- शव को पोस्टमार्टम के लिए बारुईपुर अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत की असली वजह और अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके.
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई है.




