Begin typing your search...

19 साल, 6 कोच लेकिन आज तक दिल्ली कैपिटल्स के हाथ नहीं लगी IPL ट्रॉफी, सौरव गांगुली से पहले कौन-कब रहा टीम का हेड कोच?

सौरव गांगुली एकबार फिर से दिल्ली कैपिटल्स टीम के साथ जुड़ गए हैं, लेकिन इस बार उनको फ्रेंचाइजी ने नया हेड कोच बनाया है. अब पूर्व भारतीय कप्तान के कंधों पर दिल्ली को पहला आईपीएल खिताब दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.

sourav ganguly
X

sourav ganguly

( Image Source:  X/ @Crex_live )

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को आईपीएल के अगले सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स का नया हेड कोच बनाया गया है. हेमांग बदानी की जगह उनको नया हेड कोच बनाया गया है, हेमांग बदानी 2 सीजन तक दिल्ली के हेड कोच रहे लेकिन टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. वहीं गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स से पुराना नाता रहा है. वह साल 2019 में फ्रेंचाइजी के सलाहकार के तौर पर जुड़े थे और इसके बाद पुरुष व महिला टीम के क्रिकेट निदेशक समेत कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं.

दिल्ली कैपिटल्स के लिए गांगुली के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को उसकी पहली आईपीएल ट्रॉफी दिलाने की होगी. 19 साल के आईपीएल सफर में दिल्ली की टीम के साथ कई बड़े नाम बतौर हेड कोच जुड़े, लेकिन कोई भी उसे चैंपियन नहीं बना सका. अब फ्रेंचाइजी ने टीम की कमान गांगुली को सौंपी है, ऐसे में उनके अनुभव और नेतृत्व पर खास नजर रहेगी.

कौन-कौन रहा दिल्ली का हेड कोच?

1. ग्रेग शिपेर्ड (2008–2011)

2. एरिक सिमंस (2012–2013)

3. गैरी कर्स्टन (2014–2015)

4. पैडी अपटन (2016–2017)

5. रिकी पोंटिंग (2018–2024)

6. हेमांग बदानी (2025–2026)

7. सौरव गांगुली (2027)

हेड कोच बनने पर क्या बोले गांगुली?

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया. उन्होंने टीम के खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के साथ अपने लंबे जुड़ाव को भी याद किया. गांगुली ने टीम द्वारा जारी बयान में कहा "आईपीएल में मुख्य कोच की भूमिका संभालने को लेकर उत्साहित हूं. दिल्ली कैपिटल्स टीम मेरे दिल के करीब है और इतने सालों में उसके साथ करीबी रिश्ता रहा है. मैंने टीम के मालिकों, प्रबंधन, सहयोगी स्टार और खिलाड़ियों के साथ करीब से काम किया है. हमारे पास काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और अतीत में हमने अच्छी क्रिकेट खेली है."

किसका रहा सबसे लंबा कार्यकाल?

दिल्ली कैपिटल्स के साथ सबसे लंबे समय तक हेड कोच की भूमिका रिकी पोंटिंग ने निभाई. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग 2018 से 2024 तक लगातार सात सीजन टीम के कोच रहे. उस दौरान ऋषभ पंत दिल्ली के कप्तान थे. पोंटिंग के लंबे कार्यकाल के बावजूद दिल्ली आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी. टीम ने कई मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन ट्रॉफी तक पहुंचने में उसे सफलता नहीं मिली.

कब-कब पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 रही टीम?

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के ग्रुप स्टेज में तीन बार शानदार प्रदर्शन करते हुए पॉइंट्स टेबल पर पहला स्थान हासिल किया. टीम 2009, 2012 और 2021 में लीग चरण के बाद नंबर-1 पर रही. इसके बावजूद दिल्ली इन सीजन में आईपीएल चैंपियन नहीं बन सकी.

अगला लेख