रोनाल्डो और जॉर्जीना ने लिविंग रूम में ही क्यों की शादी, खुद खोला इसके पीछे का राज... वेडिंग का पहला वीडियो आया सामने
बीते कुछ दिनों पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जीना ने शादी कर ली थी, अब उनकी शादी का पहला वीडियो सामने आया है. दोनों ने अपने घर के लिविंग रूम में शादी करने का फैसला किया था.
Ronaldo Georgina Wedding
दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जीना रोड्रिगेज ने हाल ही में एक-दूसरे से शादी कर ली थी, ये शादी काफी निजी रखी गई थी और दोनों ने इसका कोई भव्य समारोह या ज्यादा किसी को इनवाइट नहीं किया था. दोनों ने अपने घर के लिविंग रूम में, अपने बच्चों की मौजूदगी में एक-दूसरे से शादी की.
इस खास मौके के लिए उन्होंने वही जगह चुनी, जहां उनका परिवार रोजमर्रा की जिंदगी के सबसे यादगार पल साथ बिताता है. जिसके बाद सवाल ये था कि आखिर रोनाल्डो और जॉर्जीना ने शादी के लिए लिविंग रूम को ही क्यों चुना. इसका जवाब भी खुद जॉर्जीना ने दिया है. वहीं उनकी शादी का पहला वीडियो भी सामने आ चुका है.
लिविंग रूम में क्यों की शादी?
VOGUE को दिए गए एक इंटरव्यू में जॉर्जीना रोड्रिगेज ने बताया कि दोनों ने अपने घर के लिविंग रूम को शादी के लिए इसलिए चुना क्योंकि वहीं परिवार साथ बैठकर खाना खाता है और रोजमर्रा के पलों को साझा करता है. उन्होंने कहा, "हमने इसे अपने घर के लिविंग रूम में करने का फैसला किया है, जहां हम नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना खाते हैं, और जहां हम अपने जीवन की वास्तविकता को जीते हैं." जॉर्जीना के मुताबिक, इस शादी को बच्चों के लिए भी खास पारिवारिक याद बनाना उनका प्रमुख उद्देश्य था. उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि 30 साल बाद बच्चे सोचें, 'इस मेज पर कुछ अद्भुत हुआ था, हमारे माता-पिता ने शादी की थी."
क्या बोले रोनाल्डो?
41 वर्षीय रोनाल्डो ने शादी की इस भावुक याद के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि हो सकता है आने वाले सालों में घर की वही टेबल मौजूद न रहे. उन्होंने कहा, "यह शायद वही टेबल नहीं रहेगी. हम शायद इसकी सजावट बदल दें."
कब हुई दोनों की शादी?
रिपोर्टों के अनुसार, रोनाल्डो और 32 वर्षीय जॉर्जीना ने 10 अगस्त को शादी की. यह तारीख दोनों के रिश्ते के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन उनकी पहली मुलाकात के 10 साल पूरे हुए. दोनों की पहली मुलाकात मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में हुई थी, जहां उस समय जॉर्जीना काम करती थीं.
क्यों दोनों ने शादी को रखा निजी?
रोड्रिगेज ने बताया कि बीता साल दोनों के लिए काफी व्यस्त रहा. रोनाल्डो की फुटबॉल प्रतिबद्धताओं, प्रतियोगिताओं और काम के साथ-साथ बच्चों की परवरिश ने उनकी जिंदगी को बेहद व्यस्त रखा. ऐसे में एक बड़ा समारोह करने के बजाय घर पर करीबी लोगों के बीच शादी करना उन्हें ज्यादा ठीक लगा. रोनाल्डो की शादी ऐसे समय हुई है जब उनके शानदार फुटबॉल करियर को लेकर भी भविष्य की चर्चाएं तेज हैं. पुर्तगाल के कप्तान ने हाल ही में संकेत दिया है कि उनका मौजूदा फुटबॉल सीजन करियर का आखिरी चरण हो सकता है.
संन्यास को लेकर क्या बोले रोनाल्डो?
VOGUE के साथ बातचीत में रोनाल्डो ने कहा कि मौजूदा सीजन संभवतः फुटबॉल में उनका आखिरी साल हो सकता है और वह अपने पीछे एक शानदार विरासत छोड़ना चाहते हैं. अल नासर के स्टार फॉरवर्ड ने पहले भी संन्यास को लेकर संकेत दिए हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक अपने करियर को खत्म करने की कोई तारीख नहीं बताई है. रोनाल्डो ने बताया कि अब वह फुटबॉल से आगे की जिंदगी के बारे में भी गंभीरता से सोचने लगे हैं. वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं.




