ENG vs NZ: 30 रन की खेली पारी, मैच के बीच कप्तान बेन स्टोक्स ने क्यों लिया संन्यास: बताई असल वजह
न्यूजीलैंज के साथ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के बीच इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अचानक संन्यास लेकर हर किसी को हैरान कर दिया. हालांकि की स्टोक्स ने अपने संन्यास की असल वजह भी बताई है.
Ben Stokes retirement reason
England vs New Zealand 3rd Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच नॉटिंघम में खेला जा रहा है. मैच जीतने के लिए इंग्लैंड को आखिरी दिन 270 रन बनाने हैं. वहीं मैच के चौथे दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. चौथे दिन स्टोक्स ने 20 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेलकर अपने करियर पर विराम लगाया.
अचानक उनके संन्यास से फैंस हैरान रह गए. करीब 15 साल के अपने क्रिकेट करियर को खत्म करने की स्टोक्स ने असल वजह भी बताई है. स्टोक्स का कहना है कि यह फैसला किसी विवाद या बाहरी दबाव के चलते नहीं लिया है.
क्या रहा सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट?
स्टोक्स ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उनके भीतर भावनात्मक रूप से बहुत बड़ा बदलाव आया। इंग्लैंड की 4-1 से हार ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया और उसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि अब पहले जैसा जज़्बा नहीं बचा. उन्होंने अपनी पत्नी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा "ऑस्ट्रेलिया के बाद से इसका भावनात्मक पहलू यह है... मैंने अपनी पत्नी से यह कहा था, सच कहूं तो मुझे नहीं लगता कि अब मुझमें इससे उबरने की कोई ताकत बची है."
कैसे फैसला हुआ आसान?
स्टोक्स ने बताया कि "जैसे-जैसे मैंने इस बारे में अपनी पत्नी और अन्य लोगों से बात की, वैसे-वैसे चीजें और भी ज्यादा उलझती चली गईं. पिछले पांच-छह हफ्तों में मुझे एक और चीज का सामना करना पड़ा... मुझे लगा कि मुझे उस पर काबू पाना होगा. मुझे लगता है कि मैं अपने पूरे करियर में मैदान पर और मैदान के बाहर की निराशाओं पर काबू पाने में काफी अच्छा रहा हूं, लेकिन यह अलग था."
स्टोक्स ने माना कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लगातार दबाव अब उनके लिए पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गया था. उन्होंने कहा "हम जो काम करते हैं, वह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद कठिन है. यहां तक कि इससे इतर जो चीजें हैं जो मेहनत और परिश्रम आपको करना पड़ता है वह भी आजकल थोड़ी थका देने वाली हो गई हैं."
X/@ICC
फिटनेस रही चुनौती
उन्होंने स्वीकार किया कि 35 वर्ष की उम्र में फिटनेस बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बन चुका था. स्टोक्स ने बताया "मुझे लगता है कि मुझे मैदान पर अपना प्रदर्शन जारी रखने के लिए बहुत अधिक शारीरिक मेहनत करनी पड़ती है. क्या मुझमें वह जज़्बा है कि मैं यह सब करता रहूं, क्योंकि मैं जानता हूं कि इस देश के लिए मैदान पर उतरकर खेलने के लिए कितनी मेहनत करनी पड़ती है?"
हालांकि संन्यास का फैसला आसान नहीं था, लेकिन स्टोक्स का कहना है कि "यह निर्णय वास्तव में इस समय मेरे लिए सबसे अच्छा है. मुझे उम्मीद है कि यह टीम के लिए भी आगे चलकर सबसे अच्छा साबित होगा, लेकिन यह मुझे उस खेल से प्यार करना जारी रखने की अनुमति देगा जिसने मुझे इतना कुछ दिया है."
कैसा रहा स्टोक्स का करियर?
बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए 122 टेस्ट, 114 वनडे और 43 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट क्रिकेट में स्टोक्स ने गेंदबाजी करते हुए 252 विकेट हासिल किए हैं, इसके अलावा बल्लेबाजी करते हुए 7273 रन बनाए हैं. वहीं वनडे में उन्होंने 74 विकेट और 3463 रन बनाए हैं. इसके अलावा टी20 में 585 रन और 26 विकेट हासिल किए हैं.




