Begin typing your search...

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ की पवित्र गुफा में हुई प्रथम पूजा, आप भी करें बाबा बर्फानी के दर्शन, देखें फोटो-वीडियो

बाबा बर्फानी के भक्तों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा के साथ यात्रा का शुभारंभ हो गया है. बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है, जिनके आप दर्शन कर सकते हैं.

Baba Barfani
X

अमरनाथ की पवित्र गुफा में हुई प्रथम पूजा

( Image Source:  ANI )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 29 Jun 2026 12:25 PM IST

अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत से पहले बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा संपन्न हुई. इस शुभ अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पूजा-अर्चना कर देशभर के श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना की. इसके साथ ही इस साल की अमरनाथ यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ भी हो गया.

अगर आप भी इस साल बाबा बर्फानी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो पवित्र गुफा से सामने आईं तस्वीरें और वीडियो श्रद्धालुओं की आस्था को और भी मजबूत कर देंगी.

प्रथम पूजा के साथ यात्रा का शुभारंभ

आज पवित्र गुफा में शुभ मुहूर्त में प्रथम पूजा की गई. इस अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर सभी श्रद्धालुओं के लिए मंगलकामना की. उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. उन्होंने सभी भक्तों से धैर्य और श्रद्धा के साथ यात्रा करने की अपील भी की.

बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर

ANI

अमरनाथ की पवित्र गुफा के भीतर प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग साफ दिखाई दे रहा है. शिवलिंग के पास भगवान शिव का त्रिशूल स्थापित है, जो पूरे नजारे को और अधिक दिव्य बना रहा है. गुफा के अंदर बर्फ की परत जमी हुई है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सामने लोहे की रेलिंग लगाई गई है. यह वही पवित्र स्थान है, जहां बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं.

3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा

ANI

अमरनाथ यात्रा 2026 का आयोजन 3 जुलाई से 28 अगस्त तक होगा. कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे. हर साल यात्रा शुरू होने से पहले होने वाली प्रथम पूजा को बेहद शुभ माना जाता है और इसे यात्रा के औपचारिक शुभारंभ का प्रतीक माना जाता है.

क्या है अमरनाथ गुफा का धार्मिक महत्व?

समुद्र तल से लगभग 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा हिंदू धर्म के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है. यहां प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग को बाबा बर्फानी के रूप में पूजा जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इसी गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य यानी अमर कथा सुनाई थी.

अगला लेख