क्या Mohammed Shami अब कभी नहीं खेलेंगे इंटरनेशनल क्रिकेट? Team India में फिर Selection नहीं, Agarkar ने साफ कर दी पिक्चर
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया है. चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर ने साफ कर दिया गया है कि शमी फिलहाल सिर्फ टी-20 क्रिकेट खेलने के लिए फिट हैं.
मोहम्मद शमी
Mohammed Shami Test Return Update: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान किया. इन दोनों सीरीज में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को शामिल नहीं किया गया, जिससे सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर का कहना है कि शमी अभी टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं. यही वजह है कि अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित टेस्ट और वनडे टीम में उन्हें जगह नहीं मिली.
मंगलवार (19 मई) को टीम इंडिया के स्क्वॉड के ऐलान के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजित अगरकर ने कहा कि शमी की टेस्ट टीम में वापसी को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई. उन्होंने बताया कि मेडिकल अपडेट के मुताबिक फिलहाल शमी का शरीर केवल टी20 क्रिकेट खेलने की अनुमति दे रहा है.
अगरकर ने शमी पर क्या कहा?
अगरकर ने कहा, “जहां तक हमें जानकारी दी गई है, इस समय वह सिर्फ टी20 क्रिकेट के लिए तैयार हैं. उन्होंने घरेलू सीजन खेला है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई.”
घरेलू क्रिकेट में कैसा रहा शमी का प्रदर्शन?
35 वर्षीय मोहम्मद शमी पिछले एक साल से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. हालांकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. बंगाल के लिए खेलते हुए उन्होंने पूरे घरेलू सीजन में 67 विकेट झटके. रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ उन्होंने 9 विकेट (114 रन देकर) चटकाकर अपनी फिटनेस और फॉर्म का दम भी दिखाया था.
शमी ने आखिरी बार भारत के लिए कब खेला था टेस्ट मैच?
शमी ने भारत के लिए आखिरी बार टेस्ट मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था. वहीं, उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था, जिसे भारत ने जीता था.
आईपीएल में कैसा रहा है शमी का प्रदर्शन?
आईपीएल 2026 में भी शमी ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन बाद में लय बरकरार नहीं रख पाए. अब तक 12 मैचों में उन्होंने 10 विकेट लिए हैं.




