भारत दौरे के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, जॉन कैंपबेल की ODI में वापसी; कामिल पूरन को पहली बार मिला T20I बुलावा
भारत के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. अनुभवी ओपनर जॉन कैंपबेल की वनडे टीम में वापसी हुई है, जबकि कामिल पूरन को पहली बार टी20 इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेले जाएंगे.
West Indies squad vs India: भारत के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. कैरेबियाई टीम भारत के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी. दोनों टीमों के बीच यह सीरीज 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी और मुकाबले अलग-अलग आठ शहरों में खेले जाएंगे.
वनडे टीम में अनुभवी ओपनर जॉन कैंपबेल की वापसी हुई है. कैंपबेल न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली दो वनडे मैचों में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण नहीं खेल पाए थे. अब वह भारत के खिलाफ सीरीज में वापसी करेंगे. वनडे टीम की कप्तानी शाई होप के हाथों में रहेगी.
हेटमायर को वनडे टीम में नहीं मिली जगह
वेस्टइंडीज ने युवा बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू को भी वनडे टीम में शामिल किया है. उन्हें अकीम ऑगस्टे की जगह टीम में मौका मिला है. ऑगस्टे अगस्त में हुई सर्जरी के बाद अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और रिकवरी कर रहे हैं. वहीं, विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैच खेले थे, लेकिन अब उन्हें आराम दिया गया है. हालांकि भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में हेटमायर की वापसी होगी. कैरेबियन प्रीमियर लीग के बाद उन्हें रिकवरी के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है.
वर्ल्ड कप की तैयारी का भी मौका
भारत और वेस्टइंडीज की वनडे सीरीज सिर्फ द्विपक्षीय मुकाबला नहीं होगी, बल्कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम रहेगी. भारत के खिलाफ पहले दो वनडे के साथ वेस्टइंडीज का 2027 ICC Men's ODI World Cup के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन चरण का सफर खत्म हो जाएगा. वेस्टइंडीज की टीम स्टैंडिंग में अपने करीबी प्रतिद्वंद्वियों से आगे नहीं निकल सकी है. ऐसे में उसे अगले साल की शुरुआत में क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट खेलना होगा.
वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी का मानना है कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना उनकी टीम के लिए खुद को परखने और अपनी तैयारियों को बेहतर करने का अच्छा मौका होगा. सैमी ने कहा कि भारत के खिलाफ मुकाबले से उनकी टीम को वनडे क्रिकेट में अपने प्रदर्शन को और निखारने का अवसर मिलेगा.
कामिल पूरन को पहली बार T20I टीम में जगह
टी20 टीम में सबसे बड़ा आकर्षण कामिल पूरन का चयन है. दाएं हाथ के इस ओपनर को पहली बार वेस्टइंडीज की टी20 इंटरनेशनल टीम में बुलाया गया है. कामिल ने हाल के मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी की है. उन्होंने 8 पारियों में 273 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 159.64 और बल्लेबाजी औसत 39 रहा. इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पहली बार इंटरनेशनल टी20 टीम में जगह मिली है.
टी20 टीम में क्वेंटिन सैम्पसन को भी शामिल किया गया है. सैम्पसन इसी साल भारत में हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे. दूसरी तरफ अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर को भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है.
अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार करने पर फोकस
वेस्टइंडीज की टी20 टीम में शाई होप, रोस्टन चेज, हेटमायर, अकील हुसैन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. कोच डैरेन सैमी ने कहा कि टीम श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीत से मिले मोमेंटम को आगे बढ़ाना चाहती है. उनका फोकस अगले टी20 वर्ल्ड कप से पहले खिलाड़ियों का एक मजबूत कोर तैयार करने पर है.
वेस्टइंडीज की टीम 21 सितंबर को कैरेबियन से रवाना होगी और 23 सितंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंचेगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को खेला जाएगा.
वेस्टइंडीज की वनडे टीम
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जायडन सील्स.
वेस्टइंडीज की T20I टीम
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरन हेटमायर, अकील हुसैन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर.




