Begin typing your search...

30 गेंद में सेंचुरी, एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के! अफगानिस्तान के खिलाफ Abhishek Sharma ने कौन-कौन से रिकॉर्ड बनाए?

अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 छक्के शामिल थे. उन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाकर फुल मेंबर टीमों के बीच सबसे तेज T20I सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस दौरान ोअभिषेक ने रोहित शर्मा का 35 गेंदों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

Abhishek Sharma Smashes 30-Ball T20I Century, Breaks Rohit Sharma’s India Record
X

Abhishek Sharma  

( Image Source:  BCCI )

Abhishek Sharma Records: भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने टी20 इंटरनेशनल के कई रिकॉर्ड्स को एक साथ चर्चा में ला दिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 34 गेंदों पर 108 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे. उनकी पारी की बदौलत भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए.

अभिषेक की पारी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड उनका शतक रहा. उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में सेंचुरी पूरी की, जो किसी फुल मेंबर टीम के बल्लेबाज का टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 33 गेंदों का था, जिसे जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और न्यूजीलैंड के फिन एलन ने बनाया था.

पूरे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो अभिषेक की 30 गेंदों वाली सेंचुरी तीसरे नंबर पर आती है. उनसे तेज शतक एस्टोनिया के साहिल चौहान ने 27 गेंद और तुर्की के मुहम्मद फहद ने 29 गेंद में लगाया था. यानी अभिषेक ने फुल मेंबर देशों के बल्लेबाजों के बीच नया रिकॉर्ड जरूर बनाया.

रोहित शर्मा का 9 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

अभिषेक शर्मा की इस पारी का भारत के लिहाज से एक और बड़ा महत्व है. इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था. रोहित ने 2017 में इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था. अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंद में सेंचुरी पूरी करके रोहित के इस रिकॉर्ड को पांच गेंद से पीछे छोड़ दिया. यानी भारतीय क्रिकेट में टी20 इंटरनेशनल के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब अभिषेक शर्मा के नाम है.

सबसे तेज़ T20I शतक (Full Member टीमें)

  • 30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफ़गानिस्तान, दिल्ली, 2026
  • 33 - सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
  • 33 - फिन एलन (न्यूज़ीलैंड) बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, 2026
  • 35 - डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, पॉचेफस्ट्रूम, 2017
  • 35 - रोहित शर्मा (भारत) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017

सबसे तेज़ T20I शतक

  • 27 - साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
  • 29 - मुहम्मद फहाद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025
  • 30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफ़गानिस्तान, दिल्ली, 2026
  • 33 - जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (नामीबिया) बनाम नेपाल, कीर्तिपुर, 2024
  • 33 - सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
  • 33 - फिन एलन (न्यूज़ीलैंड) बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, 2026

11 छक्कों से भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

अभिषेक की 108 रन की पारी सिर्फ शतक की वजह से खास नहीं रही. उन्होंने अपनी पारी में 11 छक्के लगाए। यह टी20 इंटरनेशनल की एक पारी में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाए गए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं.

एक कैलेंडर ईयर में T20I में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • 108 - अभिषेक शर्मा, 2025
  • 96 - अभिषेक शर्मा, 2026
  • 87 - अभिषेक शर्मा, 2024
  • 86 - वैभव सूर्यवंशी, 2026
  • 85 - सूर्यकुमार यादव, 2022

T20I की एक पारी में भारत के लिए सबसे ज़्यादा छक्के

  • 13 - अभिषेक शर्मा बनाम इंग्लैंड, मुंबई WS, 2025
  • 11 - अभिषेक शर्मा बनाम अफ़गानिस्तान, दिल्ली, 2026
  • 10 - रोहित शर्मा बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
  • 10 - संजू सैमसन बनाम दक्षिण अफ्रीका, डरबन, 2024
  • 10 - तिलक वर्मा बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2024
  • 10 - ईशान किशन बनाम न्यूज़ीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026

भारत की तरफ से एक टी20 इंटरनेशनल पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अभिषेक के ही नाम है. उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में 13 छक्के लगाए थे. इस सूची में रोहित शर्मा के 10 छक्के, संजू सैमसन के 10, तिलक वर्मा के 10 और ईशान किशन के 10 छक्के भी शामिल हैं.

20 गेंद से कम में फिफ्टी लगाने का भी दबदबा

अभिषेक शर्मा की खासियत सिर्फ बड़े शतक नहीं, बल्कि बेहद तेज फिफ्टी लगाने की क्षमता भी है. भारत की ओर से सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल फिफ्टी का रिकॉर्ड अभी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. लेकिन इसके बाद अभिषेक का नाम लगातार नजर आता है. उन्होंने 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 गेंद, अफगानिस्तान के खिलाफ 16 गेंद और 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 17 गेंद में फिफ्टी पूरी की थी.

20 या उससे कम गेंदों में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अभिषेक 6 बार के साथ सबसे आगे हैं. युवराज सिंह, कॉलिन मुनरो, आदिल बट, फिन एलन और दासुन शनाका तीन-तीन बार ऐसा कर चुके हैं.

एक कैलेंडर ईयर में छक्कों की रफ्तार भी अलग

सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सभी टी20 मैचों में भी अभिषेक का छक्कों का रिकॉर्ड बेहद खास है. 2025 में उन्होंने भारत के बल्लेबाजों में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 108 छक्के लगाए. 2026 में भी वह 96 छक्कों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. 2024 में उनके बल्ले से 87 छक्के निकले थे.

2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 86 और सूर्यकुमार यादव ने 2022 में 85 छक्के लगाए थे. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अभिषेक की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा हथियार उनका पावर गेम है. वह पारी को सेट करने में ज्यादा समय लगाने के बजाय शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं.

भारत ने पावरप्ले में भी रचा इतिहास

अभिषेक के तूफान का असर सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स तक सीमित नहीं रहा. भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में शुरुआती छह ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार किया. भारत का 6 ओवर के बाद 100/0 का स्कोर पुरुष टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के दौरान 100 से ज्यादा रन बनाने वाली टीमों की सूची में शामिल हो गया. इस सूची में रोमानिया का 116/0, ऑस्ट्रेलिया का 113/1, जिम्बाब्वे का 103/1, दक्षिण अफ्रीका का 102/0 और इंग्लैंड का 100/0 जैसे स्कोर पहले से मौजूद हैं.

राशिद खान ने खत्म की अभिषेक की तूफानी पारी

अभिषेक की पारी आखिरकार अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने खत्म की. उन्होंने गुगली को ऑफ स्टंप के बाहर फेंका और अभिषेक ने उसे पॉइंट के ऊपर से खेलने की कोशिश की. गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज के हाथों में चली गई. अभिषेक ने कैच के फैसले पर रिव्यू लिया, लेकिन अल्ट्राएज में साफ स्पाइक दिखाई दिया और उन्हें वापस लौटना पड़ा. हालांकि 34 गेंदों पर 108 रन की यह पारी पहले ही रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुकी थी.

अभिषेक के रिकॉर्ड्स क्या बताते हैं?

अभिषेक शर्मा के आंकड़ों को एक साथ देखें तो उनकी टी20 बल्लेबाजी की तस्वीर साफ दिखाई देती है. वह तेज शुरुआत, बड़े शॉट्स और कम गेंदों में ज्यादा रन बनाने के लिए जाने जाते हैं. 30 गेंदों में शतक, 34 गेंदों में 108 रन, 11 छक्के और 20 गेंद या उससे कम में 6 टी20 इंटरनेशनल फिफ्टी, ये आंकड़े बताते हैं कि अभिषेक ने भारतीय टी20 क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी की एक अलग पहचान बना ली है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख