Begin typing your search...

3 मंजिल, 60 कमरे और सफेद महल... यहां हुआ था माता सीता का विवाह, जानें पड़ोसी देश के इस मंदिर की खासियत

नेपाल में माता सीता का मंदिर है, जिसे जनक मंदिर कहा जाता है. मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था.

3 मंजिल, 60 कमरे और सफेद महल... यहां हुआ था माता सीता का विवाह, जानें पड़ोसी देश के इस मंदिर की खासियत
X
( Image Source:  chatgpt )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 16 Nov 2026 10:43 AM IST

रामायण की कहानी में माता सीता का नाम आते ही उनके जन्म से लेकर भगवान राम के साथ विवाह तक के कई प्रसंग याद आते हैं. मान्यता है कि माता सीता का जन्म धरती से हुआ था और मिथिला के राजा जनक ने उन्हें अपनी बेटी के रूप में अपनाया था. यही वजह है कि उन्हें जानकी भी कहा जाता है. नेपाल के जनकपुर में एक ऐसा भव्य मंदिर है, जिसे देखकर पहली नजर में किसी सफेद महल का एहसास होता है.

तीन मंजिला इमारत, करीब 60 कमरे और खूबसूरत नक्काशी इसकी पहचान हैं. खास बात यह है कि इस मंदिर का रिश्ता माता सीता से जुड़ा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जनकपुर माता सीता का मायका है और इसी जगह भगवान राम के साथ उनका विवाह हुआ था. यही वजह है कि भारत ही नहीं, नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं.

कहां है माता सीता का मंदिर?

नेपाल के जनकपुर में बना जानकी मंदिर अपनी भव्य बनावट के लिए मशहूर है. माता सीता को समर्पित इस धार्मिक स्थल की नींव 1874 में रखी गई थी. नेपाल टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, इसके निर्माण में स्थानीय कारीगरी के साथ मुगल शैली का भी इस्तेमाल किया गया है. सफेद रंग की इस इमारत की दीवारों और खंभों पर पत्थर व संगमरमर से की गई बारीक कलाकारी इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती है.

इसे नौ लखा मंदिर क्यों कहा जाता है?

नेपाल में इस मंदिर को नौ लखा मंदिर भी कहा जाता है. प्रचलित लोककथाओं के मुताबिक, इसके निर्माण पर लगभग नौ लाख सोने की मुद्राएं खर्च की गई थीं. इसी भारी रकम के चलते इसे नौ लखा मंदिर कहा जाने लगाय आज भी इसकी विशाल इमारत, बारीक नक्काशी और शानदार बनावट देखकर इसकी भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

कहां हुआ था माता सीता का विवाह?

ANI

धार्मिक कथाओं में जनकपुर को माता सीता के बचपन से जुड़ी पवित्र नगरी माना गया है. मान्यता है कि इसी धरती पर उनका विवाह भगवान राम के साथ हुआ था. जानकी मंदिर परिसर में दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर एक विवाह मंडप भी बना है, जिसे राम और सीता के विवाह स्थल के रूप में पूजा जाता है. इस पौराणिक प्रसंग की याद में यहां हर साल विवाह पंचमी का आयोजन किया जाता है. इस दौरान भगवान राम और माता सीता के विवाह की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई जाती हैं. इस खास उत्सव को देखने और इसमें शामिल होने के लिए भारत के साथ-साथ नेपाल के अलग-अलग हिस्सों से भी बड़ी संख्या में भक्त जनकपुर पहुंचते हैं.

कैसा दिखता है मंदिर?

माता सीता को समर्पित यह मंदिर अपनी विशाल संरचना के लिए भी जाना जाता है. पूरी इमारत तीन मंजिलों में बनी है और इसके अंदर लगभग 60 कमरे हैं. आकार और बनावट के लिहाज से इसे नेपाल के प्रमुख मंदिरों में जगह मिली हुई है. यहां स्थापित माता सीता की मूर्ति को लेकर कहा जाता है कि 17वीं सदी में इसे अयोध्या के आसपास के इलाके से प्राप्त किया गया था. मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक अहमियत को देखते हुए नेपाल सरकार ने इसके आसपास के पूरे इलाके को प्राचीन स्मारक संरक्षण कानून के अंतर्गत सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया है.

अगला लेख