Diwali 2026: दिवाली से पहले घर से बाहर कर दें ये 4 चीजें, वरना रूठ सकती हैं मां लक्ष्मी
दिवाली पर मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं, तो घर में रखी बंद घड़ी और खंडित मूर्तियों को हटा दें. त्योहार में घर ऐसे चीजें रखने से मां लक्ष्मी रूठ सकती हैं.
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई और सजावट का सिलसिला शुरू हो जाता है. इस साल 8 नवंबर को मनाया जाएगा. मान्यता है कि साफ-सुथरे और व्यवस्थित घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है. ऐसे में लोग घर के कोने-कोने की सफाई करने के साथ उन चीजों को भी बाहर निकालते हैं, जिन्हें वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शुभ नहीं माना जाता.
दिवाली से पहले घर से बंद घड़ी को हटा दें या ठीक करवा लें. इसके अलावा, झाड़ू का संबंध मां लक्ष्मी से बताया जाता है. इसलिए अगर यह पुरानी या खराब हो गई है, तो फेंक दें.
घर में कौन-सी चीजें न रखें
धार्मिक और वास्तु मान्यताओं के अनुसार, घर में टूटा हुआ शीशा रखना अशुभ माना जाता है. माना जाता है कि इससे घर का माहौल नकारात्मक हो सकता है और सुख-समृद्धि में बाधा आती है. इसलिए दिवाली की सफाई के दौरान टूटे आईने और खराब कांच के बर्तनों को सावधानी से घर से हटा दें.
बंद घड़ी
घर में लंबे समय से बंद पड़ी घड़ी को यूं ही न छोड़ें, बल्कि दिवाली से पहले उसे ठीक करवा लें. अगर घड़ी खराब हो चुकी है और इस्तेमाल नहीं की जा सकती, तो उसे घर से हटा दें. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, बंद घड़ी तरक्की में रुकावट और ठहरे हुए समय का संकेत मानी जाती है.
खंडित मूर्तियां क्यों नहीं रखनी चाहिए?
अगर पूजा घर में रखी भगवान की मूर्ति टूट गई है, तो उसे पूजा स्थल से अलग कर दें. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, खंडित मूर्तियों की नियमित पूजा नहीं करनी चाहिए और उन्हें आदर के साथ हटाना चाहिए. ऐसी मूर्तियों के उचित निपटान के लिए स्थानीय मंदिर के पुजारी या परंपरा के जानकार से सलाह लें.
पुरानी झाड़ू क्यों बदलें?
धार्मिक मान्यताओं में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है. इसी वजह से दिवाली आने से पहले घर में रखी खराब या टूटी झाड़ू को बदलने की परंपरा है. माना जाता है कि त्योहार पर नई झाड़ू लाना घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का संकेत होता है.




