चंद्रमा की पूजा का क्या है महत्व? जानिए चंद्रदेव से जुड़ी धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताएं
हिंदू धर्म और वैदिक ज्योतिष में चंद्रदेव को मन, भावनाओं, शांति और मानसिक संतुलन का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चंद्रमा की पूजा से सुख-समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन की बाधाओं से मुक्ति मिलती है.
चंद्रमा की पूजा करतीं महिला (सांकेतिक तस्वीर)
हिंदू धर्म और वैदिक ज्योतिष शास्त्र दोनों में चंद्रमा का विशेष स्थान माना गया है. नवग्रहों में चंद्रदेव को मन, भावनाओं, शांति और सौम्यता का प्रतीक माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार चंद्रमा सबसे तेज गति से चलने वाला ग्रह है, जो लगभग ढाई दिन में एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करता है. यही कारण है कि व्यक्ति के मन, विचारों और भावनात्मक स्थिति पर चंद्रमा का प्रभाव सबसे अधिक माना जाता है. आइए जानते हैं चंद्रमा की उत्पत्ति, ज्योतिषीय महत्व और उनकी पूजा से जुड़े विशेष रहस्यों के बारे में.
चंद्रदेव की उत्पत्ति की कथा
पुराणों के अनुसार सृष्टि की रचना के समय ब्रह्माजी ने अपने मानस पुत्र के रूप में महर्षि अत्रि को उत्पन्न किया था. महर्षि अत्रि का विवाह देवी अनसूया से हुआ. उनके तीन प्रसिद्ध पुत्र हुए भगवान दत्तात्रेय, महर्षि दुर्वासा और सोमदेव, जिन्हें चंद्रमा के नाम से जाना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार चंद्रदेव का विवाह दक्ष प्रजापति की 27 कन्याओं से हुआ था. यही 27 कन्याएं आगे चलकर 27 नक्षत्रों के रूप में प्रसिद्ध हुईं. चंद्रमा जब इन सभी नक्षत्रों की परिक्रमा पूरी करता है, तब एक चंद्र मास पूर्ण माना जाता है.
ज्योतिष में चंद्रमा का महत्व
वैदिक ज्योतिष में चंद्रमा को मन और भावनाओं का स्वामी माना गया है. यह व्यक्ति की मानसिक स्थिति, स्मरण शक्ति, कल्पनाशक्ति और संवेदनशीलता को प्रभावित करता है. इसके अलावा माता, सुख-सुविधाएं, यात्रा, जल तत्व से चंद्रमा को जोड़ा गया है. चंद्रमा कर्क राशि का स्वामी है और रोहिणी, हस्त और श्रवण नक्षत्र पर इसका अधिकार माना जाता है.
क्यों की जाती है चंद्रदेव की पूजा?
ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन का अधिपति कहा गया है. माना जाता है कि यह व्यक्ति के विचारों और भावनाओं को नियंत्रित करता है. शरीर में दोनों भौहों के मध्य स्थित स्थान को चंद्र केंद्र माना गया है. इसी कारण महिलाएं माथे पर बिंदी या तिलक धारण करती हैं, जिसे मानसिक एकाग्रता और शुभता का प्रतीक माना जाता है.
भगवान शिव के मस्तक पर सुशोभित अर्धचंद्र भी चंद्रमा के महत्व को दर्शाता है. यह संयम, आशा और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चंद्रदेव की आराधना करने से सौभाग्य, संतान सुख, धन-धान्य, वैवाहिक सुख और जीवन की विभिन्न बाधाओं से मुक्ति प्राप्त होती है.
चंद्र उपासना के लाभ
धार्मिक ग्रंथों में चंद्र उपासना को अत्यंत पुण्यकारी बताया गया है. मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक चंद्रदेव की आराधना करने से मानसिक शांति, उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जीवन में सकारात्मकता प्राप्त होती है. साथ ही व्यक्ति के कष्ट कम होते हैं और उसे आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी प्राप्त होता है.




