चाणक्य नीति के अनुसार Gen Z कैसे करें सच्चे Friends की पहचान? कभी नहीं मिलेगा धोखा
चाणक्य नीति के अनुसार, किसी इंसान की असली पहचान उसके अच्छे वक्त में नहीं, बल्कि मुसीबत के समय उसके व्यवहार से होती है. सच्चा दोस्त वही है जो संकट में साथ खड़ा रहे, जबकि सामने मीठा बोलकर पीछे नुकसान करने वाले व्यक्ति से दूरी रखना बेहतर है,
Chanakya Niti: आज फ्रेंडशिप डे (Friendship Day) हैं. हर साल 2 अगस्त को यह दिन मनाया जाता है. आज के समय में दोस्त बनाना आसान है, लेकिन कौन सच्चा है और कौन सिर्फ मतलब के लिए आपके साथ है, यह समझना कई बार मुश्किल हो जाता है. आचार्य चाणक्य ने अपनी नीतियों में ऐसे लोगों को पहचानने के कई तरीके बताए हैं. उनके अनुसार किसी व्यक्ति की असली परीक्षा उसके अच्छे समय में नहीं, बल्कि मुश्किल हालात में होती है.
चाणक्य नीति में दोस्ती, विश्वास और रिश्तों को लेकर कई ऐसी बातें कही गई हैं, जो आज के समय में भी लोगों को सावधान रहने की सीख देती हैं. चाणक्य के अनुसार हर मीठी बात करने वाला व्यक्ति आपका शुभचिंतक नहीं होता. हर समय साथ रहने वाला व्यक्ति भी जरूरी नहीं कि सच्चा मित्र हो.
मुसीबत में जो साथ खड़ा रहे, वही सच्चा दोस्त
चाणक्य नीति में कहा गया है कि बीमारी, संकट, विपत्ति, शत्रु के सामने कठिन परिस्थिति, महत्वपूर्ण काम और अंतिम समय में जो व्यक्ति आपके साथ खड़ा रहता है, वही वास्तव में आपका अपना है.
“आतुरे व्यसने प्राप्ते दुर्भिक्षे शत्रुसण्कटे।
राजद्वारे श्मशाने च यस्तिष्ठति स बान्धवः॥”
इसका मतलब है कि असली मित्र या संबंधी वही है जो परेशानी के समय आपका साथ न छोड़े. सुख के समय तो बहुत से लोग आपके आसपास रहेंगे, लेकिन मुश्किल आने पर जो आपके साथ खड़ा रहे, उसकी दोस्ती को सच्चा माना जा सकता है. यानी किसी व्यक्ति को सिर्फ उसकी बातों से नहीं, बल्कि मुश्किल समय में उसके व्यवहार से पहचानना चाहिए.
सामने मीठी बातें, पीछे नुकसान पहुंचाने वाला दोस्त खतरनाक
चाणक्य ने ऐसे लोगों से सावधान रहने की सलाह दी है जो सामने तो आपकी तारीफ करते हैं, लेकिन आपकी गैरमौजूदगी में आपके खिलाफ बातें करते हैं या आपका काम बिगाड़ने की कोशिश करते हैं.
“परोक्षे कार्यहन्तारं प्रत्यक्षे प्रियवादिनम्।
वर्जयेत्तादृशं मित्रं विषकुम्भं पयोमुखम्॥”
इस नीति का भावार्थ है कि जो व्यक्ति सामने मीठा बोलता है लेकिन पीछे से नुकसान पहुंचाता है, उससे दूरी बनाना ही बेहतर है. चाणक्य ने ऐसे व्यक्ति की तुलना ऐसे बर्तन से की है जिसके ऊपर दूध दिखाई देता है, लेकिन अंदर विष भरा हुआ है. आज की भाषा में समझें तो सिर्फ मीठी बातों और तारीफ के आधार पर किसी को अपना करीबी नहीं बना लेना चाहिए। उसके व्यवहार और आपके प्रति वास्तविक रवैये को भी समझना जरूरी है.
हर दोस्त पर आंख बंद करके भरोसा न करें
चाणक्य नीति विश्वास को लेकर भी सावधानी बरतने की बात करती है.
“न विश्वसेत्कुमित्रे च मित्रे चापि न विश्वसेत्।
कदाचित्कुपितं मित्रं सर्वं गुह्यं प्रकाशयेत्॥”
इसका आशय है कि बुरे मित्र पर भरोसा नहीं करना चाहिए और करीबी मित्र के सामने भी अपनी हर गुप्त बात खोलने से बचना चाहिए... क्योंकि रिश्ते हमेशा एक जैसे रहें, यह जरूरी नहीं है. अगर किसी कारण से दोस्ती में दरार आ जाए, तो वही व्यक्ति आपकी निजी बातें दूसरों के सामने उजागर कर सकता है. इसलिए चाणक्य की सीख है कि दोस्ती में भरोसा जरूर रखें, लेकिन अपनी निजी और बेहद संवेदनशील जानकारी साझा करने में समझदारी बरतें.
स्वार्थ के लिए बने रिश्तों को पहचानना भी जरूरी
किसी रिश्ते की मजबूती का पता इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उसमें सिर्फ एक व्यक्ति का फायदा हो रहा है या दोनों एक-दूसरे का साथ देते हैं. यदि कोई व्यक्ति केवल अपने काम के समय आपको याद करता है और जरूरत खत्म होते ही दूरी बना लेता है, तो ऐसे रिश्ते को लेकर सावधान रहना चाहिए. सच्ची दोस्ती में केवल फायदे और नुकसान का हिसाब नहीं होता. सच्चा मित्र आपकी परेशानी को समझता है, जरूरत के समय मदद करता है और आपकी गैरमौजूदगी में भी आपके सम्मान का ख्याल रखता है.
चाणक्य नीति की सीख क्या है?
चाणक्य की इन बातों का मूल संदेश यही है कि किसी व्यक्ति को उसकी बातों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और कठिन परिस्थितियों में उसके रवैये से परखना चाहिए. मुश्किल समय में साथ देने वाला व्यक्ति, आपकी सफलता से खुश होने वाला दोस्त और आपकी गैरमौजूदगी में भी आपका सम्मान बनाए रखने वाला इंसान आपके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है. वहीं, मीठी बातों के पीछे छिपे स्वार्थ और धोखे को पहचानना भी जरूरी है.
डिस्क्लेमर: यह लेख चाणक्य नीति में बताए गए विचारों और पारंपरिक व्याख्याओं पर आधारित है. इसे सामान्य जीवन-मार्गदर्शन के रूप में पढ़ें.




