Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार पर बिना थके पूरा करें व्रत, भूख और कमजोरी से बचाएंगे ये आसान टिप्स
Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार का व्रत रखने जा रहे हैं, तो सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. दूध, दही, फल, मखाना खाने से आप दिनभर एनर्जेटिक रह सकते हैं.
सावन के पहले सोमवार के व्रत में भूख और कमजोरी से कैसे बचें
सावन के पहले सोमवार का व्रत भगवान शिव की कृपा पाने के लिए कई लोग पूरे श्रद्धा भाव से रखते हैं. लेकिन लंबे समय तक खाली पेट रहने की वजह से कई लोगों को थकान, कमजोरी और बार-बार भूख लगने की परेशानी होने लगती है. ऐसे में व्रत शुरू करने से पहले और व्रत के दौरान सही खानपान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
अगर आप भी बिना थके पूरा दिन व्रत करना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में फल, दूध, दही, मखाना, सूखे मेवे और पर्याप्त मात्रा में पानी जैसी चीजें शामिल करें. सही समय पर सही चीजें खाने-पीने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है और भूख व कमजोरी भी कम महसूस होती है.
व्रत शुरू करने से पहले भरपेट खाएं
अगर आपका व्रत सुबह से शुरू होता है, तो उससे पहले ऐसे चीजें खाएं, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो और शरीर को भरपूर एनर्जी मिले. आप दूध, दही, केला, सेब, मखाना, मूंगफली, बादाम, अखरोट और दूसरे सूखे मेवे खा सकते हैं. इनमें मौजूद प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा देते हैं, जिससे दिनभर जल्दी भूख और कमजोरी महसूस होने की संभावना कम रहती है.
शरीर में पानी की कमी न होने दें
व्रत के दौरान दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. आप नारियल पानी या नींबू पानी भी पी सकते हैं, क्योंकि ये शरीर को तरोताजा रखने और ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं. जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है, तो जल्दी थकान, चक्कर, सिरदर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है. इसलिए व्रत के दौरान खुद को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है.
फल और ड्राई फ्रूट्स रखें साथ
अगर आप फलाहार वाला व्रत रख रहे हैं, तो अपने साथ केला, सेब, अनार या मुट्ठीभर बादाम और अखरोट जरूर रखें. जब भी भूख महसूस हो, इन्हें थोड़ा सा खा लें. फलों से शरीर को जरूरी विटामिन और नैचुरल शुगर मिलती है, जबकि बादाम और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और शरीर में कमजोरी भी कम महसूस होती है.
बहुत ज्यादा भागदौड़ से बचें
व्रत के दौरान शरीर को सामान्य दिनों की तुलना में कम ऊर्जा मिलती है. इसलिए बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत या लगातार धूप में रहने से बचें. बीच-बीच में थोड़ा आराम करने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है.
पूरी नींद लेना भी है जरूरी
व्रत वाले दिन से पहले रात में कम से कम 7–8 घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करें. पूरी नींद लेने से सुबह शरीर तरोताजा महसूस करता है और दिनभर काम करने की ऊर्जा बनी रहती है. वहीं, अगर नींद पूरी नहीं होती, तो व्रत के दौरान जल्दी थकान, आलस, कमजोरी और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है. इसलिए व्रत के साथ-साथ अच्छी नींद का भी खास ध्यान रखें.




