51 की उम्र में भी कैसे चमक रही है Preity Zinta की स्किन? नो बोटॉक्स नो फिलर्स; जानें उनका सिंपल स्किनकेयर रूटीन
51 साल की उम्र में भी प्रीति ज़िंटा की फिटनेस और ग्लोइंग स्किन लोगों को हैरान कर रही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि सिंपल स्किनकेयर, हेल्दी लाइफस्टाइल और नियमित आदतें ही असली ब्यूटी सीक्रेट हैं.
51 साल की उम्र में भी प्रीति ज़िंटा (Preity Zinta) अपनी दमकती स्किन और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं. आजकल के समय में जहां लोग बोटॉक्स, फिलर्स और महंगे ट्रीटमेंट्स की ओर भाग रहे हैं, वहां प्रीति ज़िंटा ने सोशल मीडिया पर अपनी सादगी भरी स्किनकेयर की बात शेयर करके कई ब्यूटी मिथ्स को तोड़ दिया. हाल ही में एक फैन ने उनसे उनके स्किनकेयर राज़ पूछे तो प्रीति ने बहुत सीधा और साफ जवाब दिया. एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी त्वचा की देखभाल किसी महंगे प्रोडक्ट्स या ट्रीटमेंट्स पर नहीं टिकी है.
उन्होंने लिखा, 'सनस्क्रीन लगाएं, साफ-सुथरे और अच्छे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करें. रेटिनॉल या कोई भी कठोर प्रोडक्ट्स अवॉइड करें. कम मेकअप करें ताकि आपकी त्वचा सांस ले सके.' प्रीति ज़िंटा सिर्फ बाहरी प्रोडक्ट्स पर भरोसा नहीं करती. उन्होंने जोर देकर कहा कि असली चमकदार और स्वस्थ त्वचा अंदर से आती है. डाइट, एक्सरसाइज, अच्छी नींद और कम तनाव ये चार चीजें उनके अनुसार 'गेम चेंजर' हैं. उन्होंने आगे लिखा, 'धूम्रपान, शराब और सूजन बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ त्वचा को सबसे ज्यादा बूढ़ा बनाते हैं, इसलिए इनसे दूर रहें. खूब पानी पिएं, खुश रहें, व्यायाम करें. बुनियादी बातों का रोज पालन करें और रेगुलर रहें नतीजे खुद-ब-खुद दिखेंगे।'
डॉक्टर की राय: रेटिनॉल अच्छा है या नहीं?
प्रीति ज़िंटा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई. एक्सपर्ट ने इस विषय पर अपनी राय दी कि रेटिनॉल बढ़ती उम्र की त्वचा के लिए फायदेमंद हो सकता है क्योंकि यह कोलेजन बढ़ाता है, पिगमेंटेशन कम करता है, त्वचा की बनावट को बेहतर बनाता है और महीन रेखाओं को घटाता है. लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि सेंसटिव स्किन वाले लोगों में रेटिनॉल से जलन, लालिमा या रूखापन हो सकता है. इसलिए इसे इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
हेल्दी स्किन का सबसे आसान रूटीन
स्किन बनाए रखने के लिए कोई जादुई क्रीम नहीं, बल्कि एक सरल और रेगुलर रूटीन काफी है. इसमें शामिल हैं:
रोजाना चेहरा साफ करना (क्लींजिंग)
अच्छा मॉइस्चराइजर लगाना
एसपीएफ 30+ वाला सनस्क्रीन रोजाना लगाना (चाहे घर पर ही क्यों न हों)
खूब पानी पीना
हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना
40 और 50 की उम्र में त्वचा की देखभाल कैसे करें?
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, स्किन में कोलेजन कम होने लगता है, रूखापन आता है और झुर्रियां दिखने लगती हैं. इस उम्र में कई सारे हार्ड प्रोडक्ट्स एक साथ इस्तेमाल करने की बजाय सादगी पर ध्यान दें. जरूरी बातें:
बैलेंस्ड और स्वच्छ डाइट लें
रोज एक्सरसाइज करें
रात को अच्छी नींद लें
तनाव को कम करें
धूम्रपान और ज्यादा शराब से पूरी तरह बचें
एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्किन की देखभाल कोई एक बार का काम नहीं है. यह हर रोज की छोटी-छोटी आदतों का नतीजा है. प्रोडक्ट्स आपकी स्किन को मदद कर सकते हैं, लेकिन आपकी अंदरूनी सेहत लंबे समय तक त्वचा पर असली असर डालती है.




