Periods Blood Study: सिर्फ ब्लड नहीं, सेहत का आईना भी है पीरियड्स का खून? 7 बड़े संकेत
Periods Blood Health Report: पीरियड्स का खून सिर्फ एक जैविक प्रक्रिया नहीं, बल्कि महिलाओं की हेल्थ रिपोर्ट भी हो सकता है. रिसर्च के मुताबिक इससे एंडोमेट्रियोसिस, सर्वाइकल कैंसर, डायबिटीज और हार्मोन से जुड़ी कई बीमारियों के संकेत मिल सकते हैं.
Periods Blood Health Report : महिलाओं के लिए पीरियड्स अक्सर सिर्फ एक मासिक प्रक्रिया मानी जाती है, लेकिन वैज्ञानिक अब इसे शरीर की “हेल्थ रिपोर्ट” की तरह देखने लगे हैं. नई रिसर्च बताती है कि पीरियड्स का खून केवल ब्लड नहीं होता, बल्कि इसमें हार्मोन, प्रोटीन, बैक्टीरिया, टिशू और कई तरह के सेल्स मौजूद होते हैं, जो महिलाओं की सेहत के बारे में महत्वपूर्ण संकेत दे सकते हैं.
कैलिफ़ोर्निया के ओकलैंड में एक फर्म की लैब के रिसर्चर्स का मानना है कि भविष्य में पीरियड ब्लड टेस्ट के जरिए कई बीमारियों का जल्दी और बिना सर्जरी के पता लगाया जा सकता है. आइए 7 पॉइंट्स में समझते हैं कि पीरियड्स का खून महिलाओं की सेहत के बारे में क्या-क्या बता सकता है.
1. पीरियड ब्लड महिलाओं के लिए ‘मेडिकल गोल्ड माइन’ कैसे?
महिलाओं में हर महीने होने वाला पीरियड अक्सर सिर्फ एक सामान्य जैविक प्रक्रिया माना जाता है. लेकिन वैज्ञानिक अब मानते हैं कि पीरियड्स का खून केवल शरीर से निकलने वाला ब्लड नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सेहत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देने वाला एक “मेडिकल गोल्ड माइन” हो सकता है.
रिसर्च के अनुसार पीरियड ब्लड में कई ऐसे सेल्स, हार्मोन, प्रोटीन और जेनेटिक संकेत मौजूद होते हैं जो महिलाओं के रिप्रोडक्टिव सिस्टम ही नहीं बल्कि पूरे शरीर की सेहत के बारे में जानकारी दे सकते हैं. इसी वजह से कई वैज्ञानिक और बायोटेक कंपनियां अब पीरियड ब्लड के आधार पर नए मेडिकल टेस्ट विकसित करने पर काम कर रही हैं.
2. एंडोमेट्रियोसिस का जल्दी पता लगाने में मदद
पीरियड ब्लड सबसे ज्यादा जिस बीमारी के डायग्नोसिस में मददगार साबित हो सकता है, वह है Endometriosis. यह एक ऐसी बीमारी है जिसमें बच्चेदानी (यूटेरस) की परत का टिशू शरीर के दूसरे हिस्सों में बढ़ने लगता है. इसके कारण तेज दर्द, भारी पीरियड्स और यहां तक कि बांझपन की समस्या भी हो सकती है.
अक्सर इस बीमारी का पता लगाने में 5 से 12 साल तक लग जाते हैं क्योंकि इसके लिए सर्जिकल टेस्ट की जरूरत पड़ती है. वैज्ञानिक अब पीरियड ब्लड में मौजूद खास बायोमार्कर के जरिए इसका जल्दी और आसान टेस्ट विकसित करने पर काम कर रहे हैं.
3. सर्वाइकल कैंसर का खतरा पहचानने में मदद
पीरियड ब्लड से Cervical Cancer के खतरे का भी पता लगाया जा सकता है. कुछ स्टडी में पाया गया है कि पीरियड ब्लड के सैंपल से Human Papillomavirus (HPV) के हाई-रिस्क स्ट्रेन का पता लगाया जा सकता है. यही वायरस सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण माना जाता है. अगर यह तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है तो भविष्य में महिलाएं घर बैठे ही अपने पीरियड सैंपल से कैंसर का जोखिम जांच सकेंगी.
4. डायबिटीज का संकेत भी दे सकता है
रिसर्च में यह भी पाया गया है कि पीरियड ब्लड में मौजूद शुगर लेवल शरीर के ब्लड शुगर को काफी हद तक दिखाता है. इससे Diabetes का जोखिम समझने में मदद मिल सकती है. वैज्ञानिकों ने ऐसे सैनिटरी पैड भी विकसित किए हैं जिनसे पीरियड ब्लड के जरिए ब्लड शुगर की जांच की जा सकती है. इसका फायदा यह होगा कि महिलाओं को बार-बार ब्लड टेस्ट कराने की जरूरत कम हो सकती है.
5. हार्मोन और थायरॉइड से जुड़ी समस्याएं
- पीरियड ब्लड में मौजूद हार्मोनल संकेत यह भी बता सकते हैं कि शरीर में हार्मोन संतुलन सही है या नहीं.
- रिसर्चर्स का मानना है कि इससे Hypothyroidism और Hyperthyroidism जैसी थायरॉइड समस्याओं का भी संकेत मिल सकता है.
- थायरॉइड हार्मोन शरीर के मेटाबॉलिज्म, ऊर्जा स्तर और वजन को नियंत्रित करते हैं, इसलिए इसका सही समय पर पता लगना बेहद जरूरी है.
6. PCOS और फर्टिलिटी से जुड़ी जानकारी
पीरियड ब्लड में कुछ खास सेल्स और इम्यून मार्कर यह संकेत दे सकते हैं कि बच्चेदानी गर्भधारण के लिए कितनी तैयार है.
इससे Polycystic Ovary Syndrome (PCOS) जैसी समस्याओं और बार-बार होने वाले मिसकैरेज के जोखिम का भी पता चल सकता है.
इसी वजह से कई वैज्ञानिक इसे “प्राकृतिक बायोप्सी” भी कहते हैं, क्योंकि यह बिना सर्जरी के बच्चेदानी की स्थिति की जानकारी देता है.
7. इम्यून और ऑटोइम्यून बीमारियों के संकेत
पीरियड ब्लड में सूजन (इंफ्लेमेशन) से जुड़े कई मार्कर मिलते हैं. इनकी जांच से यह समझा जा सकता है कि शरीर की इम्यून सिस्टम कैसे काम कर रही है. भविष्य में यह Rheumatoid Arthritis, Lupus और Multiple Sclerosis जैसी ऑटोइम्यून बीमारियों की स्टडी में भी मददगार हो सकता है.
8. उम्र बढ़ने और हार्मोन बदलाव का संकेत
पीरियड ब्लड से यह भी समझा जा सकता है कि शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कैसे बदल रहा है. एस्ट्रोजन की कमी उम्र बढ़ने और मेनोपॉज की दिशा में एक संकेत होती है. इसलिए वैज्ञानिक यह भी जांच रहे हैं कि क्या पीरियड ब्लड महिलाओं के रिप्रोडक्टिव एजिंग यानी प्रजनन क्षमता में बदलाव के बारे में भी जानकारी दे सकता है.
9. प्रदूषण और पर्यावरणीय केमिकल्स का असर भी बता सकता है
पीरियड ब्लड महिलाओं के शरीर पर पर्यावरण और प्रदूषण के असर को समझने में भी मदद कर सकता है. वैज्ञानिकों ने पाया है कि इसमें ऐसे केमिकल्स और माइक्रो-पार्टिकल्स के निशान मिल सकते हैं जो हवा, पानी या रोजमर्रा के प्रोडक्ट्स के जरिए शरीर में पहुंचते हैं.
कुछ स्टडी में यह भी संकेत मिले हैं कि पीरियड ब्लड के विश्लेषण से यह समझा जा सकता है कि शरीर भारी धातुओं (heavy metals), प्लास्टिक से निकलने वाले केमिकल्स या अन्य टॉक्सिन्स के संपर्क में कितना आया है. इससे भविष्य में यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि पर्यावरणीय प्रदूषण महिलाओं की हार्मोनल हेल्थ, फर्टिलिटी और समग्र स्वास्थ्य को किस तरह प्रभावित कर रहा है.
कभी जिसे सिर्फ एक सामान्य जैविक प्रक्रिया माना जाता था, वही पीरियड ब्लड अब वैज्ञानिकों के लिए मेडिकल गोल्ड माइन बनता जा रहा है. इसमें मौजूद सेल्स, हार्मोन और प्रोटीन महिलाओं के शरीर की कई छिपी हुई समस्याओं के बारे में संकेत दे सकते हैं.
अगर आने वाले वर्षों में यह तकनीक पूरी तरह विकसित हो जाती है, तो संभव है कि महिलाएं घर बैठे ही पीरियड सैंपल के जरिए कई बीमारियों की शुरुआती जांच कर सकें. इससे न सिर्फ जल्दी डायग्नोसिस संभव होगा बल्कि बेहतर इलाज और रोकथाम का रास्ता भी खुलेगा.




