Holi 2026: बाहर खेल रहे हैं होली? ये सावधानियां नहीं बरतीं तो पड़ सकता है भारी!
होली के दिन खासकर जब आप घर से बाहर होली खेलने निकल रहे हों, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
होली पर क्या इस बार आपका प्लान घर से बाहर दोस्तों या कॉलोनी के ग्रुप के साथ रंगों का जश्न मनाने का है? खुले में खेली जाने वाली होली में केमिकल रंग, भीड़भाड़, धूप और फिसलन जैसी कई बातें जोखिम बढ़ा सकती हैं. ऐसे में बिना तैयारी के बाहर निकलना आपकी स्किन, सेहत और सुरक्षा, तीनों पर भारी पड़ सकता है.
त्योहार की मस्ती में अक्सर लोग छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका खामियाजा बाद में उठाना पड़ता है. अगर आप चाहते हैं कि होली की यादें सिर्फ खुशियों से भरी हों, तो बाहर होली खेलने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां जरूर अपनाएं.
अजनबियों से सावधान रहें
अगर आप घर से बाहर होली खेलने जा रहे हैं, तो भीड़भाड़ वाली जगहों पर अलर्ट रहें. केवल जान-पहचान लोगों के साथ ही रंग खेलें. किसी भी तरह की अनकंफर्टेबल कंडीशन में तुरंत वहां से हट जाएं और जरूरत पड़े तो मदद लें.
अपने साथ रखें ये चीजें
बाहर होली खेलने वाले लोगों को अपने साथ कुछ जरूरी चीजें रखनी चाहिए. इनमें पानी की बोतल, कपड़े, जूस और टॉफी शामिल हैं. ये सभी चीजें आपके बेहद काम आएंगी. इसके अलावा, घर से निकलने से पहले चेहरे, हाथों और पैरों पर अच्छी तरह नारियल या सरसों का तेल लगा लें. इससे रंग सीधे त्वचा पर नहीं चिपकेगा और बाद में आसानी से निकल जाएगा. बालों में भी हल्का तेल लगाकर उन्हें बांध लें, ताकि केमिकल रंगों से कम नुकसान हो.
कैसे कपड़े और फुटवियर पहनने चाहिए?
होली खेलने के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें. फुल स्लीव्स टी-शर्ट, पुरानी जींस या सलवार जैसे कपड़े बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं. हल्के रंग के कपड़ों की बजाय गहरे रंग पहनें, ताकि दाग कम नजर आएं. साथ ही, कंफर्टेबल फुटवियर पहनें, ताकि फिसलन से बचा जा सके. हील्स पहनने से बचें.
बाहर इन चीजों को खाने से बचें
अगर आप घर से बाहर होली खेलने जा रहे हैं, तो ठंडाई या अन्य ड्रिंक्स पीते समय सावधानी बरतें. बाहर की खुली चीजें खाने से बचें. ज्यादा तला-भुना खाने से पेट खराब हो सकता है, इसलिए खाने और पीने का बैलैंस बनाए रखें.
हाइड्रेशन न भूलें
धूप और भागदौड़ के कारण शरीर जल्दी थक सकता है. समय-समय पर पानी पीते रहें, ताकि डिहाइड्रेशन न हो.




