Eid 2026: दोस्तों और परिवार के साथ सेलिब्रेट करें 'मीठी ईद', जानें सेवई बनाने की आसान रेसिपी
इस साल भारत में ईद-उल-फित्र 21 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. यहां जानें चांद का पूरा अपडेट और घर पर स्वादिष्ट मीठी सेवई बनाने की आसान रेसिपी.
Eid 2026: ईद-उल-फित्र, जिसे मीठी ईद भी कहा जाता है, इस्लामिक कैलेंडर में रमजान महीने के खत्म होने के बाद मनाया जाने वाला एक बहुत ही खास और खुशी का त्योहार है. भारत में इस साल रमजान की शुरुआत चांद दिखने के साथ 21 फरवरी से हुई थी. रमजान पूरे 30 दिन का होता है, और यह इस बात पर निर्भर करता है कि शव्वाल महीने का चांद कब दिखता है. रमजान के बाद शव्वाल का पहला दिन ही ईद-उल-फित्र का दिन होता है. चांद देखने की रस्म के अनुसार, अगर 20 मार्च की शाम को शव्वाल का चांद नजर आ जाता है, तो ईद 21 मार्च को मनाई जाती है. कई जगहों जैसे सऊदी अरब, यूएई में चांद दिखने पर ईद 20 मार्च को ही मनाई गई, लेकिन भारत में एक दिन बाद.
ईद को मीठी ईद इसलिए कहते हैं क्योंकि इस दिन खूब मीठे पकवान बनते और खाए जाते हैं. परिवार वाले मिलते-जुलते हैं, नए कपड़े पहनते हैं, बच्चों को ईदी मिलती है, और सबसे खास बात – घरों में तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं. इनमें से सबसे पॉपुलर और पारंपरिक डिश है मीठी सेवईयां. लगभग हर मुस्लिम घर में ईद के दिन मीठी सेवईयां जरूर बनती हैं, क्योंकि ये त्योहार की मिठास का प्रतीक मानी जाती हैं. अगर आप भी इस ईद पर घर पर ही स्वादिष्ट और आसान तरीके से मीठी सेवईयां बनाना चाहते हैं, तो ये बहुत ही सरल रेसिपी है. इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और स्वाद इतना लाजवाब होता है कि सब तारीफ करते नहीं थकते.
मीठी सेवईयां बनाने के लिए जरूरी सामग्री
सेवई – 2 कप लगभग 200-250 ग्राम, पतली वाली इस्तेमाल करें
कंडेंस्ड मिल्क – 1 कप मीठापन के लिए
दूध -1 कप
घी - 1 बड़ा चम्मच भूनने के लिए
खोया / मावा - 50 ग्राम
पिस्ता - 1/4 कप कटे हुए
बादाम – 1/4 कप कटे हुए
किशमिश – 3 बड़े चम्मच
हरी इलायची पाउडर - 1 छोटा चम्मच खुशबू के लिए
ऑप्शनल: चीनी – अगर ज्यादा मीठा चाहिए तो 2-3 बड़े चम्मच, लेकिन कंडेंस्ड मिल्क से काफी मीठापन आ जाता है
बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले एक कड़ाही या पैन को अच्छे से गर्म कर लीजिए. उसमें 1 बड़ा चम्मच घी डालकर पिघलने दीजिए
2. घी गरम होने पर इसमें 2 कप सेवई डाल दीजिए. अब धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए सेवई को भून लीजिए. भूनते समय सेवई हल्की सुनहरी हो जानी चाहिए और उससे बहुत अच्छी खुशबू आने लगेगी (लगभग 4-5 मिनट लगते हैं). ज्यादा भूनने से कड़वी हो सकती है, इसलिए ध्यान रखें. भूनने के बाद गैस बंद कर दीजिए और सेवई को अलग प्लेट में निकाल लीजिए.
3. अब एक अलग पैन या बर्तन में 1 कप दूध डालकर उसे मध्यम आंच पर उबालने के लिए रख दीजिए. दूध में उबाल आने पर उसमें कटे हुए बादाम, पिस्ता और किशमिश डाल दीजिए. सबको 2-3 मिनट तक साथ में पकने दीजिए ताकि ड्राई फ्रूट्स दूध में अच्छे से स्वाद छोड़ दें.
4. अब इसमें चीनी (अगर इस्तेमाल कर रहे हैं) डालकर अच्छे से घुलने तक चलाइए. फिर कंडेंस्ड मिल्क डालकर मिला लीजिए. आंच को धीमी कर दीजिए और लगातार चलाते हुए इसे तब तक पकाइए जब तक मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.
5. खोया को हाथों से अच्छे से मसल लीजिए ताकि कोई गांठ न रहे. फिर इसे दूध के मिश्रण में डालकर मिला दीजिए. खोया डालने के बाद मिश्रण और ज्यादा क्रीमी और गाढ़ा हो जाएगा. इसे 4-5 मिनट और धीमी आंच पर पकाइए.
6. जब मिश्रण अच्छे से गाढ़ा हो जाए और खुशबू आने लगे, तो उसमें भुनी हुई सेवई डाल दीजिए. सबको अच्छे से मिलाइए और 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाइए ताकि सेवई दूध को सोख लें और नरम हो जाएं. ध्यान रखें, सेवई ज्यादा पकाने से गल सकती हैं, इसलिए ज्यादा समय न दें.
7. आखिर में पिसी हुई हरी इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लीजिए. इससे सेवईयों में बहुत ही शानदार खुशबू आ जाएगी.
8. गैस बंद कर दीजिए. तैयार मीठी सेवईयों को एक सुंदर सर्विंग बाउल में निकालिए. ऊपर से थोड़े और कटे हुए पिस्ता, बादाम और किशमिश से गार्निश कर दीजिए. गर्मागर्म या ठंडा करके भी परोसी जा सकती हैं.




