दोपहर में खाना खाने के बाद आपको भी आती है नींद? जानें हेल्थ को लेकर क्या है मैसेज
लंच के बाद अचानक नींद आना या सुस्ती महसूस होना एक आम बात है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं. कई लोग इसे फूड कोमा कहकर टाल देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका शरीर ऐसा क्यों करता है?
पहर में खाना खाने के बाद अगर आपको भी अचानक नींद आने लगती है, आंखें भारी हो जाती हैं और काम करने का मन नहीं करता है, तो इसे सिर्फ आलस समझकर नजरअंदाज करना शायद सही नहीं है. अक्सर लोग इसे नॉर्मल मान लेते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका शरीर आखिर ऐसा क्यों करता है? कहीं यह कोई छिपा हुआ साइन तो नहीं दे रहा?
दरअसल, लंच के बाद की यह नींद कई बार आपकी डाइट, लाइफस्टाइल और अंदर चल रही हेल्थ कंडीशन से जुड़ी हो सकती है. कुछ मामलों में यह मामूली होती है, लेकिन अगर यह रोज होने लगे तो यह किसी बड़ी समस्या की ओर इशारा भी कर सकती है.ऐसे में जरूरी है समझना कि आखिर यह साधारण सी लगने वाली नींद आपके शरीर के बारे में क्या बताना चाहती है.
लंच के बाद क्यों आती है नींद?
दोपहर का खाना खाने के बाद नींद आने को मेडिकल साइंस में फूड कोमा कहा जाता है. दरअसल खाना खाने के बाद शरीर का ज्यादा ध्यान डाइजेशन प्रोसेस पर चला जाता है. इस दौरान ब्लड फ्लो डाइजेस्टिव सिस्टम की ओर बढ़ जाता है और कुछ हार्मोन जैसे सेरोटोनिन रिलीज होते हैं, जो नींद और रिलैक्सेशन बढ़ाते हैं. इसी वजह से आपको सुस्ती महसूस होती है.
खराब मेटाबॉलिक हेल्थ
अगर आपको लंच करने के बाद हमेशा नींद आती है, तो सावधान हो जाए. खाने के बाद अक्सर होने वाली थकान यह साइन दे सकती है कि शरीर एनर्जी के लेवल को बनाए रखने के लिए स्ट्रगल कर रहा है. कभी-कभी इसका कनेक्शन सूजन और खराब मेटाबॉलिक हेल्थ से होता है.
हो सकती है टाइप 2 डायबिटीज
दोपहर का खाना खाने के बाद नींद आना नॉर्मल बात है, लेकिन अगर यह एक पैटर्न बन जाए तो मुसीबत हो सकती है. ज़्यादा कार्ब या मीठा खाना खाने से ब्लड शुगर में तेज़ी से उछाल आ सकता है, जिसके बाद वह तेज़ी से नीचे गिर जाता है, जिससे थकान महसूस होती है. अगर इसके साथ बार-बार प्यास भी लगती है, तो यह इंसुलिन रेजिस्टेंस या टाइप 2 डायबिटीज़ का साइन हो सकता है.
न्यूट्रिशन की कमी के कारण आती है नींद
1mg के एक आर्टिकल के मुताबिक, अगर शरीर में आयरन या विटामिन B12 की कमी है, तो आपका शरीर पहले से ही थका हुआ महसूस करता है. ऐसे में खाना खाने के बाद यह थकान और ज्यादा बढ़ जाती है, जिससे बहुत ज़्यादा नींद आने लगती है.
कैसे कम करें लंच के बाद की नींद?
- खाने में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल करें. यानी बैलेंस डाइट लेने से लंच के बाद नींद नहीं आएगी.
- अक्सर लंच तक ज्यादा भूख लग जाती है. ऐसे में हम ओवरईटिंग कर लेते हैं. यह गलत आदत है. बहुत ज्यादा भारी खाना खाने से बचें.
- दोपहर का खाना खाने के बाद तुरंत बैठना नहीं चाहिए. हल्की वॉक करने से फायदा हो सकता है. खाने के बाद 15-20 मिनट टहलना चाहिए.
- लंच के बाद हल्की नींद आना नॉर्मल हो सकता है, लेकिन अगर यह रोज और ज्यादा महसूस हो रही है, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है. यह आपके शरीर का संकेत हो सकता है कि अब आपको अपनी लाइफस्टाइल और डाइट पर ध्यान देने की जरूरत है.




