Holi 2026: जरा-सी लापरवाही और बच्चे बीमार! होली पर इन 5 तरीकों से रखें छोटे बच्चों का ख्याल
होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन छोटे बच्चों के लिए यह दिन थोड़ी अतिरिक्त सावधानी मांगता है. उनकी त्वचा नाजुक होती है, आंखें संवेदनशील होती हैं और इम्यून सिस्टम भी पूरी तरह मजबूत नहीं होता. जरा सी लापरवाही स्किन एलर्जी, आंखों में जलन या सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है.
होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, जिसका इंतजार बच्चे सबसे ज्यादा करते हैं. पानी की पिचकारी, रंगों की मस्ती और दोस्तों के साथ खेलना, इन सबके बीच उनका एक्साइटमेंट देखने लायक होता है, लेकिन यही रंगों भरा दिन छोटे बच्चों के लिए परेशानी भी बन सकता है.
जरा-सी लापरवाही बच्चों की सेहत पर भारी पड़ सकती है. केमिकल वाले रंग, गीले कपड़ों में ज्यादा देर रहना या आंखों में रंग चले जाना जैसी छोटी बातें बड़ी दिक्कत खड़ी कर सकती हैं. ऐसे में आइए जानते हैं 5 आसान तरीके, जिनसे आप अपने छोटे बच्चों की होली को सुरक्षित और खुशहाल बना सकते हैं.
होली पर बच्चे को कैसे कपड़े पहनाए?
बच्चों को होली में फुल स्लीव टी-शर्ट और आरामदायक कपड़े पहनाएं, ताकि त्वचा ज्यादा ढकी रहे. सूती कपड़े सबसे बेहतर रहते हैं, क्योंकि वे पसीना सोख लेते हैं और स्किन को सांस लेने देते हैं. इससे एलर्जी का खतरा कम होता है.
किन रंगों का करें यूज?
बाजार में मिलने वाले केमिकल कलर्स बच्चों की त्वचा के लिए हार्मफुल हो सकते हैं. कोशिश करें कि फूलों के अर्क, हल्दी, चुकंदर या अन्य नैचुरल सोर्स से बने हर्बल रंगों का ही इस्तेमाल करें. बहुत ज्यादा चमकदार या मेटालिक रंगों से बच्चों को होली न खेलने दें, क्योंकि इनमें हानिकारक तत्व हो सकते हैं जो स्किन रैश या जलन का कारण बन सकते हैं.
होली खेलने से पहले बच्चे की बॉडी पर क्या लगाएं?
होली खेलने से पहले बच्चों के बाल और स्किन पर तेल जरूर लगाएं. तेल स्किन में अब्जॉर्ब हो जाता है, जिससे होली के रंगों के चलते आपके बच्चे की त्वचा खराब नहीं होगी. तेल लगाने से रंग स्किन के अंदर जमता नहीं है और नहाने के बाद आसानी से सारा रंग हट जाता है और स्किन भी ड्राई नहीं होती है.
आंखों को कैसे करें प्रोटेक्ट?
रंगों से खेलते समय बच्चों की आंखों में रंग जाने का खतरा ज्यादा रहता है. उन्हें सनग्लासेस या ट्रांसपेरेंट चश्मा पहनाने की कोशिश करें. अगर गलती से आंखों में रंग चला जाए, तो तुरंत ठंडे पानी से आंखें धोएं. ध्यान रखें कि बच्चा आंखें रगड़े नहीं, वरना जलन बढ़ सकती है.
होली खेलने के बाद क्या करें?
होली खेलने के तुरंत बाद बच्चों को गुनगुने पानी से नहलाएं. हल्का बेबी साबुन या माइल्ड क्लेंजर इस्तेमाल करें. नहाने के बाद उनकी त्वचा पर मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं, ताकि स्किन सूखी या रूखी न हो.
छोटे बच्चों के लिए होली सिर्फ मस्ती नहीं, बल्कि अतिरिक्त देखभाल का दिन भी है. थोड़ी सी सावधानी उन्हें बीमार होने से बचा सकती है और त्योहार की खुशी दोगुनी कर सकती है. सुरक्षित रहें, स्वस्थ रहें और बच्चों की मुस्कान को सबसे ऊपर रखें.




