Begin typing your search...

गर्मी में शरीर को रखें ठंडा! आयुष मंत्रालय ने बताए ये 5 देसी ड्रिंक, लू और डिहाइड्रेशन से मिलेगा बचाव

देशभर में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने 5 देसी और हेल्दी ड्रिंक पीने की सलाह दी है. छाछ, सत्तू, नारियल पानी और नींबू पानी जैसे पेय शरीर को ठंडा रखने के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स संतुलित रखने में मदद करते हैं.

गर्मी में शरीर को रखें ठंडा! आयुष मंत्रालय ने बताए ये 5 देसी ड्रिंक, लू और डिहाइड्रेशन से मिलेगा बचाव
X
( Image Source:  AI Created )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 23 May 2026 7:30 PM IST

देशभर में पिछले कई दिनों से भयंकर गर्मी पड़ रही है. दिन का तापमान बहुत तेजी से बढ़ रहा है और रातें भी राहत नहीं दे रही हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ दिनों में गर्मी और भी ज्यादा बढ़ सकती है. खासकर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, मध्य भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है. ऐसे में आयुष मंत्रालय ने लोगों को प्राकृतिक और घरेलू उपायों से गर्मी से बचने की सलाह दी है. मंत्रालय ने कुछ ठंडे पेय पदार्थों की सूची जारी की है जो रोजाना पीने के लिए बहुत फायदेमंद हैं. ये पेय न सिर्फ शरीर को ठंडक देते हैं बल्कि डिहाइड्रेशन से भी बचाते हैं. आइए इन पांच पेय पदार्थों के बारे में.

1. छाछ

छाछ भारतीय घरों में गर्मियों का सबसे पॉपुलर पेय है. इसे बनाने के लिए ताजा दही को ठंडे पानी में अच्छे से फेंट लिया जाता है. फिर इसमें थोड़ा सा नमक, भुना जीरा पाउडर, कटी हुई हरी मिर्च और थोड़ा अदरक डालकर स्वाद बढ़ाया जाता है. यह पेय हल्का, खट्टा-मीठा और बहुत आसानी से पच जाता है. इसमें प्रोबायोटिक्स नामक अच्छे बैक्टीरिया होते हैं जो हमारे पेट और आंतों को स्वस्थ रखते हैं. गर्मी में ज्यादा पसीना आने से शरीर में नमक और पानी की कमी हो जाती है, छाछ उसे पूरा करती है. दोपहर के भोजन के साथ छाछ पीने से अपच, गैस और पेट फूलने जैसी समस्याएं नहीं होती. गर्मी में यह शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाती है और पूरे दिन तरोताजा रखती है.

2. सत्तू शरबत

सत्तू भुने हुए चने का आटा होता है. इसे पानी में अच्छे से घोलकर बनाया जाता है. स्वाद के लिए थोड़ा नमक, नींबू का रस या थोड़ी सी चीनी डाली जा सकती है. सत्तू प्रोटीन, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है. यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. गर्म दिनों में यह शरीर की गर्मी को कम करता है और ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है. बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई इलाकों में इसे सुबह या दोपहर में जरूर पिया जाता है. मजदूर और किसान इसे अपने साथ लेकर जाते हैं क्योंकि यह लंबे समय तक ऊर्जा देता है.

3. नारियल पानी

नारियल पानी को प्रकृति का सबसे अच्छा स्पोर्ट्स ड्रिंक कहा जाता है. यह प्राकृतिक रूप से मीठा होता है और इसमें कोई केमिकल नहीं मिला होता. इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम जैसे जरूरी खनिज भरपूर मात्रा में होते हैं. गर्मी में पसीना आने से शरीर से ये खनिज निकल जाते हैं, नारियल पानी उन्हें आसानी से वापस भर देता है. बाजार के पैकेट वाले पेय पदार्थों में ज्यादा चीनी होती है, लेकिन नारियल पानी में चीनी बहुत कम होती है. थकान, चक्कर आना या कमजोरी महसूस होने पर एक नारियल पानी पी लें तो तुरंत फायदा महसूस होता है. तटीय इलाकों में तो यह रोज का पेय है.

4. ताजा फलों का जूस

ताजे फलों के रस गर्मियों में बहुत अच्छे ऑप्शन हैं. संतरा, मौसंबी, तरबूज, अनार, आम, पपीता या केला जैसे फलों का रस बनाकर पिया जा सकता है. ये रस शरीर को हाइड्रेट तो देते ही हैं, साथ में विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भी प्रदान करते हैं. विटामिन सी इम्यूनिटी बढ़ाता है जिससे गर्मी में बीमार पड़ने का खतरा कम होता है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए इन रसों को दही या थोड़े पानी के साथ मिलाकर स्मूदी जैसा गाढ़ा पेय बनाया जा सकता है. ये पौष्टिक और स्वादिष्ट दोनों होते हैं.

5. नींबू पानी

नींबू पानी सबसे आसान और सस्ता पेय है. एक गिलास ठंडे पानी में नींबू निचोड़ें, थोड़ा सेंधा नमक या साधारण नमक, चीनी या शहद और स्वादानुसार काला नमक डाल दें. ऊपर से भुना जीरा पाउडर छिड़क दें तो स्वाद दोगुना हो जाता है. नींबू में साइट्रिक एसिड होता है जो पाचन सुधारता है, भूख बढ़ाता है और हल्की एसिडिटी में आराम देता है. गर्मी से होने वाली कमजोरी और थकान को यह दूर करता है. इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में भी नींबू पानी बहुत उपयोगी है. दिन में 2-3 गिलास नींबू पानी पीने से शरीर तरोताजा रहता है.

हेल्‍थ
अगला लेख