मेरा परिवार ताकतवर है, तुम भाग नहीं पाओगी... क्या सिया को धमकाता था केतन, पुलिस को चैट में क्या-क्या मिला?
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में हर दिन नए दावे और नए खुलासे सामने आ रहे हैं. अब मंगेतर सिया गोयल ने आरोप लगाया है कि केतन उसे शादी के लिए दबाव डालता था और परिवार की ताकत का डर दिखाकर धमकाता था.
क्या सिया को धमकाता था केतन पुलिस को चैट में क्या-क्या मिला
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मौत मामले में अब सिया ने जांच के दौरान ऐसे कई दावे किए हैं, जिन्होंने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया है. सिया का कहना है कि वह शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन केतन ने रिश्ता तोड़ने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर उसे परिवार की ताकत का हवाला देकर डराया-धमकाया.
हालांकि, कहानी का दूसरा पक्ष भी उतना ही चौंकाने वाला है. पुलिस के हाथ दोनों के मोबाइल फोन की चैट लगी है, जिसमें साफ पता चल रहा है कि दोनों के बीच नॉर्मल और प्यार की बातें होती थीं.
सिया ने क्या बताया?
पूछताछ में सिया गोयल ने पुलिस को बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी. उसके अनुसार, उसने कई बार केतन से यह रिश्ता खत्म करने की बात कही, लेकिन केतन हर बार इसके लिए तैयार नहीं हुआ. सिया का दावा है कि केतन का कहना था कि शादी की सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं, इसलिए अब इस रिश्ते को तोड़ना मुमकिन नहीं है.
तुम भाग नहीं पाओगी
सिया गोयल ने यह भी दावा किया कि केतन उसे अक्सर अपने परिवार की हैसियत और इंफ्लुएंस का डर दिखाता था. सिया के मुताबिक, केतन ने उससे कहा था कि उसका परिवार बहुत ताकतवर और अमीर है, इसलिए अगर वह शादी से इनकार करेगी या कहीं भागने की कोशिश करेगी, तो भी वह उससे बच नहीं पाएगी. सिया का कहना है कि ऐसी बातों की वजह से वह काफी तनाव और डर में रहने लगी थी.
मोबाइल चैट में क्या-क्या मिला?
वहीं, पुलिस को जांच के दौरान सिया और केतन के मोबाइल फोन से उनकी चैट भी मिली है. शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों के बीच बातचीत सामान्य और प्यार भरे अंदाज में हो रही थीय पुलिस के मुताबिक, चैट में ऐसा कोई साफ सबूत नहीं मिला, जिससे लगे कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी या रिश्ता खत्म करना चाह रही थी. इसी वजह से पुलिस सिया के दावों और मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों का मिलान कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर सच्चाई क्या है.
अब तक सिया ने क्या-क्या बताया?
केतन अग्रवाल के बाल कम होने की वजह से वह विग पहनता था. इसके अलावा, उसे बोलते समय हकलाने की भी परेशानी थी. सिया को केतन की ये दोनों बातें पसंद नहीं थीं और बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह शादी को लेकर परेशान थी.




