तमिलनाडु के वो मंत्री जो एंटी-ड्रग कैंपेन में दिखे, फिर वायरल हुआ उनका 'ड्रग' वीडियो, बचाव में बोले- वो दवा थी
तमिलनाडु के TVK मंत्री डी. सारथ कुमार का एक पुराना IPL वीडियो वायरल होने के बाद उन पर ड्रग्स लेने के आरोप लगे. मंत्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहा पदार्थ उनकी बेटी के लिए पीसी गई दवा थी.
तमिलनाडु के मानव संसाधन मंत्री डी. सारथ कुमार शुक्रवार को एक पुराने वीडियो के वायरल होने के बाद विवादों में घिर गए. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में वह एक आईपीएल मैच के दौरान किसी पाउडर जैसी चीज को संभालते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर आरोप लगने लगे कि वह पदार्थ नशीला हो सकता है.
वायरल वीडियो में मंत्री एक स्मार्टफोन की स्क्रीन पर फैले पाउडर जैसी चीज को एटीएम कार्ड और 500 रुपये के नोट की मदद से संभालते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई और कई लोगों ने उनके इस्तीफे की मांग भी की.
डी. सारथ कुमार ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद डी. सारथ कुमार ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ करीब दो मिनट का एक वीडियो जारी कर आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहा पदार्थ कोई नशीला पदार्थ नहीं, बल्कि उनकी बेटी के लिए पीसी गई दवा थी. सारथ कुमार ने कहा, "आज सुबह मैं नशा विरोधी अभियान के एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था. इसके बाद मेरा एक पुराना वीडियो फैलाकर यह झूठा दावा किया जा रहा है कि मैं ड्रग्स ले रहा था."
उन्होंने बताया कि यह वीडियो करीब दो साल पुराना है, जब वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने गए थे. मंत्री ने कहा, "मेरी बेटी को दवा लेनी थी, लेकिन वह पूरी गोली निगल नहीं पा रही थी. मेरी पत्नी ने मुझसे दवा को पीसने के लिए कहा, ताकि उसे पानी में मिलाकर बेटी को दिया जा सके. मैं उसी काम में लगा हुआ था."
सारथ कुमार ने कहा कि इन आरोपों से उन्हें और उनके परिवार को काफी मानसिक परेशानी हुई है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे झूठी बातों को फैलाने से बचें. उन्होंने कहा, "स्टेडियम के अंदर कड़ी पुलिस सुरक्षा थी. मैं अपने परिवार और बड़ी संख्या में लोगों के बीच मौजूद था. ऐसे में मुझ पर इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है."
क्यों बन गया इतना बड़ा मुद्दा?
यह विवाद उसी दिन सामने आया, जिस दिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय लोगों से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने की अपील करते हुए एक मैराथन अभियान में शामिल हुए थे. सारथ कुमार चेन्नई के बाहरी इलाके तांबरम से पहली बार विधायक बने हैं. उन्हें पिछले महीने ही टीवीके सरकार में मंत्री बनाया गया था.
इस मामले पर डीएमके के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह वीडियो "काफी हद तक उस तरीके जैसा दिखता है, जिससे लोग ड्रग्स लेते हैं." उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री विजय पहले से ही नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. ऐसे में उनके मंत्री पर उठे सवालों को लेकर स्थिति साफ करना उनकी जिम्मेदारी है. तमिलनाडु के लोगों को मंत्री सारथ कुमार की ईमानदारी को लेकर किसी तरह के संदेह में नहीं रहना चाहिए."




