5 मिनट घर के अंदर आने दो... Zepto डिलीवरी पार्टनर पर महिला के गंभीर आरोप, वीडियो वायरल
एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. महिला का आरोप है कि Zepto का डिलीवरी पार्टनर ऑर्डर देने के बाद बार-बार घर के अंदर आने की जिद करने लगा. मना करने पर उसने बेल बजाई और गेट भी पीटा. इसके बाद महिला ने वीडियो शेयर कर कंपनी से कार्रवाई की मांग की.
जेप्टो डिलीवरी पार्टनर पर महिला के गंभीर आरोप
एक महिला के वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. महिला का दावा है कि Zepto का डिलीवरी पार्टनर ऑर्डर देने के बाद बार-बार उनके घर के अंदर आने की जिद करने लगा. उन्होंने कई बार मना किया, लेकिन वह लगातार कुछ मिनट के लिए अंदर आने की बात करता रहा. इस घटना के बाद महिला खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी.
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने दरवाजा बंद करना चाहा, तो डिलीवरी पार्टनर ने बार-बार डोरबेल बजाई और गेट पीटना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने वीडियो बनाकर पूरा मामला सोशल मीडिया पर साझा किया और कंपनी से कार्रवाई की मांग की.
क्या लगाए आरोप?
महिला के अनुसार, डिलीवरी पार्टनर ऑर्डर देने के बाद पीने का पानी मांगने लगा. उन्होंने उसे पानी की एक बोतल दे दी और कहा कि वह उसे अपने साथ ले जा सकता है. उनका दावा है कि बोतल खत्म करने के बाद उसने दोबारा पानी मांगा और फिर कुछ मिनट के लिए घर के अंदर आने की अनुमति मांगने लगा. कस्टमर का कहना है कि उन्होंने साफ शब्दों में मना कर दिया और बाहर बैठने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद डिलीवरी पार्टनर लगातार घर के अंदर आने की बात करता रहा.
क्या मना करने के बाद भी डिलीवरी पार्टनर ने गेट पीटा?
महिला ने वीडियो में बताया कि जब उन्होंने गेट बंद करने की कोशिश की तो डिलीवरी पार्टनर ने कई बार डोरबेल बजाई और फिर से अंदर आने की बात कही. इसके बाद वह घबरा गईं और घर का दरवाजा बंद कर लिया. उनका आरोप है कि इसके बाद डिलीवरी पार्टनर गेट पीटने लगा, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर महसूस हुआ.
इस घटना के बाद यूजर्स ने क्या-क्या सवाल उठाए?
कस्टमर ने वीडियो में Zepto की कस्टमर केयर को भी बताया. उनका कहना है कि ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराने पर उन्हें केवल ऑटोमेटेड जवाब मिला कि मामले की जांच की जा रही है. वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने क्विक-कॉमर्स कंपनियों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पर सवाल उठाए. कुछ लोगों ने डिलीवरी पार्टनर्स का सख्त बैकग्राउंड वेरिफिकेशन, मेडिकल चेकअप और एड्रेस वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रियाएं लागू करने की मांग की. वहीं कई यूजर्स ने ग्राहकों को सलाह दी कि डिलीवरी लेते समय अनावश्यक बातचीत से बचें और किसी भी डिलीवरी एजेंट को घर के अंदर प्रवेश न दें.
Zepto ने क्या कहा?
Zepto ने महिला की पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि वह इस मामले की जांच करेगा. कंपनी ने महिला से डायरेक्ट मैसेज (DM) में ऑर्डर की जानकारी और कांटेक्ट नंबर बताने को कहा, ताकि घटना की जल्द से जल्द जांच की जा सके.




