कौन हैं मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास, जिन पर हुई FIR, कहां से की पढ़ाई और कितनी है सैलरी, पीएम मोदी को लेकर है मामला
नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रोटेस्ट के दौरान सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के बहुत से AI वीडियो शेयर किए, जिसको लेकर अब कई सोशल मीडिया अकाउंट और मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास के खिलाफ FIR दर्ज हुई है.
Meta India Country Head Arun Srinivas
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी कथित आपत्तिजनक और मॉर्फ्ड वीडियो के मामले में बड़ा कदम उठाया है. पुलिस ने मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और कुछ फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. यह कार्रवाई भाजपा समर्थकों की शिकायतों के आधार पर की गई है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए नीट पेपर लीक प्रोटेस्ट के दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री मोदी को कथित तौर पर गलत, अपमानजनक और भ्रामक तरीके से दिखाने वाली छेड़छाड़ की गई तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए.
मामले में मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास का नाम भी शामिल किया गया है. भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में मेटा की गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालने वाले अरुण श्रीनिवास डिजिटल प्लेटफॉर्म संचालन, मार्केटिंग और बिजनेस लीडरशिप के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं.
कौन हैं अरुण श्रीनिवास?
अरुण श्रीनिवास का संबंध चेन्नई से है. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा चेन्नई के भवन्स राजाजी विद्यालय से पूरी की. इसके बाद उन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से फिजिक्स में बीएससी की डिग्री हासिल की. विज्ञान की पढ़ाई के बाद उन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) कलकत्ता से पोस्ट ग्रेजुएशन किया, जहां उन्होंने मार्केटिंग में विशेषज्ञता हासिल की. इसके अलावा उन्होंने नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से स्ट्रैटेजिक कस्टमर मैनेजमेंट का कोर्स भी किया है.
किस कंपनी से शुरू किया करियर?
अरुण श्रीनिवास ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत रीबॉक कंपनी से की थी. वहां कई सालों तक काम करने के बाद उन्होंने हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का रुख किया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने हिंदुस्तान यूनिलीवर में करीब 15 साल तक अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं और सेल्स एवं मार्केटिंग क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके बाद वह वेस्टब्रिज कैपिटल पार्टनर्स से जुड़े, जहां उन्होंने निवेश और बिजनेस रणनीति से जुड़े काम किए। बाद में उन्होंने ओला कंपनी में भी अपनी सेवाएं दीं.
मेटा से कब जुड़े?
ओला में काम करने के बाद अरुण श्रीनिवास साल 2020 में मेटा से जुड़े. यहां उन्होंने कंपनी के भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में बिजनेस संचालन, विज्ञापन और मार्केटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य संभाले. उनके पास सेल्स और मार्केटिंग लीडरशिप का करीब तीन दशक का अनुभव है. रिपोर्ट के मुताबिक उनका कुल सालाना पैकेज 15 करोड़ से 35 करोड़ रुपये तक हो सकता है.
1 जुलाई 2025 को मेटा ने अरुण श्रीनिवास को नई जिम्मेदारी देते हुए उन्हें भारत का मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड नियुक्त किया. इस भूमिका में वह भारत में फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य मेटा प्लेटफॉर्म्स के संचालन, व्यापार रणनीति और साझेदारियों की देखरेख करते हैं.




