कौन हैं रिटायर एयरफोर्स के अधिकारी अनूप वर्मा, जिन्होंने राहुल गांधी को कसाब से भी ज्यादा खतरनाक बताया, फोटो शेयर कर ऐसे की तुलना
रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी अनूप वर्मा की एक पोस्ट में राहुल गांधी और अजमल कसाब की तस्वीरें साथ नजर आईं, जिसके बाद कांग्रेस सेवादल ने साइबर शिकायत दर्ज कराई. अनूप वर्मा रिटायर एयरफोर्स ऑफिसर रह चुके हैं.
रिटायर एयरफोर्स अधिकारी अनूप वर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है. उन्होंने एक्स पर राहुल गांधी और 26/11 मुंबई हमले के दोषी अजमल कसाब की तस्वीरों को एक साथ लगाकर शेयर किया. तस्वीर में दोनों के हाथ में बैग नजर आ रहे थे और वर्मा ने राहुल गांधी की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए उन्हें भारत के लिए ज्यादा खतरनाक बताया.
पोस्ट सामने आने के बाद कांग्रेस सेवादल ने इस मामले में साइबर शिकायत दर्ज कराई और कानूनी रास्ते से आगे बढ़ने की बात कही. इस विवाद के बीच लोगों की नजर उस शख्स पर भी गई, जिसने यह पोस्ट शेयर की थी. अनूप वर्मा भारतीय वायुसेना के रिटायर फ्लाइट लेफ्टिनेंट हैं. मौजूद वायुसेना रिकॉर्ड में उनका नाम 57 AEC कोर्स की लिस्ट में दर्ज है और उनका ब्रांच AE(M) बताया गया है.
क्या है मामला?
दरअसल अनूप वर्मा ने एक्स पर पोस्ट में राहुल गांधी और अजमल कसाब की तस्वीरों को एक साथ रखा. दोनों के हाथ में बैग नजर आ रहे थे. तस्वीर के साथ उन्होंने राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए लिखा कि बाईं तरफ मौजूद व्यक्ति भारत के लिए ज्यादा खतरनाक है. इस तुलना को लेकर कांग्रेस की ओर से आपत्ति जताई गई.
कांग्रेस सेवादल ने क्या एक्शन लिया?
पोस्ट सामने आने के बाद विवाद बढ़ा तो कांग्रेस सेवादल के लीगल सेल ने अनूप वर्मा के खिलाफ साइबर शिकायत दर्ज कर दी. संगठन का कहना है कि वह इस मामले को कानूनी तरीके से आगे ले जाएगा. सेवादल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं या संवैधानिक पदों को निशाना बनाने वाली किसी भी कथित गैरकानूनी गतिविधि के खिलाफ जरूरत के मुताबिक कानूनी कदम उठाए जाएंगे. संगठन ने अपनी बात रखते हुए संविधान के अनुच्छेद 19 का भी जिक्र किया. इसमें नागरिकों को बोलने और अपनी बात रखने की आजादी दी गई है, लेकिन इस अधिकार पर कानून के तहत कुछ सीमाएं भी लागू होती हैं. सेवादल ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी.
कौन हैं अनूप वर्मा?
अनूप वर्मा ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय वायुसेना से की थी. वह एयरफोर्स में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर रहे. सार्वजनिक रूप से मौजूद सर्विस रिकॉर्ड के अनुसार, उनका सर्विस नंबर 26249 था और वह AE(M) ब्रांच से जुड़े थे. रिकॉर्ड में उनके एयरफोर्स करियर की शुरुआत 10 जुलाई 2000 से दर्ज है.
कितने साल किया एयरफोर्स में काम?
करीब छह साल तक वायुसेना से जुड़े रहने के बाद अनूप वर्मा 10 जुलाई 2006 को रिटायर हुए. एयरफोर्स से विदाई के बाद उन्होंने कॉरपोरेट और दूसरे प्रोफेशनल क्षेत्रों में काम किया.
ये काम भी करते हैं अनूप वर्मा
एयरफोर्स से रिटायर होने के बाद भी अनूप वर्मा सोशल लाइफ से पूरी तरह दूर नहीं हुए. वह सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय नजर आते हैं और अपने प्रोफाइल के जरिए अपने काम और रुचि के बारे में जानकारी शेयर करते हैं. अपने इंट्रोडक्शन में वह डिफेंस, पॉलिटिक्स, डेटा और एनालिटिक्स से जुड़े होने के साथ खुद को कॉरपोरेट लीडर बताते हैं. उनके प्रोफाइल में आईआईएम लखनऊ और भारतीय वायुसेना से जुड़े होने का भी जिक्र मिलता है.




