कौन है हैरी बॉक्सर, जिसका नाम लेकर तुषार कपूर से मांगे गए 5 करोड़ रुपये, हरिचंद जाट कैसे बना बिश्नोई का करीबी?
अभिनेता तुषार कपूर से हैरी बॉक्सर के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया. क्राइम ब्रांच की टेक्निकल जांच में ऑडियो रिकॉर्डिंग का मिलान हैरी बॉक्सर के सैंपल से नहीं हुआ. पुलिस ने कॉल को फर्जी बताया है.
बॉलीवुड में इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ चल रहा है. मेगास्टार अमिताभ बच्चन का बुलेटप्रूफ शीशे में फैंस से मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद अब एक्टर तुषार कपूर से फोन पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. फोन करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया है.
एक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई. जब क्राइम ब्रॉच की टेक्निकल टीम ने ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच को उसके सैंपल्स हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल्स से मैच नहीं हुए.
पुलिस ने कॉल को बताया 'फर्जी'
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये क़ॉल फर्जी थी. किसी ने डर पैदा करने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया था. फिलहाल, पुलिस उस शख्स की तलाश कर रही है, जिसने ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी.
कौन है हैरी बॉक्सर?
- हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद्र जाट है. वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बंसूर का रहने वाला है. बताया जाता है कि वह पहले जयपुर में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग लेता था.इस वजह से उसे बॉक्सर कहा जाने लगा. उसका सपना सेना या पुलिस में जाने का था.
- हैरी बॉक्सर हरियाणा-पंजाब बेल्ट का एक कुख्यात शूटर है. वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है. उस पर लूट, हत्या, रंगदारी, सुपारी किलिंग और हथियार तस्करी जैसे कई मामले दर्ज हैं. उसे टारगेटेड शूटआउट और सुपारी हत्याओं का मास्टरमाइंड माना जाता है. पुलिस के अनुसार वह 'वन-शॉट मिशन' पर बिना हिचके उतर जाने वाला अपराधी है.
- हैरी बॉक्सर साल 2024 में अवैध रूप से 'डंकी रूट' के जरिए अमेरिका पहुंचा और वहीं से लॉरेन्स बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को संचालित करता है.
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से पहले वह रणवीर सिंह, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी और अन्य कारोबारियों को वॉयस नोट व कॉल के जरिए करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने की धमकियों के मामलों में सुर्खियों में रहा है. भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (Lookout Circular) जारी किया गया है. मुंबई पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में किसका नाम सामने आया था?
18 अक्टूबर को जुहू, मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य रूप से गैंगस्टर अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था. हमले के तुरंत बाद, विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. जांच में सामने आया कि अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है. उसने सलमान खान से नजदीकियों के चलते टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का दावा किया था.




