Delhi weather: दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत, कई राज्यों में आंधी-बारिश से गिर सकता है पारा, जानें अपने शहर का हाल
दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्की ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में यूपी, पंजाब, हरियाणा, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं.
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने थोड़ी राहत दी. सुबह के समय हल्की हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही से तापमान में मामूली गिरावट महसूस की गई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम होगा.
हालांकि यह राहत पूरी तरह आराम देने वाली नहीं होगी. कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और धूल भरी आंधी का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश का अलर्ट
दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी के बाद मौसम अचानक करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार तेज धूल भरी हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. हालांकि तेज हवाओं के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. कई जगहों पर बिजली कटौती और पेड़ों के गिरने जैसी परेशानियां भी सामने आ सकती हैं.
पंजाब-हरियाणा को मिलेगी गर्मी से राहत
पंजाब और हरियाणा में अगले कुछ घंटों में बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं. तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि खराब मौसम का असर खेती और बिजली व्यवस्था पर भी पड़ सकता है. प्रशासन ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में करीब 50 जिलों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है. बुंदेलखंड और पूर्वांचल के इलाकों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है. किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. बारिश के कारण दिन का तापमान कम होगा और रात के मौसम में भी ठंडक महसूस हो सकती है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में लंबे समय से पड़ रही गर्मी के बीच अब मौसम राहत देने की तैयारी में है. राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने खासतौर पर ठनका गिरने को लेकर लोगों को सतर्क किया है. खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में आंधी के साथ हल्की बारिश
राजस्थान में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है. बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर समेत कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है.
जहां बारिश होगी वहां तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन राज्य के कई इलाकों में गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. तेज हवाएं चलने से मौसम में ठंडक महसूस होगी और तापमान कुछ डिग्री तक कम हो सकता है. मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आ सकता है, क्योंकि तेज हवा फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है. देहरादून, नैनीताल और चमोली समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो रही है. मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन भूस्खलन और रास्ते बंद होने जैसी समस्याओं का खतरा भी बना हुआ है.




